यूपी नीट काउंसलिंग वेबसाइट न खुलने से 11 हजार छात्र परेशान, च्वाइस फिलिंग में आ रही भारी दिक्कत
नीट यूजी 2026 की काउंसलिंग में तकनीकी खराबी के चलते 11 हजार एमबीबीएस और बीडीएस अभ्यर्थी परेशान हैं। च्वाइस फिलिंग का लिंक न खुलने और हेल्पलाइन से मदद न मिलने पर छात्रों ने शिकायत दर्ज कराई है।

नीट यूजी-2026 की काउंसलिंग में होने वाले हजारों छात्र अफसरशाही की लापरवाही का शिकार हो रहे हैं। पहले चरण की काउंसलिंग में सीट आवंटित करा चुके एमबीबीएस और बीडीएस के तकरीबन 11 हजार अभ्यर्थियों को इसी लापरवाही के चलते दोबारा काउंसलिंग में शामिल होना पड़ रहा है। ऐसे छात्रों और उनके अभिभावकों की मानें तो न तो चिकित्सा शिक्षा महानिदेशालय की वेबसाइट पर च्वाइस फिलिंग का लिंक खुल रहा है और न ही हेल्पलाइन नंबरों पर ही कोई संपर्क हो पा रहा है।
लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर सहित कई जिलों के अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों ने शनिवार शाम हिन्दुस्तान अखबार के दफ्तर में फोन करके शिकायत दर्ज कराई कि न वेबसाइट पर च्वाइस फिलिंग हो पा रही है और न ही हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क।
शनिवार को दिनभर अभ्यर्थी काउंसलिंग की वेबसाइट पर च्वाइस फिलिंग का लिंक न खुलने से परेशान रहे। डीजीएमई नेहा शर्मा ने इतना ही कहा कि वेबसाइट को सिंक्रोनाइज किया जा रहा है। आदेश मिलते ही जल्द ही यह खुल जाएगी।
यूपी नीट यूजी काउंसलिंग 2026 उत्तर प्रदेश के सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में 85% MBBS और BDS सीटें देने के लिए एक स्टेट लेवल काउंसलिंग प्रोसेस है। सभी पात्र अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट https://upneet.gov.in पर लॉगिन करके काउंसलिंग चॉइस फिलिंग प्रक्रिया पूरी करनी होगी
सिक्योरिटी राशि ट्यूशन फीस में एडजस्ट नहीं की जाएगी। भुगतान के लिए अभ्यर्थी को स्वयं के बैंक खाते का उपयोग करना चाहिए, क्योंकि काउंसलिंग समाप्त होने के बाद अनावंटित (जिन्हें सीट नहीं मिली) और प्रवेश ले चुके अभ्यर्थियों की सुरक्षा राशि इसी खाते में वापस की जाएगी।
फ्री एग्जिट, च्वाइस लॉकिंग और एडमिशन की प्रमुख शर्तें
पहला चरण अभ्यर्थियों को विशेष सुविधा देता है; अगर राउंड-1 में आवंटित सीट पर अभ्यर्थी एडमिशन नहीं लेता है, तो उसे 'फ्री एग्जिट' का लाभ मिलेगा और उसकी धनराशि वापस कर दी जाएगी। ऐसे उम्मीदवार बिना किसी नुकसान के दूसरे या तीसरे राउंड की काउंसलिंग में दोबारा भाग ले सकते हैं। हालांकि, प्रक्रिया में शामिल होने के लिए च्वाइस लॉक करना पूरी तरह अनिवार्य है। यदि कोई अभ्यर्थी समय रहते अपनी च्वाइस लॉक नहीं करता है, तो वह स्वतः ही आवंटन प्रक्रिया से बाहर हो जाएगा। ध्यान रहे कि एक बार च्वाइस लॉक हो जाने के बाद उसमें कोई बदलाव संभव नहीं होगा।
कॉलेज आवंटन और दाखिले की व्यवस्था
काउंसलिंग के माध्यम से सीट आवंटित होने के बाद दाखिले की प्रक्रिया कॉलेज के प्रकार पर निर्भर करेगी। यदि किसी अभ्यर्थी को राजकीय सरकारी कॉलेज आवंटित होता है, तो उसे एडमिशन की सभी औपचारिकताएं सीधे उसी संबंधित कॉलेज में जाकर पूरी करनी होंगी। वहीं दूसरी ओर, यदि अभ्यर्थी को किसी प्राइवेट कॉलेज में सीट मिलती है, तो एडमिशन की पूरी प्रक्रिया शासन द्वारा तय किए गए नोडल सेंटर पर संपन्न कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आवंटन फॉर्म मिलने के बाद अपने सभी ओरिजनल डॉक्यूमेंट के साथ निर्धारित स्थान पर समय से पहुंचे।

