Hindi Newsकरियर न्यूज़UP Lekhpal Vacancy : UP Lekhpal recruitment ne notification soon CM Yogi Adityanath issued warning on reservation
UP Lekhpal Vacancy : यूपी लेखपाल भर्ती का नया विज्ञापन जारी करने की तैयारी, गड़बड़ी पर सीएम योगी ने दी चेतावनी

UP Lekhpal Vacancy : यूपी लेखपाल भर्ती का नया विज्ञापन जारी करने की तैयारी, गड़बड़ी पर सीएम योगी ने दी चेतावनी

संक्षेप:

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने लेखपाल भर्ती पर राजस्व परिषद को कड़ी चेतावनी दी है कि आरक्षण प्रावधानों में कोई भी गलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लेखपाल भर्ती नोटिफिकेशन के मुताबिक 7994 पदों के लिए 29 दिसंबर से आवेदन शुरू होने हैं।

Dec 20, 2025 08:32 am ISTPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, विशेष संवाददाता, लखनऊ
share Share
Follow Us on

यूपी में राजस्व लेखपाल भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्व परिषद को कड़ी चेतावनी दी है कि आरक्षण प्रावधानों में किसी भी प्रकार की त्रुटि, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री के स्पष्ट हस्तक्षेप के बाद राजस्व परिषद अब श्रेणीवार रिक्तियों के आंकड़ों की दोबारा समीक्षा कर रहा है और संशोधित अधियाचन तैयार कर उसे एक सप्ताह के भीतर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ( UPSSSC ) को भेजने की तैयारी कर रहा है ताकि भर्ती पूरी तरह नियमसम्मत और आरक्षण प्रावधानों के साथ आगे बढ़े। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के लेखपाल भर्ती नोटिफिकेशन के मुताबिक 7994 पदों के लिए 29 दिसंबर से आवेदन शुरू होने हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि सरकारी भर्तियों में आरक्षण व्यवस्था का अक्षरशः पालन अनिवार्य है। लंबवत और क्षैतिज दोनों तरह के आरक्षण का सम्मान न केवल कानूनी दायित्व है बल्कि सामाजिक न्याय की मूल भावना भी है। उन्होंने सभी विभागों को चेतावनी दी है कि आरक्षण से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की विसंगति पर जवाबदेही तय की जाएगी। बता दें कि राजस्व लेखपाल के 7,994 पदों के लिए 16 दिसंबर 2025 को जारी विज्ञापन के बाद यह तथ्य सामने आया कि जनपदों से भेजे गए श्रेणीवार आंकड़ों में विसंगतियां थीं। अब राजस्व परिषद श्रेणीवार कार्यरत एवं रिक्त पदों की गणना को पुनः सत्यापित कर रहा है, ताकि संशोधित अधियाचन त्रुटिरहित स्वरूप में आयोग को भेजा जा सके।

राजस्व परिषद की सचिव कंचन वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद परिषद ने प्राथमिकता से सभी आंकड़ों की समीक्षा प्रारंभ कर दी है। उन्होंने कहा कि संशोधित अधियाचन आयोग को भेजे जाने के उपरांत लेखपाल भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, विवाद-मुक्त और आरक्षण प्रावधानों के पूर्ण अनुपालन के साथ आगे बढ़ेगी।

प्रदेश सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि आरक्षण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी, विसंगतियों पर कड़ी कार्रवाई अनिवार्य है, और युवाओं के भविष्य से जुड़ी भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और कानून सम्मत आचरण सर्वोच्च प्राथमिकता है। लेखपाल भर्ती में हुआ यह हस्तक्षेप न केवल वर्तमान प्रक्रिया को सुधारने वाला कदम है, बल्कि आने वाली सभी भर्तियों के लिए भी सख्त संदेश है कि आरक्षण संबंधी नियमों के पालन में जरा भी ढिलाई नहीं चलेगी।

क्या है आपत्ति

लेखपाल भर्ती के अभ्यर्थियों का कहना है कि विज्ञापन में आरक्षण की अनदेखी की गई है। इसमें ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 27 प्रतिशत की जगह 18 फीसदी आरक्षण दिया गया है। कुल 7994 पदों में से ओबीसी वर्ग की 2158 सीटें होनी चाहिए थी लेकिन आयोग ने 1441 पद ही दिए हैं जो की 717 पद कम है। इसी प्रकार से अनुसूचित जाति को 21 प्रतिशत की जगह 18 फीसदी आरक्षण ही दिया गया है। ईडब्ल्यूएस को 10 प्रतिशत की जगह 12.18 फीसदी आरक्षण दिया है। अनुसूचित जनजाति को दो प्रतिशत के स्थान पर 1.87 फीसदी आरक्षण दिया है। अनारक्षित वर्ग के लिए सीटों की संख्या 52.12 फीसदी है।

