यूपी: डीएलएड में प्रवेश के लिए मिलेगा एक और अवसर, तीसरे चरण की काउंसिलिंग 5 अक्टूबर से; देखें पूरा शेड्यूल
तृतीय चरण में मेरिट के सापेक्ष प्रशिक्षण संस्थान के आवंटन के लिए एक से 1,52,202 तक के सभी अभ्यर्थी पांच अक्टूबर की दोपहर से सात अक्टूबर की शाम छह बजे तक संस्थान का ऑनलाइन विकल्प भर सकेंगे।

डीएलएड (पूर्व में बीटीसी) प्रशिक्षण 2026 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को एक और मौका दिया गया है। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय के सचिव राजेन्द्र प्रताप के अनुसार, कुछ अभ्यर्थियों एवं निजी संस्थानों के अनुरोध पर विचार करते हुए एक अंतिम अवसर प्रदान किया जा रहा है। तृतीय चरण में मेरिट के सापेक्ष प्रशिक्षण संस्थान के आवंटन के लिए एक से 1,52,202 तक के सभी अभ्यर्थी पांच अक्टूबर की दोपहर से सात अक्टूबर की शाम छह बजे तक संस्थान का ऑनलाइन विकल्प भर सकेंगे।
ऑनलाइन रिपोर्ट / लॉक करने की अंतिम तिथि
संस्था आवंटन आठ अक्टूबर को जारी होगा और आवंटित संस्था में अभिलेखीय जांच और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए नौ से 14 अक्तूबर की शाम पांच बजे तक अवसर दिया जाएगा। प्रशिक्षण संस्थान की ओर से प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों को ऑनलाइन रिपोर्ट / लॉक करने की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर है।
गौरतलब है कि पूर्व में दो चरणों में प्रदेश के 67 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की 10600 व 3,304 निजी एवं अल्पसंख्यक कॉलेजों की 2,28,900 कुल 2,39,500 सीटों के सापेक्ष कुल 100918 (93339 निजी कॉलेज व 7579 डायट) ही भरी जा सकी थी।
अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों का भी नहीं मिला सहारा
आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले वर्ष भी प्रदेश में महज 95,817 (10,309 अल्पसंख्यक सीटों सहित) सीटें ही भरी जा सकी थीं। इस स्थिति से निपटने और खाली सीटों को भरने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले साल से ही दूसरे राज्यों के युवाओं के लिए भी डीएलएड में प्रवेश के रास्ते खोल दिए थे। इसके बावजूद बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान जैसे पड़ोसी राज्यों के बेरोजगार अभ्यर्थियों ने भी उत्तर प्रदेश के डीएलएड संस्थानों में दाखिला लेने में कोई खास रुचि नहीं दिखाई है।
पिछले साल खाली रह गई थीं 1 लाख से ज्यादा सीटें
विदित हो कि डीएलएड 2025 सत्र में कुल सीटों के मुकाबले सिर्फ 40 फीसदी पर ही प्रवेश हो पाया था। 2 लाख 39 हजार से ज्यादा सीटों में से महज करीब 95 हजार सीटें ही भर सकीं।
डीएलएड वाले कहां बनेंगे टीचर
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार डीएलएड करने वाले ही देश में प्राइमरी टीचर बन सकते हैं। वे ही कक्षा 1-5 तक के विद्यार्थियों को पढ़ाने के पात्र हैं।
शैक्षणिक योग्यता एवं आयु मानदंड
उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक (Graduation) उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
सामान्य वर्ग के लिए कम से कम 50% अंक, जबकि SC/ST श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 45% अंक स्वीकार्य होंगे।
न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
आरक्षित वर्गों को आयु सीमा में नियमानुसार छूट मिलेगी।

