
यूपी रोडवेज में 3200 महिला कंडक्टरों की भर्ती जल्द, 25 जुलाई को इन जिलों में लगेंगे रोजगार मेले
यूपी रोडवेज 1800 महिला परिचालकों की भर्ती के बाद 3200 संविदा महिला परिचालकों की और भर्ती करने जा रहा है। इसके लिए 25 जुलाई को सहारनपुर, झांसी, कानपुर, चित्रकूटधाम, बांदा, प्रयागराज में रोजगार मेला लगेगा।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में जल्दी ही 3200 संविदा महिला परिचालकों की और भर्ती की जाएगी। अभी 1800 महिला परिचालकों की भर्ती की गई है। सरकार ने परिवहन निगम में 5000 संविदा महिला परिचालकों की भर्ती करने की घोषणा की थी। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि यह भर्तियां अनुबंध के तहत की जा रही हैं। इसके लिए 25 जुलाई को सहारनपुर, झांसी, कानपुर, चित्रकूटधाम, बांदा, प्रयागराज में रोजगार मेला लगेगा।
शेष 3200 पदों पर भर्ती के लिए 15 से 25 जुलाई के बीच रोजगार मेले का आयोजन परिवहन निगम करने जा रहा है। अनुबंध के लिए महिला अभ्यर्थियों का ग्रामीण आजीविका मिशन एवं कौशल विकास मिशन का सदस्य होना जरूरी है।
एनसीसी बी प्रमाण पत्र, एनएसएस, स्काउट गाइड के राज्य पुरस्कार एवं राष्ट्रपति पुरस्कार पाने वाले अभ्यर्थियों को इंटरमीडिएट के प्राप्तांकों में पांच प्रतिशत का वेटेज भी दिया जाएगा। मंत्री ने बताया कि महिला परिचालकों को संविदा चालकों-परिचालकों के समान भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही महिला अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद वाले डिपो में नियुक्त किया जाएगा।
रोजगार मेले में अपनी शिक्षा से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज अवश्य लेकर जाएं। 10वीं 12वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ईमेल आईडी, पासपोर्ट साइज फोटो ग्राफ की आपको यहां जरूरत हो सकती है। इन जॉब फेयर से संबंधित अन्य किसी भी जानकारी के लिए आप रोजगार संगम की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।





