UPSSSC Tubewell Operator Exam: नलकूप चालक भर्ती परीक्षा पर्चा लीक की होगी जांच
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष सीबी पालीवाल ने नलकूप चालक भर्ती परीक्षा पर्चा लीक मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने आयोग के एक सदस्य की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर जल्द जांच...

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष सीबी पालीवाल ने नलकूप चालक भर्ती परीक्षा पर्चा लीक मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने आयोग के एक सदस्य की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर जल्द जांच रिपोर्ट देने को कहा है। आयोग इसके आधार पर एफआईआर दर्ज कराएगा। परीक्षा के लिए काम पाने वाली एजेंसी शक के दायरे बताई जा रही है।
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने नलकूप चालक के 3210 पदों के लिए आवेदन मांगा था। इसके लिए 2,05,376 ने आवेदन किया। आयोग ने परीक्षा के लिए प्रदेश के आठ जिलों आगरा, बरेली, इलाहाबाद, गोरखपुर, कानपुर नगर, वाराणसी, लखनऊ व मेरठ में केंद्र बनाते हुए 2 सितंबर को परीक्षा कराने की तैयारी की। आयोग ने परीक्षा की जिम्मेदारी एक निजी एजेंसी को दिया था। परीक्षा से ठीक एक दिन पहले मेरठ में पर्चा लीक हो गया।
आयोग के अध्यक्ष सीबी पालीवाल कहते हैं कि उन्हें इसकी जानकारी शाम को हुई। इसके बाद प्रमुख सचिव गृह और एसएसपी एसटीएफ से बात की। भर्ती परीक्षा का पेपर जिसे लीक बताया जा रहा है उसे वाट्सएप पर मंगाकर चेक किया तो वही पाया जिससे परीक्षा होनी थी। इसके बाद परीक्षा स्थगित कर दी गई। उन्होंने कहा है कि जांच कमेटी बना दी गई है और इस संबंध में जल्द एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इस संबंध में परीक्षा की जिम्मेदारी पाने वाली एजेंसी को नोटिस भी दिया जाएगा।
पेपर छापने वाली एजेंसी की पहले से शिकायतें
पर्चा लीक मामले में शक की सूई पेपर छपाने वाली एजेंसी पर की जा रही है। इसके पहले सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (सामान्य चयन) 14 विभागों की 641 पदों के लिए 15 जुलाई को हुई परीक्षा में भी धांधली की शिकायतें मिली थी। इस परीक्षा को भी नलकूप चालक परीक्षा कराने वाली एजेंसी को ही जिम्मेदारी दी गई थी। पुख्ता सुबूत मिलने के बाद संबंधित एजेंसी को काली सूची में भी डाला जाएगा।


