यूपी बोर्ड के 9वीं से 12वीं कक्षा के सिलेबस में बदलाव, आधार-डिजिलॉकर और तलवारबाजी सीखेंगे छात्र
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कई विषयों के पाठ्यक्रम में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। इनमें सबसे बड़ा संशोधन कक्षा 10 के कंप्यूटर विषय में किया गया है।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कई विषयों के पाठ्यक्रम में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। इनमें सबसे बड़ा संशोधन कक्षा 10 के कंप्यूटर विषय में किया गया है। कम्प्यूटर में छात्र-छात्राओं को दक्ष बनाने के लिए ई-कॉमर्स और साइबर सुरक्षा के तहत उमंग/ डिजिलॉकर, स्वास्थ्य पोर्टल (आरोग्य सेतु), मेरा आधार (यूआईडीएआई), साइबर स्वच्छता (अद्वितीय पासवर्ड), मल्टी फैक्टर, ऑर्थेन्टिकेशन और सुरक्षित वाईफाई बिन्दुओं को जोड़ा गया है।
कोर्स में तलवारबाजी शामिल
इसके अलावा बच्चों में खेलकूद को प्रोत्साहन देने के लिए कक्षा नौ और 11 के नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा विषय के पाठ्यक्रम में तलवारबाजी को शामिल किया गया है। शासन के निर्देश पर विद्यार्थियों की पढ़ाई में रुचि बढ़ाने और गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए विषय-विशेषज्ञों ने कक्षा-11 एवं 12 के सभी विषयों के पाठ्यक्रम में उपचारात्मक शिक्षण के लिए चार यूनिट टेस्ट शामिल किया है, जो विद्यालय स्तर पर कराया जाएगा। यूनिट टेस्ट के अंक अंकपत्र में नहीं जोड़े जाएंगे।
प्रैक्टिकल वर्क भी जोड़ा गया
हाईस्कूल स्तर पर विज्ञान एवं गृहविज्ञान विषय में आंतरिक मूल्यांकन के स्थान पर प्रयोगात्मक कार्य जोड़ा गया है। इन विषयों की सार्वजनिक प्रयोगात्मक परीक्षा कराई जाएगी। सभी विषयों के पाठ्यक्रम समिति की बैठकें आयोजित कराने के बाद विषय-विशेषज्ञों से हाईस्कूल (कक्षा नौ एवं दस) एवं इंटरमीडिएट (कक्षा 11 व 12) स्तर पर निर्धारित पाठ्यक्रम का परीक्षण कराया गया है।
वेबसाइट पर होंगे सभी विषय अपलोड
वेबसाइट पर विशेषज्ञों की सलाह पर हाईस्कूल कम्प्यूटर और खेल विषय में संशोधन हुए हैं। शैक्षिक सत्र-26-27 के लिए हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के सभी विषयों के कोर्स बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किए गए हैं।
27 जून तक भरे जाएंगे इम्प्रूवमेंट और कंपार्टमेंट की परीक्षा
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट व इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया छह जून से शुरू हो गई है। बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन 27 जून तक किए जा सकेंगे। परीक्षा के लिए जिले में एक केंद्र बनाए जाने का प्रस्ताव है। जुलाई में परीक्षा कराई जाएगी। डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि हाईस्कूल के ऐसे परीक्षार्थी जो किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण हैं, इंप्रूवमेंट परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। वहीं, कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए दो विषयों में अनुत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को किसी एक विषय में परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों को 256.50 रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा।
वहीं, इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा में मानविकी, विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग के ऐसे परीक्षार्थी, जो किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण हैं, आवेदन कर सकेंगे। इसी तरह कृषि वर्ग के अभ्यर्थी कृषि भाग-1 या भाग-2 के किसी एक प्रश्नपत्र तथा व्यावसायिक वर्ग के अभ्यर्थी ट्रेड विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण होने पर कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए पात्र होंगे। इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा का शुल्क 306 रुपये निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थियों को शुल्क कोषागार में चालान के माध्यम से परिषद के मानक मद में जमा करना होगा।
लेखक के बारे में
Dheeraj Palसंक्षिप्त विवरण:
धीरज पाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 साल का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए इन्हें 4 साल हो गए हैं। धीरज एजुकेशन रिपोर्टर के तौर पर काम कर चुके हैं। अपने करियर के दौरान धीरज ने राजनीति समाचार, एजुकेशन बीट के लिए ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
धीरज ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीए इन मीडिया स्टडीज और राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज से जनसंचार एवं पत्रकारिता से परास्नातक की पढ़ाई की। धीरज पाल ने अपने पत्रकारिता कर की शुरुआत एपीएन न्यूज चैनल से की। इसके बाद उन्होंने लोकमत न्यूज हिंदी और एनडीटीवी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया। हिंदुस्तान लाइव में यूपी बोर्ड से लेकर उन्होंने लोकसभा चुनाव कवर करने साथ-साथ खेल जैसे बीट पर काम किया। अब इनका एकमात्र उद्देश्य करियर और एजुकेशन से जुड़ी रुचिगत, सरल, प्रमाणिक और पाठक-हितैषी रूप में प्रस्तुत करना है।
व्यक्तिगत रुचियां
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के निवासी धीरज पाल को पत्रकारिता और ज्योतिषीय अध्ययन के साथ-साथ घूमने, किताबें पढ़ने और क्रिकेट खेलने का शौक है।
व्यक्तिगत रुचियां
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के निवासी धीरज पाल को पत्रकारिता के साथ-साथ घूमने, किताबें पढ़ने और क्रिकेट खेलने का शौक है।


