कभी मिलते थे सिर्फ 60 रुपये रोज, आज पूरे देश में नाम, सुमन गोयल ने कैसे किया ये कमाल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

जिस सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर 12वीं टॉप की, वहीं 60 रुपये रोजाना पर पढ़ाना शुरू किया। आज वही सुमन गोयल नेशनल टीचर्स अवॉर्ड 2026 के लिए चुनी गई हैं।

suman goel delhi teacher national award 2026 story success story
सुमन गोयल

साल 2004 की बात है। दिल्ली के एक सरकारी स्कूल के क्लासरूम में 19-20 साल की एक लड़की ने कदम रखा। फर्क सिर्फ इतना था कि इस बार वह बेंच पर बैठने नहीं, बल्कि ब्लैकबोर्ड के सामने खड़ी होकर बच्चों को पढ़ाने आई थी। जेब खाली थी और कॉलेज की फीस भरनी थी। इसी मजबूरी में उसने महज 60 रुपये रोज की दिहाड़ी पर पढ़ाना शुरू किया। महीने का बमुश्किल 1200 से 1300 रुपये हाथ आता था।

आज उसी लड़की की लगन और जज्बे को पूरे देश में पहचान मिली है। हम बात कर रहे हैं 41 साल की सुमन गोयल की, जिन्हें नेशनल टीचर्स अवॉर्ड 2026 के लिए चुना गया है। रोहिणी के पूठ कलां स्थित राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय में प्राइमरी टीचर के तौर पर तैनात सुमन की यह कहानी सिर्फ एक पुरस्कार तक सीमित नहीं है। यह कहानी उस हिम्मत की है, जो अभावों के बीच रास्ता बनाती है और सैकड़ों बच्चों की जिंदगी रोशन कर देती है।

जिस स्कूल में पढ़ीं वहीं से बदली किस्मत

सुमन का शुरुआती जीवन आसान नहीं था। मूल रूप से हरियाणा में 10वीं तक पढ़ीं सुमन का सपना डॉक्टर बनने का था। लेकिन परिवार के सामने अचानक आर्थिक संकट गहरा गया और उन्हें दिल्ली आना पड़ा। तंगी के कारण डॉक्टर बनने की ख्वाहिश पीछे छूट गई। सुमन ने पूठ कलां के इसी सर्वोदय कन्या विद्यालय में दाखिला लिया और 2002 में 12वीं की परीक्षा में पूरे स्कूल में टॉप किया।

इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के लक्ष्मीबाई कॉलेज में बीए में एडमिशन तो ले लिया, लेकिन आगे की पढ़ाई का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा था। इसी दौरान उन्होंने अपने ही पुराने स्कूल में अस्थायी तौर पर पढ़ाना शुरू कर दिया। 60 रुपये रोजाना से शुरू हुआ यह सफर 2009 में तब एक नए मुकाम पर पहुंचा, जब उनका चयन पक्के सरकारी शिक्षक के रूप में हो गया। साल 2013 से वे अपने उसी पुराने स्कूल में बतौर प्राइमरी टीचर बच्चों का भविष्य संवार रही हैं।

सुमन अपने पढ़ाने के अंदाज को 'मदर टीचर' का नाम देती हैं। उनका मानना है कि छोटे बच्चों के लिए एक शिक्षक को सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। एक मां की तरह उनकी बुनियादी जरूरतों और मानसिक सेहत का ख्याल रखना भी शिक्षक की ही जिम्मेदारी है।

उनके स्कूल में आने वाले ज्यादातर बच्चे दिहाड़ी मजदूरों, दर्जियों और छोटे-मोटे काम करने वाले परिवारों से हैं। ये अपने परिवार में पहली पीढ़ी के शिक्षार्थी हैं। सुमन बताती हैं कि ऐसे माहौल से आने वाले बच्चों के लिए सिर्फ पढ़ाई-लिखाई की बात करना काफी नहीं होता। यही वजह है कि वे अपनी अलमारी में एक्स्ट्रा स्वेटर, पेंसिल, कॉपियां और स्टेशनरी का सामान हमेशा तैयार रखती हैं। कोई बच्चा भूखा न रहे या उसकी तबीयत न बिगड़े, इसके लिए वे पीएम पोषण योजना, आईसीएमआर के टूथ-ब्रशिंग अभियान और आयरन की गोलियों के वितरण पर खुद नजर रखती हैं।

समावेशी कक्षा और 'निपुण गणित किट' से बनाई पहचान

सुमन के काम की सबसे खास बात रही है दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को मुख्यधारा की कक्षा में जोड़ना। जो बच्चे गंभीर बीमारियों या बौद्धिक अक्षमताओं के कारण अक्सर अकेले पड़ जाते हैं, उन्हें सुमन ने बाकी सहपाठियों के साथ घुलने-मिलने का माहौल दिया। उन्होंने क्लास में ऐसे ग्रुप बनाए जिससे ये बच्चे कभी खुद को अलग-थलग न समझें।

पढ़ाई को आसान बनाने के लिए उन्होंने खुद 'निपुण मैथ्स किट' तैयार की। बुनियादी गणित और संख्याओं की समझ विकसित करने वाली इस किट की तारीफ राज्य स्तर पर 'निपुण संकल्प' के तहत भी हुई। इसका नतीजा यह हुआ कि उनकी चौथी क्लास के सभी बच्चों ने बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मकता के तय लक्ष्यों को हासिल कर लिया।

सुमन ने बच्चों की रचनात्मकता को भी नए पंख दिए। उनके मार्गदर्शन में बच्चे राज्यस्तरीय नाटक प्रतियोगिताओं तक पहुंचे। इतना ही नहीं, करीब एक दर्जन बच्चों की लिखी कहानियों और विचारों को बाकायदा एक चिल्ड्रन्स पब्लिशिंग प्लेटफॉर्म पर किताबों के रूप में छपवाया भी गया।

राज्य शिक्षक पुरस्कार के बाद अब राष्ट्रीय पुरस्कार तक पहुंचना सुमन के लिए एक चक्र पूरा होने जैसा है। जिस स्कूल की चौखट पर वे कभी एक जरूरतमंद छात्रा के रूप में खड़ी थीं, आज उसी स्कूल का नाम उन्होंने देश के नक्शे पर चमका दिया है। सुमन गोयल का यह सफर साबित करता है कि जब इरादे मजबूत हों, तो परिस्थितियां कभी रुकावट नहीं बन सकतीं।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsकरियर न्यूज़मिलते थे सिर्फ 60 रुपये, आज पूरे देश में नाम, सुमन गोयल ने कैसे किया ये कमाल