
UGC : यूजीसी का विश्वविद्यालयों को आदेश, रिजल्ट जारी होने के 180 दिनों के अंदर डिग्री दें
यूजीसी ने सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया है कि रिजल्ट जारी होने के 180 दिनों के अंदर डिग्री दे देनी है। ऐसा नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। बीआरएबीयू के भी कई छात्रों का मामला यूजीसी के पास पहुंचा है।
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय मुजफ्फरपुर समेत सभी विश्वविद्यालयों में रिजल्ट जारी होने के 180 दिनों के अंदर डिग्री दे देनी है। ऐसा नहीं होने पर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से कार्रवाई की जाएगी। यूजीसी ने यह निर्देश सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को भेजा है। यूजीसी से बीआरएबीयू समेत कई विवि से छात्रों ने शिकायत की है कि परीक्षा पास करने के एक साल बाद भी उन्हें डिग्री नहीं मिली है। डिग्री नहीं मिलने से उनकी नौकरी में परेशानी हो रही है। इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए यूजीसी ने यह कदम उठाया है। बीआरएबीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. राम कुमार का कहना है कि बीआरएबीयू प्रशासन 180 दिनों के अंदर ही छात्रों तक डिग्री पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है। इसकी पूरी योजना तैयार कर ली गई है। छात्रों को समय से उनकी डिग्री मिल जाएगी।
बीआरएबीयू में एक हजार से अधिक छात्रों की डिग्री अटकी हुई है। ये छात्र हर दिन डिग्री के लिए विवि पहुंच रहे हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. कुमार ने बताया कि डिग्री के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया में बदलाव करते हुए सारी व्यवस्था ऑनलाइन कर दी गई है। छात्र ऑनलाइन आवेदन कर अपने दस्तावेज भी घर बैठे ही अपलोड कर सकते हैं।
इसके लिए पहले उन्हें विवि आना पड़ता था। इसके बावजूद भी हर दिन दर्जनों छात्र डिग्री के लिए विवि पहुंच रहे हैं।
अंकपत्र भी अटके
बीआरएबीयू में डिग्री के साथ करीब 10 हजार छात्रों के अंकपत्र भी विवि में अटके हुए हैं। ये अंकपत्र वर्ष 2016 से 2022 तक के हैं। इन अंकपत्रों के लिए कई आवेदन लगातार परीक्षा विभाग में पहुंच रहे हैं। इसके अलावा हर सोमवार को छात्र संवाद में भी विद्यार्थी अंकपत्र के लिए आवेदन देते हैं।
रिजल्ट जारी होने के बाद भी इन विद्यार्थियों का अंक पत्र जारी नहीं किया गया है।
कॉलेज भी भेज दे रहा है विवि
डिग्री के लिए आवेदन करने वाले छात्र जब डिग्री लेने के लिए कॉलेज पहुंचते हैं तो कॉलेज के कर्मचारी उन्हें विवि भेज देते हैं, जबकि परीक्षा नियंत्रक ने निर्देश दिया कि डिग्री कॉलेज से ही बंटेगी। वहीं, छात्रों ने बताया कि जब वह कॉलेज जाते हैं तो वहां बोला जाता है कि डिग्री कॉलेज में नहीं आयी है, इसलिए वह विवि चले जाएं।





