UP DElEd 2026: मेरिट लिस्ट updeled.gov.in पर होगी जारी, ऐसे करें चेक; जानें काउंसलिंग का तरीका

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

यूपी डीएलएड 2026 की मेरिट लिस्ट updeled.gov.in पर कभी भी जारी किया जा सकता है, जिसके बाद काउंसलिंग 20 जुलाई से शुरू होगी और एडमिशन 12वीं के नंबरों के आधार पर मिलेगा।

up deled merit list 2026 out today counselling dates updeled gov in

अगर आप भी उत्तर प्रदेश में प्राइमरी टीचर बनने का ख्वाब देख रहे हैं और यूपी डीएलएड (UP DElEd) 2026 के लिए फॉर्म भरा है उनके लिए इंतजार की घड़ियां खत्म होने वाली हैं। हफ्तों की बेचैनी और लंबे इंतजार के बाद, आखिरकार वो घड़ी आ ही गई है। खबरों की मानें तो उत्तर प्रदेश परीक्षा नियामक प्राधिकारी, प्रयागराज आज यानी 16 जुलाई 2026 को यूपी डीएलएड की मेरिट लिस्ट जारी करने जा रहा है। यह लिस्ट स्टेट रैंक के रूप में आधिकारिक वेबसाइट updeled.gov.in पर अपलोड की जाएगी। जिन भी उम्मीदवारों ने दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया था, वो आज अपनी रैंक ऑनलाइन चेक कर सकेंगे। आइए, बिना किसी देरी के आपको बताते हैं कि आगे का सफर कैसा रहेगा और दाखिले की राह में कौन-कौन से पड़ाव आने वाले हैं।

मेरिट लिस्ट और स्टेट रैंक का क्या है मतलब?

जैसे ही मेरिट लिस्ट जारी होगी, छात्रों को उनकी स्टेट रैंक पता चल जाएगी। यहां यह समझना बहुत जरूरी है कि यूपी डीएलएड में दाखिले के लिए कोई अलग से एंट्रेंस एग्जाम नहीं देना होता है। इस कोर्स में आपका एडमिशन पूरी तरह से 12वीं क्लास (इंटरमीडिएट) में मिले आपके नंबरों के आधार पर तय होता है। बोर्ड परीक्षा में आपके जितने शानदार नंबर होंगे, मेरिट लिस्ट में आपकी रैंक उतनी ही ऊपर आएगी। और जाहिर है, रैंक अच्छी होने पर आपको अपनी पसंद का कॉलेज मिलने की उम्मीद भी काफी ज्यादा रहेगी।

दो चरणों में होगी काउंसलिंग

रैंक सामने आने के बाद असली खेल काउंसलिंग का शुरू होता है। ऑफिशियल शेड्यूल के मुताबिक, इस बार यूपी डीएलएड 2026 की काउंसलिंग प्रक्रिया दो अलग-अलग चरणों यानी फेज़ में मुकम्मल की जाएगी।

पहला चरण (Phase 1): काउंसलिंग का पहला दौर 20 जुलाई 2026 से शुरू होने जा रहा है। इस दौरान छात्र अपनी पसंद के कॉलेजों का चुनाव (चॉइस फिलिंग) कर सकेंगे। यह अहम विंडो 10 अगस्त 2026 तक खुली रहेगी। जिन छात्रों की रैंक अच्छी है, उन्हें इसी चरण में अपना पसंदीदा संस्थान चुनने का मौका मिल जाएगा।

दूसरा चरण (Phase 2): जो सीटें पहले चरण के बाद खाली रह जाएंगी या जिन छात्रों को पहले चरण में सीट नहीं मिल पाएगी, उनके लिए 20 अगस्त 2026 से दूसरे चरण की चॉइस फिलिंग शुरू होगी। प्रशासन की तरफ से इसकी आखिरी तारीख 10 सितंबर 2026 तय की गई है।

कब से होगी क्लास की शुरुआत

सीट अलॉटमेंट के बाद सबसे जरूरी काम होता है अपने ओरिजिनल दस्तावेजों की जांच करवाना। दूसरे चरण का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन हर हाल में 12 सितंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके ठीक बाद यानी 14 सितंबर 2026 से नए सेशन की क्लासेस विधिवत रूप से शुरू हो जाएंगी। इसलिए यह जरूरी है कि आप अपनी 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो जैसी सभी चीजें एक फाइल में अभी से तैयार रखें ताकि ऐन मौके पर कोई भागदौड़ न करनी पड़े।

कैसे होगा दाखिला?

यूपी डीएलएड 2026 में एडमिशन की पूरी प्रक्रिया को काफी पारदर्शी रखा गया है। इसमें नीचे दिए गए कुछ खास पड़ाव शामिल हैं -

रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया: यह काम पहले ही हो चुका है। विभाग ने 15 जून से 8 जुलाई 2026 तक इसके लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे थे।

मेरिट लिस्ट की बारी: आज 12वीं के नंबरों के आधार पर आपकी स्टेट रैंक जारी की जा सकती है।

काउंसलिंग और चॉइस फिलिंग: इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवार अपनी रैंक के हिसाब से कॉलेजों का विकल्प चुनेंगे।

डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन: अलॉट किए गए कॉलेज या तय किए गए सेंटर पर जाकर आपको अपने ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स का वेरिफिकेशन कराना होगा।

फाइनल सीट अलॉटमेंट: आपकी रैंक, आपकी पसंद और उस कॉलेज में सीटों की उपलब्धता के आधार पर आपका फाइनल दाखिला पक्का कर दिया जाएगा।

छात्रों के लिए कुछ जरूरी सलाह

इस वक्त सबसे ज्यादा जरूरी बात यह है कि आप किसी भी तरह की अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान न दें। पल-पल की सटीक अपडेट के लिए सिर्फ और सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट updeled.gov.in पर ही अपनी नजर बनाए रखें। मेरिट लिस्ट आज किसी भी वक्त लाइव हो सकती है। इसके बाद काउंसलिंग के हर एक चरण को उसकी तय डेडलाइन के भीतर पूरा करना आपकी अपनी जिम्मेदारी होगी। थोड़ी सी भी लापरवाही से आपका एडमिशन खटाई में पड़ सकता है। इसलिए अलर्ट रहें और अपनी लॉगिन डिटेल्स (रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड) अपने पास पहले से लिखकर तैयार रखें। कभी-कभी वेबसाइट पर एक साथ बहुत ज्यादा ट्रैफिक आ जाने की वजह से सर्वर डाउन हो जाता है। अगर आज मेरिट लिस्ट चेक करते समय आपके सामने भी साइट स्लो होने की दिक्कत आती है, तो पैनिक न करें। कुछ देर बाद पेज को रिफ्रेश करके दोबारा कोशिश करें।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsकरियर न्यूज़UP DElEd 2026: मेरिट लिस्ट updeled.gov.in पर होगी जारी, ऐसे करें चेक