
UP NEET UG 2025: राउंड-5 काउंसलिंग का मेरिट लिस्ट जारी, 281 छात्रों को मिला मौका
यूपी नीट यूजी काउंसलिंग 2025 के बीडीएस राउंड-5 की मेरिट लिस्ट जारी। 281 उम्मीदवारों का चयन, 113 से 511 अंक वालों को स्टेट कोटा डेंटल सीट के लिए मौका।
UP NEET UG 2025: उत्तर प्रदेश में डेंटल की पढ़ाई का सपना देख रहे छात्रों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। डायरेक्टरेट ऑफ मेडिकल एजुकेशन, उत्तर प्रदेश ने यूपी नीट यूजी काउंसलिंग 2025 के तहत बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी यानी बीडीएस पाठ्यक्रम के लिए राउंड-5 की मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची के जारी होने के बाद हजारों अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश की स्थिति स्पष्ट रूप से समझने का मौका मिल गया है।
पांचवें राउंड की इस स्टेट काउंसलिंग मेरिट लिस्ट में कुल करीब 281 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। इस राउंड में उन्हीं छात्रों को मौका मिला है, जिनके नीट यूजी में 113 से लेकर 511 अंकों के बीच अंक आए हैं। ये सभी अभ्यर्थी राज्य कोटे के तहत डेंटल सीटों के लिए प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं। खास बात यह है कि यह राउंड उन छात्रों के लिए उम्मीद लेकर आया है, जिन्हें पहले के राउंड में सीट नहीं मिल पाई थी।
UP NEET UG 2025: ऐसे देखें राउंड-5 की मेरिट लिस्ट
छात्र यूपी नीट यूजी काउंसलिंग की आधिकारिक वेबसाइट upneet.gov.in पर जाकर राउंड-5 की मेरिट लिस्ट देख सकते हैं। वेबसाइट के होमपेज पर “लेटेस्ट अपडेट्स” सेक्शन में जाकर “यूपी स्टेट मेरिट लिस्ट ऑफ नीट यूजी बीडीएस फिफ्थ राउंड 2025” लिंक पर क्लिक करने से पीडीएफ फाइल खुलेगी। इसमें अभ्यर्थी अपने नाम या रोल नंबर से आसानी से जानकारी तलाश सकते हैं और भविष्य के लिए सूची डाउनलोड कर सकते हैं।
काउंसलिंग प्रक्रिया को पूरा करने के लिए सुरक्षा जमा राशि और पंजीकरण शुल्क भी तय किया गया है। सरकारी डेंटल कॉलेजों के लिए 30 हजार रुपये की सुरक्षा राशि जमा करनी होगी, जबकि निजी डेंटल कॉलेजों के लिए यह राशि 1 लाख रुपये रखी गई है। राउंड-5 में नए पंजीकरण कराने वाले छात्रों के लिए 2 हजार रुपये का पंजीकरण शुल्क निर्धारित है।
UP NEET UG 2025: इन बातों का रखें ध्यान
दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को कक्षा दसवीं और बारहवीं की अंकतालिका व प्रमाण पत्र, नीट यूजी का प्रवेश पत्र और स्कोर कार्ड, आरक्षण प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे आगे की सभी सूचनाओं और शेड्यूल के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव




