चौथी कक्षा में हिंदी छोड़ सभी विषयों में फेल, IIT से पढ़कर यूपी के प्रशांत ने जीता 10 लाख का राष्ट्रीय पुरस्कार
कभी चौथी कक्षा में हिंदी को छोड़कर लगभग हर विषय में फेल होने वाले प्रशांत आज हजारों नहीं बल्कि लाखों ग्रामीण विद्यार्थियों को तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की शिक्षा दे रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के प्रशांत चौधरी इस बात का जीता जागता सबूत हैं कामयाबी और प्रतिभा किसी भाषा, डिग्री, पारिवारिक पृष्ठभूमिक या संसाधन की मोहताज नहीं होती। यूपी में मेरठ के एक छोटे से गांव के रहने वाले प्रशांत चौधरी ने साबित कर दिखाया है कि बदलाव लाने के लिए हमेशा भारी भरकम धनराशि या संसाधनों की जरूरत नहीं होती। प्रशांत चौथी कक्षा में हिंदी को छोड़कर लगभग हर विषय में फेल होते थे। लेकिन कुछ कर गुजरने के जुनून और मेहनत के दम वह आईआईटी में दाखिला लेने वाले अपने गांव के पहले शख्स बने। उनके गांव में किसी ने IIT में दाखिला नहीं लिया था। साल 2010 में प्रशांत इस मुकाम तक पहुंचने वाले गांव के पहले युवा बने। लेकिन उनकी सफलता की कहानी सिर्फ IIT तक पहुंचने की नहीं है बल्कि उन लाखों बच्चों के लिए शिक्षा के नए रास्ते खोलने की है जिनके पास कंप्यूटर, लैब और इंग्लिश मीडियम से पढ़ने की सुविधाएं नहीं हैं। अब ग्रामीण विकास में योगदान के लिए 39 वर्षीय प्रशांत को पांचवें रोहिणी नैय्यर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस पुरस्कार के तहत उन्हें 10 लाख रुपये की नकद राशि दी गई। इसके अलावा प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी भी मिले।
आज प्रशांत की संस्था कोडयोगी फाउंडेशन (CodeYogi Foundation) 9 राज्यों के 120 जिलों में 3.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंच चुकी है। संगठन की योजना अगले तीन वर्षों में सरकारी साझेदारियों से पांच मिलियन यानी 50 लाख विद्यार्थियों तक पहुंचने की है। प्रशांत का मानना है कि ग्रामीण भारत में असाधारण प्रतिभाएं मौजूद हैं। जरूरत सिर्फ उन्हें सही दिशा और अवसर देने की है।
चौथी कक्षा में हिंदी को छोड़कर सभी विषयों में हो रहे थे फेल
प्रशांत चौधरी का बचपन मेरठ के पास भगवानपुर गांव में बीता। जब वह चौथी कक्षा में थे, तब उन्होंने हिंदी मीडियम स्कूल से इंग्लिश मीडियम स्कूल में एडमिशन लिया था। किताबें अंग्रेजी में थीं जबकि शिक्षक भाषा की परेशानी को दूर करने के लिए अक्सर हिंदी में समझाते थे। इसके बावजूद प्रशांत पढ़ाई में पिछड़ रहे थे। हिंदी को छोड़कर लगभग हर विषय में उनके नंबर खराब आ रहे थे। उन्हें लगने लगा था कि शायद उन्हें एक ही कक्षा में दोबारा पढ़ना पड़ेगा।
एक महिला टीचर ने बदली जिंदगी, प्रशांत को बताया साइंटिस्ट
इसी दौरान स्कूल में साइंस की टीचर मीता सिंह आईं। वह कक्षा में कॉफी बाइट टॉफियां लेकर आती थीं और उनसे सवाल पूछतीं और सही जवाब देने पर उन्हें प्रोत्साहित करती थीं। धीरे-धीरे प्रशांत भी कक्षा में एक्टिव छात्र की तरह उबरकर आने लगे। जिन सवालों के जवाब देने में दूसरे विद्यार्थी असफल रहते, शिक्षिका उन सवालों को प्रशांत से पूछतीं। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ने लगा और विज्ञान में उनकी रुचि विकसित होने लगी। जब दूसरे विद्यार्थी सवालों के जवाब नहीं दे पाते थे तो उनके जवाब प्रशांत दे दिया करते थे। फिर एक दिन मीता सिंह ने घोषणा की कि इस पूरी क्लास में केवल एक वैज्ञानिक है।
यह बात प्रशांत के मन में गहराई तक बैठ गई। जिस बच्चे को कुछ समय पहले तक लगता था कि वह पढ़ाई में कमजोर है उसे पहली बार महसूस हुआ कि उसमें भी कुछ खास करने की क्षमता है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक आज करीब तीन दशक बाद प्रशांत कहते हैं, "मैं मीता सिंह जैसा बनना चाहता था। जिस तरह उन्होंने मेरी मदद की, उसी तरह मैं भी दूसरों की मदद करना चाहता हूं।"
अखबार में IIT के बारे में पढ़ा, गांव के पहले युवा बने आईआईटीयन
