
UP Assistant Teacher Exam: यूपी सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा 17 जनवरी से होगी शुरू, नकल रोकने के लिए होगी डबल लेयर चेकिंग
UPPSC Assistant Teacher Exam 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री एस.पी. गोयल ने स्पष्ट किया कि सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
UP Assistant Teacher Exam 2026: उत्तर प्रदेश में 7,466 पदों पर होने वाली सहायक अध्यापक (प्रशिक्षित स्नातक - पुरुष/महिला शाखा) भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर राज्य सरकार ने अपनी कमर कस ली है। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री एस.पी. गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मण्डलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय साप्ताहिक बैठक की। बैठक में मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
परीक्षा का शेड्यूल और अभ्यर्थियों की संख्या
बैठक में जानकारी दी गई कि सहायक अध्यापक के कुल 7,466 पदों (15 विषयों) के लिए यह भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इस परीक्षा में कुल 12,36,239 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
पहला चरण: दिसंबर 2025 में 6 विषयों (गणित, हिन्दी, विज्ञान, संस्कृत, गृह विज्ञान और वाणिज्य) के लिए 6,15,251 अभ्यर्थियों की परीक्षा पहले ही आयोजित की जा चुकी है।
दूसरा चरण: अब शेष विषयों के लिए परीक्षा का आयोजन 17, 18, 24 और 25 जनवरी, 2026 को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में किया जाएगा।
नकल रोकने के लिए 'डबल लेयर फ्रिस्किंग'
मुख्य सचिव ने सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 'डबल लेयर फ्रिस्किंग' (पुलिस और कार्यकारी संस्था दोनों द्वारा जांच) अनिवार्य होगी। स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट की सीधी निगरानी में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी अभ्यर्थी मोबाइल, पर्ची या अन्य अनुचित सामग्री लेकर कक्षा में प्रवेश न कर सके।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा, "किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह सुनिश्चित करें कि सही अभ्यर्थी ही परीक्षा में बैठे और सही प्रश्नपत्र समय पर केंद्र तक पहुंचे।"
सीसीटीवी और लाइव स्ट्रीमिंग से निगरानी
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए तकनीक का भरपूर उपयोग किया जाएगा। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहेंगे। जनपद और आयोग स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से लाइव स्ट्रीमिंग द्वारा परीक्षा की सतत निगरानी की जाएगी। STF और LIU की टीमें सक्रिय रहेंगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सॉल्वर गैंग पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
भविष्य की परीक्षाओं के लिए 'नोडल अधिकारी'
भविष्य में होने वाली परीक्षाओं को और अधिक सुचारु बनाने के लिए मुख्य सचिव ने एडीएम (ADM) स्तर के अधिकारियों को 'नोडल अधिकारी' नामित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी कार्मिकों के प्रशिक्षण को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया है।

लेखक के बारे में
Prachiदिल्ली की रहने वाली प्राची लाइव हिन्दुस्तान में ट्रेनी कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले 1.5 वर्षों से वे करियर और शिक्षा क्षेत्र की बारीकियों को कवर कर रही हैं। प्राची ने प्रतिष्ठित भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC) से इंग्लिश जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा और दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिस्ट्री ऑनर्स में ग्रेजुएशन किया है। लाइव हिन्दुस्तान से 2024 में जुड़ने से पहले, उन्होंने 'नन्ही खबर', 'सी.वाई. फ्यूचर लिमिटेड' और 'कुटुंब' जैसे संस्थानों में कंटेंट लेखक के रूप में अपनी लेखनी को निखारा है। इतिहास की समझ और पत्रकारिता के जुनून के साथ, प्राची को खाली समय में उपन्यास पढ़ना और विश्व सिनेमा देखना पसंद है।
और पढ़ें



