
UPSC ने LDCE 2025 का एग्जाम पैटर्न जारी किया, एडमिट कार्ड ऐसे करें डाउनलोड
UPSC ने LDCE 2025 परीक्षा के एडमिट कार्ड अपलोड किए। नौ शहरों में परीक्षा होगी। एग्जाम पैटर्न और तारीखें जारी।
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने Combined Section Officers’ Grade ‘B’ Limited Departmental Competitive Examination (LDCE) 2025 के लिए परीक्षा पैटर्न जारी कर दिया है। इसके साथ ही LDCE और Combined Stenos’ Grade B के एडमिट कार्ड भी आधिकारिक वेबसाइट upsconline.gov.in पर उपलब्ध हो गए हैं। उम्मीदवार सीधे वेबसाइट से लॉगिन कर अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग का कहना है कि इस परीक्षा से केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में सेक्शन ऑफिसर स्तर के पदों को भरा जाएगा।
भारत के 9 शहरों में होगी परीक्षा
UPSC के मुताबिक LDCE परीक्षा देशभर के नौ स्थानों पर आयोजित की जाएगी। इन केंद्रों में चेन्नई, कोलकाता, मुंबई, नागपुर, नोएडा (गौतम बुद्ध नगर), गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम शामिल हैं। अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग शहरों में परीक्षा केंद्र तय किए गए हैं ताकि उम्मीदवारों को आवागमन में अधिक परेशानी न हो। एडमिट कार्ड डाउनलोड पेज पर परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग टाइम और दिशानिर्देश स्पष्ट रूप से दिए गए हैं।
एडमिट कार्ड कैसे डाउनलोड करें
जो भी उम्मीदवार एडमिट कार्ड निकालना चाहते हैं, उन्हें upsconline.gov.in पर जाकर “Admit Card” विकल्प चुनना होगा। लॉगिन पेज खुलने के बाद रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्म तिथि डालकर हॉल टिकट डाउनलोड किया जा सकता है। UPSC ने सलाह दी है कि अभ्यर्थी एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट जरूर निकालें और परीक्षा दिवस पर वैध पहचान पत्र के साथ लेकर जाएं।
किस पद के लिए होगी भर्ती?
LDCE 2025 के तहत कई कैटेगरी में नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें Category I के तहत सेंट्रल सेक्रेटेरिएट सर्विस में सेक्शन ऑफिसर, Category II में इंडियन फॉरेन सर्विस ब्रांच ‘B’, Category III में रेलवे बोर्ड सचिवालय सेवा, Category VIII में इंटेलिजेंस ब्यूरो, Category X में आर्म्ड फ़ोर्सेज हेडक्वार्टर सिविल सर्विस और Category XI में ESIC के असिस्टेंट डायरेक्टर/मैनेजर ग्रेड-I जैसे पद शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती विभागीय प्रतिस्पर्धी परीक्षा के आधार पर होगी।
UPSC LDCE 2025 : परीक्षा पैटर्न
परीक्षा पैटर्न के अनुसार तीन मुख्य लिखित पेपर शामिल किए गए हैं। पहला पेपर 150 अंकों का होगा जिसमें सामान्य अध्ययन, संविधान, संसद की प्रक्रिया और RTI Act 2005 से जुड़े सवाल पूछे जाएँगे। यह परीक्षा 13 दिसंबर को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी। दूसरा पेपर भी 150 अंकों का होगा जिसमें भारत सरकार सचिवालय की प्रक्रिया, वित्तीय नियम और सेवा नियम शामिल होंगे। यह पेपर 13 दिसंबर को ही दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। तीसरा पेपर 200 अंकों का होगा जिसमें नोटिंग-ड्राफ्टिंग और प्रीसिस राइटिंग की परीक्षा ली जाएगी।
शॉर्टहैंड टेस्ट भी अनिवार्य
इसके अलावा, श्रेणी IV, V, VI, VII और IX के उम्मीदवारों के लिए हिंदी या अंग्रेजी में 100 शब्द प्रति मिनट की गति पर शॉर्टहैंड टेस्ट आयोजित किया जाएगा। यह टेस्ट 20, 27 और 28 दिसंबर को बैचों में लिया जाएगा। शॉर्टहैंड परीक्षा qualifying nature की होगी, यानी इसे पास करना जरूरी है लेकिन अंक मेरिट में नहीं जुड़ेंगे।
आयोग ने उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि वे एडमिट कार्ड के निर्देश अच्छी तरह पढ़ें और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुँचें। UPSC ने यह भी कहा है कि किसी भी स्थिति में एडमिट कार्ड के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।





