Hindi Newsकरियर न्यूज़up police vacancy 2026 constable pac jail warder recruitment notification apply online
UP Police Recruitment 2026: 32679 पदों पर भर्ती, दूसरे राज्यों के उम्मीदवार भी करें आवेदन

UP Police Recruitment 2026: 32679 पदों पर भर्ती, दूसरे राज्यों के उम्मीदवार भी करें आवेदन

संक्षेप:

UP Police Vacancy 2026: यूपी पुलिस भर्ती 2026 युवाओं के लिए सुनहरा मौका है, जहां 12वीं पास उम्मीदवार सीमित उम्र में स्थायी सरकारी नौकरी हासिल कर सकते हैं।

Jan 08, 2026 07:53 pm ISTHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

UP Police Vacancy 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। साल 2026 की शुरुआत में ही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने बंपर भर्ती का ऐलान कर दिया है। बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस, पीएसी, जेल वार्डर समेत कुल 32,679 पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। खास बात यह है कि इन पदों के लिए अन्य राज्यों के उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं, जिससे प्रतियोगिता और अवसर दोनों बढ़ गए हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

गौरतलब है कि उम्मीदवारों को आयु सीमा में बड़ी छूट दी गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने स्पष्ट किया है कि इस भर्ती के लिए सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को 3 वर्ष की आयु सीमा में शिथिलीकरण दिया जाएगा, जिसमें होमगार्ड स्वयंसेवक भी शामिल हैं।

UP Police Vacancy 2026: सभी वर्गों के लिए तीन साल की छूट

बोर्ड की ओर से यह जानकारी शासनादेश संख्या I/1194447/6-1001(008)/24/2023 दिनांक 05 जनवरी 2026 के आधार पर दी गई है। पहले इस संबंध में सूचना जारी की गई थी, लेकिन अब साफ कर दिया गया है कि यह आयु छूट सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी समेत सभी वर्गों के साथ-साथ होमगार्ड स्वयंसेवकों पर भी पूरी तरह लागू होगी। इससे वे अभ्यर्थी, जो अब तक आयु सीमा के कारण आवेदन नहीं कर पा रहे थे, उन्हें भी बड़ा अवसर मिल गया है।

इस भर्ती अभियान के तहत यूपी पुलिस में विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसमें आरक्षी नागरिक पुलिस (पुरुष/महिला) के 10,469 पद, आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस (पुरुष) के 15,131 पद, आरक्षी विशेष सुरक्षा बल (पुरुष) के 1,341 पद, महिला बटालियन महिला आरक्षी के 2,282 पद, आरक्षी घुड़सवार पुलिस (पुरुष) के 71 पद, जेल वार्डर (पुरुष) के 3,279 पद और जेल वार्डर (महिला) के 106 पद शामिल हैं।

UP Police Vacancy 2026: 12वीं पास होना अनिवार्य

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो इन सभी पदों के लिए उम्मीदवार का मान्यताप्राप्त बोर्ड या संस्थान से 12वीं पास होना अनिवार्य है। आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट लागू होने के बाद बड़ी संख्या में ऐसे अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका मिलेगा, जो पहले निर्धारित अधिकतम आयु सीमा के कारण बाहर हो रहे थे।

चयन प्रक्रिया पूरी तरह चरणबद्ध होगी। सबसे पहले उम्मीदवारों को ऑफलाइन लिखित परीक्षा देनी होगी, जो दो घंटे की होगी। इस परीक्षा में सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता, मानसिक अभिरुचि, बुद्धिलब्धि एवं तार्किक क्षमता से जुड़े कुल 150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके कुल अंक 300 होंगे। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को आगे दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) से गुजरना होगा।

UP Police Vacancy 2026: कितनी होगी सैलरी?

अंतिम रूप से चयनित उम्मीदवारों को 21,700 रुपये से 69,100 रुपये प्रतिमाह का वेतन दिया जाएगा, साथ ही सरकारी नियमों के अनुसार अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा। इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों को इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा, जिसके लिए 500 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जनवरी 2026 तय की गई है।

इस भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी, आधिकारिक विज्ञप्ति और अपडेट देखने के लिए उम्मीदवारों को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in का नियमित रूप से अवलोकन करने की सलाह दी गई है।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारी लाइव हिन्दुस्तान में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं। वे करियर, एजुकेशन और जॉब्स से जुड़ी खबरें बनाते हैं। यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी, आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं पर इनकी पैनी नजर रहती है। कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक, जामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2016 में इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत की और लाइव हिन्दुस्तान से पहले जी न्यूज, इंडिया टीवी और एबीपी न्यूज जैसे बड़े मीडिया हाउस में काम कर चुके हैं। करियर, एजुकेशन और जॉब्स के अलावा हिमांशु को राजनीति, देश-विदेश, रिसर्च और मनोरंजन बीट का भी अनुभव है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।