
UP Police Bharti : यूपी पुलिस भर्ती में चयनित महिलाओं का वर्दी से मोह भंग, बीच ट्रेनिंग में 37 का इस्तीफा
संक्षेप: UP Police Bharti : गोरखपुर पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 37 महिला रिक्रूटों ने ट्रेनिंग के बीच ही एक के बाद एक कर इस्तीफा दे दिया। कई प्रशिक्षुओं को अन्य विभागों में नौकरी के ऑफर मिल गए हैं।
UPP UP Police Constable Bharti : सरकारी नौकरी न मिलने की शिकायतें जहां अक्सर सुनाई देती हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसे युवा भी हैं जो एक साथ कई नौकरियां हासिल कर रहे हैं। खासकर युवतियों में यह रुझान तेजी से बढ़ रहा है। हाल ही में यूपी पुलिस भर्ती में महिला कांस्टेबल के रूप में चयनित कई प्रशिक्षु युवतियों को अन्य विभागों में नौकरी के अवसर मिल गए। बेहतर करियर विकल्प मिलने पर उनका वर्दी से मोहभंग हो गया। उन्होंने पुलिस सेवा से खुद को अलग कर लिया। इसी वजह से गोरखपुर पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 37 महिला रिक्रूटों ने ट्रेनिंग के बीच ही एक के बाद एक कर इस्तीफा दे दिया।

जानकारी के मुताबिक, इन महिला आरक्षियों को 15 जून को नियुक्ति पत्र मिला था, जिसके बाद तुरंत पुलिस लाइन में ट्रेनिंग शुरू हो गई थी। प्रशिक्षण के दौरान इन महिलाओं ने फिजिकल, ड्रिल, कानून व्यवस्था और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया था। लेकिन इसी बीच कई प्रशिक्षुओं को अन्य विभागों जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और केंद्रीय सेवाओं में नौकरी का अवसर मिल गया। इन रिक्रूटों ने पहले से नौकरी से जुड़ी कई परीक्षा में हिस्सा लिया था। उसका परिणाम निकलने पर उन्होंने दूसरी नौकरी का चयन कर लिया।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि इन महिला रिक्रूटों ने नई नौकरी को पुलिस सेवा की तुलना में बेहतर करियर विकल्प मानते हुए इस्तीफा देना उचित समझा। प्रशिक्षण विभाग ने सभी के आवेदन मुख्यालय भेज दिए हैं और औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की स्थिति नई नहीं है। कई बार प्रशिक्षु नियुक्ति के बाद अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित हो जाते हैं और वहां ज्वाइन कर लेते हैं। वहीं पुलिस अफसरों का कहना है कि अन्य रिक्रूटों की ट्रेनिंग नियमानुसार कराई जा रही है।
504 महिला रिक्रूटों का चल रहा प्रशिक्षण
गोरखपुर पुलिस लाइन के अधिकारियों ने बताया कि गोरखपुर पुलिस लाइंस में 504 महिला रिक्रूटों का प्रशिक्षण शुरू किया गया है। 15 अक्टूबर तक इनमें से 37 महिला रिक्रूट इस्तीफा दे चुकी हैं। शेष प्रशिक्षु अपनी ट्रेनिंग पूरी कर रही हैं। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद दीक्षांत समारोह होगा और फील्ड में उनकी पोस्टिंग की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि 37 महिला रिक्रूटों का इस्तीफा एक साथ नहीं बल्कि अलग-अलग समय पर हुआ है। इस्तीफा देना उनका ‘स्वैच्छिक निर्णय’ रहा है।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने कहा, 'गोरखपुर पुलिस लाइंस में ट्रनिंग दे रही 37 महिला रिक्रूट अब तक इस्तीफा दे चुकी हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में नौकरी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस की नौकरी से इस्तीफा दिया है। अन्य रिक्रूटों की ट्रेनिंग कराई जा रही है।'





