यूपी आईटीआई सेकेंड फेज का रिजल्ट जारी, 17 सितंबर तक ले सकते हैं एडमिशन
राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया शनिवार 12 सितंबर से शुरू होगी। चयनित अभ्यर्थी 17 सितंबर की रात 12 बजे तक प्रवेश ले सकेंगे।

अगर आप यूपी आईटीआई में एडमिशन के लिए दूसरे फेज के रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है। क्योंकि उत्तर प्रदेश के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में प्रवेश के लिए सेकेंड फेज का रिजल्ट जारी कर दिया है। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट पर scvtup.in पर जाकर चेक कर सकते हैं।
कब तक होगा दूसरे चरण के लिए एडमिशन
राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया शनिवार 12 सितंबर से शुरू होगी। चयनित अभ्यर्थी 17 सितंबर की रात 12 बजे तक प्रवेश ले सकेंगे। इस दौरान अवकाश के दिनों में भी संस्थान खुले रहेंगे। दूसरे चरण के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है।
क्या-क्या लगेगा डॉक्यूमेंट्स
नोडल प्रधानाचार्य अनूप सिंह ने बताया कि सत्र 2026-27 प्रथम वर्ष और 2026-28 द्वितीय वर्ष के लिए प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। अभ्यर्थी राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद की वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को प्रवेश के समय बुलावा पत्र, ऑनलाइन आवेदन की प्रति, सभी मूल प्रमाणपत्र और उनकी छायाप्रति, अंतिम शिक्षण संस्थान की मूल स्थानांतरण प्रमाणपत्र, पुलिस सत्यापन के ऑनलाइन आवेदन की प्रति और चार फोटो लेकर संबंधित संस्थान पहुंचना होगा।
कैसे चेक करें यूपी आईटीआई दूसरे चरण का रिजल्ट
1.उम्मीदवार को सबसे पहले scvtup.in पर जाना होगा।
2. अब होमपेज पर जाकर प्रवेश 2026 का द्वितीय आवंटन परिणाम (राजकीय आई.टी.आई.) लिंक पर क्लिक करें।
3. इसके बाद यहां अपना रजिस्ट्रेशन नंबर व डेट ऑफ बर्थ दर्ज करें।
4. कुछ ही देर में रिजल्ट आपके स्क्रीन पर दिखाई देगा।
5. नीचे डाउनलोड पर क्लिक कर इसे अपने डेक्सटॉप पर सेव कर लें।
गुरुग्राम में वंचित छात्रों के लिए मौका
वहीं, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिले से वंचित रह गए युवाओं के लिए राहत की खबर है। काउंसलिंग और सीट अलॉटमेंट के बाद विभिन्न ट्रेड में खाली रह गई सीटों को भरने के लिए विभाग ने एक बार फिर दाखिला प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 19 सितंबर तक ऑनलाइन पोर्टल खुला रहेगा।
दाखिले की प्रक्रिया
जिले में नौ सरकारी और 10 निजी आईटीआई संचालित हो रहे हैं। इनमें युवाओं को विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाता है। मिशन एडमिशन के तहत दो जुलाई से दाखिला प्रक्रिया चल रही है। कई चरणों की काउंसलिंग और सीट अलॉटमेंट के बावजूद कुछ ट्रेड में सीटें खाली रह गई हैं। विभाग का प्रयास है कि इन सीटों को भरकर अधिक से अधिक युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण का अवसर दिया जाए।
मेरिट के आधार पर आवंटन
दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी पोर्टल पर उपलब्ध रिक्त सीटों की जानकारी देखकर अपनी पसंद के ट्रेड के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के बाद निर्धारित नियमों के अनुसार मेरिट तैयार की जाएगी। मेरिट के आधार पर सीट आवंटित होने पर विद्यार्थियों को संबंधित आईटीआई में पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा और दाखिले की निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी।