ये भी पढ़ें:यूपी में लेखपाल के 7994 पदों पर निकली भर्ती, योग्यता व चयन समेत 10 खास बातें

यूपी लेखपाल भर्ती के सिलेबस से मैथ्स हटा, और क्या बदला; UPSSSC PET का कितना स्कोर सेफ

इस बार यूपी लेखपाल भर्ती का सिलेबस पूरी तरह बदल दिया गया है। अब अभ्यर्थियों को नए पैटर्न पर तैयारी और मेहनत करनी होगी। नई तरह से पढ़ाई शुरू करनी होगी। अब ग्राम्य समाज से 5 मार्क्स ( 5 प्रश्न) का ही पेपर आएगा। जबकि पहले 2022 की भर्ती में ग्राम्य समाज एवं विकास के विषय से 25-25 सवाल पूछे गए थे। वहीं इस बार एक बड़े बदलाव के तहत मैथ्स हटा दिया गया है। हालांकि डीआई शामिल रहेगा। डीआई से 10 अंक के 10 प्रश्न आएंगे। अब कंप्यूटर आईटी , यूपी जीके को सिलेबस में जगह दी गई है जो पहले नहीं थे। हिंदी का रोल घटा दिया गया है। पहले सामान्य हिंदी से 25 अंक का आता था, अब इससे 10 अंक का आएगा।

क्या है लेखपाल लिखित परीक्षा का सिलेबस

इसमें भारत का इतिहास एवं भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन, भारतीय राजव्यवस्था एवं भारतीय संविधान, भारत एवं विश्व भूगोल, अर्थव्यवस्था एवं सामाजिक विकास, ग्राम्य समाज एवं विकास, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय महत्व की समसामयिक घटनाएं व विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े पांच-पांच अंक के सवाल पूछे जाएंगे। पर्यावरण पारिस्थितिकी एवं आपदा प्रबंधन, डाटा इंटरप्रिटेशन व सामान्य हिंदी 10-10 अंक, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी की अवधारणाओं एवं इस क्षेत्र में समसामयिक प्रौद्योगिकी विकास एवं नवाचार का ज्ञान 15 अंक और उत्तर प्रदेश राज्य से संबंधित सामान्य जानकारी से जुड़े 20 अंक के सवाल पूछे जाएंगे।

पीईटी का कितना स्कोर रहेगा सेफ ( UP )

लाखों युवाओं को अब यह सवाल परेशान कर रहा है कि पीईटी का कितना स्कोर (नॉर्मलाइज्ड स्कोर) उनके लिए लेखपाल भर्ती में सेफ रहेगा। कितने पीईटी स्कोर पर उन्हें लेखपाल मुख्य परीक्षा में बैठने की इजाजत मिल जाएगी। वर्ष 2022 में लेखपाल के 8085 पदों पर भर्ती निकली थी जिसके लिए करीब 14 लाख आवेदन आए थे। इस बार भी लाखों आवेदन आने की उम्मीद है। सवाल सिर्फ यह है कि मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट होने की कटऑफ क्या रह सकती है।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक पिछली लेखपाल भर्ती में मुख्य परीक्षा के लिए अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 62.96 रही थी। इस बार भी यह 62 के आसपास रह सकती है क्योंकि पदों की संख्या करीब करीब पहले जितनी है। एससी के लिए 60, एसटी की 45, ओबीसी के लिए 62 और ईडब्ल्यूएस की 62 रह सकती है।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay
पंकज विजय लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर हैं। यहां वह करियर, एजुकेशन, जॉब्स से जुड़ी खबरें देखते हैं। पंकज को पत्रकारिता में डेढ़ दशक से ज्यादा का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने एनडीटीवी डिजिटल, आजतक डिजिटल, अमर उजाला समाचार पत्र में काम किया। करियर-एजुकेशन-जॉब्स के अलावा वह विभिन्न संस्थानों में देश-विदेश, राजनीति, रिसर्च व धर्म से जुड़ी बीट पर भी काम कर चुके हैं। भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा व डीयू से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।