प्रशांत की जिंदगी में अगला बड़ा बदलाव तब आया जब वह 11वीं कक्षा में थे। एक दिन उन्होंने अखबार में IIT के बारे में पढ़ा। यहीं से उनके मन में देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान में पढ़ने का सपना पैदा हुआ। लगातार मेहनत और पढ़ाई के दम पर उन्होंने IIT दिल्ली में दाखिला हासिल किया। साल 2010 में इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। वह अपने गांव से IIT में दाखिला लेने वाले पहले विद्यार्थी बने। IIT से निकलने के बाद उन्होंने सॉफ्टवेयर क्षेत्र में नौकरी शुरू की। इसी दौरान उनके एक सहकर्मी ने उनकी सोच को एक नया नजरिया दिया। वह सहकर्मी BA की पढ़ाई बीच में छोड़ चुके थे, लेकिन उन्होंने खुद से कोडिंग सीखी थी और इसी स्किल के दम पर सॉफ्टवेयर क्षेत्र में काम कर रहे थे।
प्रशांत को एहसास हुआ कि सफलता के लिए केवल बड़ी डिग्री या प्रतिष्ठित संस्थान जरूरी नहीं हैं। सही प्रैक्टिकल ज्ञान और स्किल हो तो सामान्य पृष्ठभूमि का युवा भी तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ सकता है।
कंपनी बनाई, ट्रेनिंग दी, 6 से 8 लाख रुपये तक के पैकेज वाली नौकरियां दिलवाईं
साल 2012 में प्रशांत ने अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को कोडिंग सिखाना शुरू किया। बाद में उन्होंने गाजियाबाद के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में iOS डेवलपमेंट की कक्षाएं शुरू कीं। साल 2016 में उन्होंने DevsLane नाम से सॉफ्टवेयर सर्विस कंपनी की स्थापना की। उन्होंने अपने ही विद्यार्थियों को कंपनी में नौकरी दी और धीरे-धीरे कारोबार का विस्तार किया। उनकी कंपनी का सालाना राजस्व 20 लाख डॉलर यानी करीब 2 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया। शुरुआत में उनकी संस्था लगभग 1,000 विद्यार्थियों के बैच के लिए छह महीने के ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाती थी। इनमें कई ऐसे युवा भी शामिल थे, जो पहले मैकेनिक, वेल्डर और प्लंबर के रूप में काम करते थे। प्रशिक्षण पूरा करने वाले 80 फीसदी से अधिक विद्यार्थियों को सालाना 6 से 8 लाख रुपये तक के पैकेज वाली नौकरियां मिलीं।
2020 में बनाया कोडयोगी
साल 2020 में प्रशांत ने कंपनी से अलग होने का फैसला किया और इसे अपने दो विद्यार्थियों को सौंप दिया। कंपनी से मिले पैसों का इस्तेमाल उन्होंने CodeYogi को आगे बढ़ाने में किया। अक्टूबर 2025 में उन्होंने इसे एक गैर-लाभकारी कंपनी के रूप में पंजीकृत कराया।
कंप्यूटर लैब की परेशानी ने बदल दिया पढ़ाने का तरीका
CodeYogi के शुरुआती कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को कंप्यूटर के माध्यम से कोडिंग सिखाई जाती थी। लेकिन ग्रामीण और सरकारी संस्थानों में कंप्यूटर लैब की स्थिति बड़ी चुनौती बन गई। कई जगह कंप्यूटर खराब थे और बिजली की आपूर्ति भी नियमित नहीं थी। प्रशांत ने महसूस किया कि जब तक कंप्यूटर और लैब की सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी, तब तक बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यार्थी तकनीकी शिक्षा से वंचित रहेंगे। साल 2023 में उन्होंने इस समस्या का समाधान स्मार्टफोन के रूप में खोजा। मध्य प्रदेश के देवास में 16,500 विद्यार्थियों के साथ किए गए एक पायलट कार्यक्रम ने साबित कर दिया कि बच्चे कंप्यूटर के बजाय अपने स्मार्टफोन से भी कोडिंग सीख सकते हैं। इस प्रयोग की सफलता के बाद CodeYogi का विस्तार तेजी से हुआ। साल 2024 तक यह कार्यक्रम 3.5 लाख विद्यार्थियों तक पहुंच गया।
अब कोडिंग की जगह AI की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग पर जोर
जनरेटिव एआई के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए CodeYogi ने अपने पारंपरिक कोडिंग कोर्स को बदलकर 30 दिनों का प्रायोगिक एआई फ्लूएंसी प्रोग्राम शुरू किया। इसमें विद्यार्थियों को एआई टूल्स का इस्तेमाल करना, उनकी उपयोगिता समझना और पढ़ाई से जुड़े कामों में उनका सही उपयोग करना सिखाया जाता है। अब तक एक लाख से अधिक विद्यार्थी इस कार्यक्रम के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।


