19 साल की उम्र में AI स्टार्टअप, जुटाई 25 करोड़ की फंडिंग; जानें ध्रव्य शाह की सक्सेस स्टोरी
ध्रव्य शाह मुंबई के रहने वाले हैं। ध्रव्य का सफर कम उम्र में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से शुरू हुआ।

ज्यादातर इंजीनियरिंग छात्र कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने और अच्छे प्लेसमेंट की तैयारी में जुटे रहते हैं। लेकिन 19 साल के ध्रव्य शाह की कहानी काफी अलग है। ध्रव्य शाह ने बेहद कम उम्र में ही टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप की दुनिया में अपनी अलग राह बना ली। महज 19 साल की उम्र में उन्होंने सुपरमेमोरी नाम की AI स्टार्टअप खड़ी कर दी, जिसका मकसद एआई सिस्टम को इंसानों की तरह लंबे समय तक जानकारी याद रखने में मदद करना है। रिपोर्ट के मुताबिक, दावा किया जा रहा है कि उनके स्टार्टअप ने गूगल, ओपनएआई और क्लाउडफ्लेयर जैसी बड़ी टेक कंपनियों से जुड़े निवेशकों से 30 लाख डॉलर यानी करीब 25 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई है।
कौन है ध्रव्य शाह
ध्रव्य शाह मुंबई के रहने वाले हैं। ध्रव्य का सफर कम उम्र में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से शुरू हुआ। उन्होंने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के दौरान ही छोटे-छोटे सॉफ्टवेयर प्रोडक्ट बनाना शुरू कर दिया था। उनके शुरुआती प्रोजेक्ट्स में से एक से इतनी कमाई हुई कि उन्हें अमेरिका जाने में मदद मिली। बाद में उन्होंने O-1 वीजा हासिल किया। यह वीजा विज्ञान, बिजनेस और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में असाधारण क्षमता रखने वाले लोगों को दिया जाता है।
हर हफ्ते नया प्रोडक्ट बनाने का लक्ष्य
अमेरिका पहुंचने के बाद ध्रव्य ने खुद को एक खास चुनौती दी, जिसमें उन्हें 40 हफ्तों तक हर सप्ताह एक नया प्रोडक्ट बनाकर उसे लॉन्च करना था। इसी प्रयोग के दौरान उनके प्रोजेक्ट प्रोजेक्ट्स में से एक आगे सुपरमेमोरी बनाई गई। शुरुआत में इसका नाम एनी कॉन्टेक्स्ट था और यह द्विटर बुकमार्क के साथ बातचीत करने वाला टूल था। बाद में इसका फॉर्मेट बदल गया और मेमोरी इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एआई अनुप्रयोगों में बदलाव किया गया। यही प्रयोग ध्रव्य के करियर का महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ।
क्या है सुपरमेमोरी
सुपरमेमोरी एक AI प्लेटफॉर्म है, जो AI को जरूरी जानकारी याद रखने में मदद करता है। यह यूजर के ईमेल, चैट, PDF और दस्तावेजों जैसी डिजिटल कंटेंट से जानकारी जुटाकर उसे व्यवस्थित करता है। इससे AI जरूरत पड़ने पर पुरानी जानकारी और बातचीत के संदर्भ को याद रखकर बेहतर जवाब दे सकता है।
क्लाउडफ्लेयर में भी किया काम
सुपरमेमोरी से पहले ध्रव्य क्लाउडफ्लेयर में इंजीनियरिंग और डेवलपर रिलेशंस से जुड़ी भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। 2024 में कंपनी की वर्कर्स AI टीम में इंटर्नशिप के दौरान उन्होंने AI प्लेटफॉर्म के लिए फंक्शन कॉलिंग पर काम किया। इसके अलावा उन्होंने AI एजेंट बनाने के लिए ओपन-सोर्स टूल्स विकसित किए और कुछ इंटरनल एप्लिकेशंस पर भी काम किया।
सुपरमेमोरी को 25 करोड़ की फंडिंग
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि सुपरमेमोरी ने 30 लाख डॉलर (करीब 25 करोड़ रुपये) की फंडिंग जुटाई है। इस धनराशि का इस्तेमाल AI मेमोरी इंफ्रास्ट्रक्चर को डेवलप करने और स्टार्टअप को आगे बढ़ाने में किया जाएगा। हालांकि, सोशल मीडिया पर कुछ अकाउंट्स ने ध्रव्य को IIT बॉम्बे ड्रॉपआउट बताया है। उनकी अपनी प्रोफाइल में इस दावे से अलग जानकारी दी गई है और कहा गया है कि उन्होंने वास्तव में IIT बॉम्बे में पढ़ाई नहीं की थी।


