दिल्ली के SAU विश्वविद्यालय में UG, PG, PhD एडमिशन शुरू, JEE Main, CUET से दाखिला
दक्षिण एशियाई विश्वविद्यालय (एसएयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय ने आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की है।

दक्षिण एशियाई विश्वविद्यालय (एसएयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय ने आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की है। नई दिल्ली के मैदानगढ़ी स्थित 100 एकड़ परिसर वाले इस अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना सार्क देशों की सरकारों द्वारा की गई है। विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर पर एप्लाइड मैथमेटिक्स, बायोटेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस, अर्थशास्त्र जैसे कई विषयों में अध्ययन का अवसर मिलेगा।
पीएचडी के लिए बायोटेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस, अर्थशास्त्र, विधि, गणित, समाजशास्त्र, भौतिकी, रसायन विज्ञान, प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन सहित कई विषयों में प्रवेश दिए जाएंगे।
परीक्षा के अंकों के आधार पर चयन
भारत के अभ्यर्थियों का चयन जेईई, सीयूईटी, कैट, क्लैट और गेट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के अंकों के आधार पर किया जाएगा। विश्वविद्यालय के अनुसार इसकी डिग्रियां यूजीसी और अन्य नियामक संस्थाओं से मान्यता प्राप्त हैं।
दाखिले की दौड़
अभ्यर्थी www.sau.int और admissions.sau.int पर अधिक जानकारी ले सकते हैं। प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए अभ्यर्थी 011-35656600 पर कॉल भी कर सकते हैं। व्हाट्सऐप नंबर 9818185222 के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। अभ्यर्थियों की तकनीकी सहायता के लिए मेल आईडी techsupport-admission@sau.int और फोन नंबर 011-35656633 उपलब्ध है।
आईपीयू में कोर्स की काउंसलिंग 29 को
गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय द्वारा संचालित एडवांस्ड डिप्लोमा इन चाइल्ड गाइडेंस एंड काउंसलिंग प्रोग्राम में दाखिले के आयोजित होने वाली पहली ऑफलाइन काउंसलिंग 29 जून को द्वारका कैंपस में आयोजित की जाएगी।
उसी दिन आवश्यक दस्तावेज के सत्यापन के बाद मेरिट के आधार पर सीटों का भी आवंटन कर दिया जाएगा। इस प्रोग्राम के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा के सभी सफल उम्मीदवार इस काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। काउंसलिंग में भाग लेने के इच्छुक आवेदक ipu.ac.in से अधिक जानकारी ले सकते हैं।


