भारतीय मूल के आश्रित ने जॉर्जिया में लहराया परचम, SAT में लाया 1600 में 1600 नंबर
उसने जनवरी में SAT परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। इसके बाद उन्होंने करीब पांच महीने तक तैयारी की। परीक्षा में बैठने से पहले ही आश्रित ने प्रैक्टिस में 1600 स्कोर हासिल कर लिया था।

जॉर्जिया में रहने वाले भारतीय मूल के 14 साल के एक छात्र आश्रित तल्लूरी ने स्कॉलैस्टिक एप्टीट्यूड टेस्ट (SAT) परीक्षा में परचम लहराया है। हाई स्कूल के अंतिम वर्षों यानी कि 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों द्वारा दी जाने वाली इस परीक्षा में आश्रित ने 1600 में से पूरे 1600 अंक प्राप्त किए हैं। इस परीक्षा में रीडिंग और राइटिंग के साथ-साथ गणित दो मुख्य सेक्शन होते हैं। प्रत्येक सेक्शन 800-800 अंकों का होता है।
आश्रित हमेशा से ही असाधारण प्रदर्शन करता रहा है। SAT परीक्षा देने से पहले ही मिडिल स्कूल में 14.5 हाई स्कूल क्रेडिट्स पूरे कर लिए थे। इस असाधारण प्रदर्शन के बल पर वह हार्वर्ड और राइस यूनिवर्सिटी के कॉलेज-स्तरीय समर प्रोग्राम्स के लिए एलिजिबल हुआ।
अपने पिता और मिडिल स्कूल काउंसलर के प्रोत्साहन पर उसने जनवरी में SAT परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। इसके बाद उन्होंने करीब पांच महीने तक तैयारी की। परीक्षा में बैठने से पहले ही आश्रित ने प्रैक्टिस में 1600 स्कोर हासिल कर लिया था। इसके बाद उसने जून के महीने में SAT की परीक्षा दी।
रिजल्ट में क्यों हुई देरी?
परीक्षा देने के बाद परिणाम के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। कम उम्र में परफेक्ट स्कोर आने के कारण कॉलेज बोर्ड द्वारा कई स्तर पर इसके फिर से जांच की गई। आखिरकार नतीजा वही रहा। आपको बता दें कि अमेरिका मं कॉलेज बोर्ड का पर्सेंटाइल मुख्य रूप से 11वीं, 12वीं और हाई स्कूल पास कर चुके छात्रों के आधार पर तय होता है। ऐसे में महज 14 साल की उम्र में यह मुकाम हासिल कर आश्रित ने इतिहास रच दिया।
न्यूरोसर्जन बनने का सपना
आश्रित वर्तमान में वेफुल्टन काउंटी की इनोवेशन एकेडमी में 9वीं कक्षा का छात्र है। ड्यूअल एनरोलमेंट प्रोग्राम के तहत दो कॉलेज-स्तरीय पाठ्यक्रमों की पढ़ाई भी कर रहा है। इसके अलावा आश्रित अटलांटा में आयोजित होने वाले विभिन्न हैकथॉन में सक्रिय रूप से भाग लेता है। वह शतरंज का खिलाड़ी है और एविएशन में भी उसकी गहरी रुचि है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मेडिसिन, कंप्यूटर साइंस और रिसर्च में रुचि है। आश्रित का लक्ष्य एक न्यूरोसर्जन बनना है।


