यूपी नीट यूजी राउंड 1 की काउंसलिंग रद्द, MBBS और BDS के दाखिले भी कैंसिल
UP NEET UG Counselling 2026 : यूपी में नीट यूजी 2026 के तहत एमबीबीएस और बीडीएस कोर्सों में दाखिले के लिए कराई गई पहले चरण की काउंसलिंग रद्द कर दी गई है। अलॉट हईं एमबीबीएस बीडीएस सीटें व उन पर दाखिले भी कैंसिल हो गए हैं।

UP NEET UG Counselling 2026 : यूपी में नीट यूजी-2026 के तहत एमबीबीएस और बीडीएस कोर्सों में प्रवेश के लिए कराई गई पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग निरस्त कर दी गई है। अब इसे दोबारा कराया जाएगा। पहले चरण की काउंसलिंग में मेडिकल कॉलेज का अलॉटमेंट पाने वाले अभ्यर्थियों को इससे झटका लगा है। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के 16 सितंबर को जारी आदेश के अनुपालन में चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय ने पहले चरण की काउंसलिंग की संशोधित समय-सारणी जारी कर दी है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन च्वाइस भरने की प्रक्रिया शुक्रवार शाम 5 बजे से शुरू हो गई, जो 21 सितंबर को शाम 5 बजे तक चलेगी। 22 सितंबर को सीट आवंटन घोषित किया जाएगा। सीट पाने वाले अभ्यर्थी 23 से 26 सितंबर के बीच आवंटन पत्र डाउनलोड कर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। यह संशोधित शेड्यूल प्रदेश के सरकारी एवं निजी मेडिकल एवं डेंटल कॉलेजों, संस्थानों, मेडिकल विश्वविद्यालयों में एमबीबीएस व बीडीएस कोर्सेज की स्टेट कोटे की सीटों पर दाखिले के लिए लागू होगा। अन्य सभी नियम व शर्तें पहले जैसे रहेंगे।
सात सितंबर का सीट आवंटन अमान्य
महानिदेशालय की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सात सितंबर के सीट आवंटन को अमान्य माना जाएगा। इसमें आवंटन पाने वाले अभ्यर्थियों को संशोधित प्रथम चरण की काउंसलिंग में निर्धारित अवधि में फिर से च्वाइस भरने के साथ लॉक करनी होगी। नई काउंसलिंग में च्वाइस फिलिंग प्रथम चरण के लिए पहले से जारी मेरिट सूची के आधार पर होगी।
यूपी नीट यूजी काउंसलिंग 2026 उत्तर प्रदेश के सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में 85% MBBS और BDS सीटें देने के लिए एक स्टेट लेवल काउंसलिंग प्रोसेस है। सभी पात्र अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट https://upneet.gov.in पर लॉगिन करके काउंसलिंग चॉइस फिलिंग प्रक्रिया पूरी करनी होगी
सिक्योरिटी राशि ट्यूशन फीस में एडजस्ट नहीं की जाएगी। भुगतान के लिए अभ्यर्थी को स्वयं के बैंक खाते का उपयोग करना चाहिए, क्योंकि काउंसलिंग समाप्त होने के बाद अनावंटित (जिन्हें सीट नहीं मिली) और प्रवेश ले चुके अभ्यर्थियों की सुरक्षा राशि इसी खाते में वापस की जाएगी
फ्री एग्जिट (Free Exit): पहले राउंड की काउंसलिंग में आवंटित सीट पर प्रवेश न लेने की स्थिति में 'फ्री एग्जिट' की सुविधा मिलेगी, यानी अभ्यर्थी की धरोहर धनराशि वापस कर दी जाएगी। ऐसे अभ्यर्थी द्वितीय या तृतीय चक्र की काउंसलिंग में फिर से ले सकते हैं।
च्वाइस लॉक करना अनिवार्य है; यदि अभ्यर्थी अपनी च्वाइस लॉक नहीं करता है, तो वह स्वतः ही आवंटन प्रक्रिया से बाहर हो जाएगा। लॉक करने के बाद च्वाइस में किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा।
एडमिशन
राजकीय कॉलेजों में सीट आवंटित होने पर एडमिशन प्रक्रिया सीधे आवंटित कॉलेज में पूरी होगी।
निजी कॉलेजों में सीट आवंटित होने पर प्रवेश प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित नोडल सेंटर पर संपन्न कराई जाएगी।

