जल्द नियुक्ति देने की मांग को लेकर STET अभ्यर्थियों का हंगामा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Alakha Ram Singh हिन्दुस्तान टीम, पटना
Follow us on Google News
share

माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) 2019 में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने अलग-अलग मांगों को लेकर मंगलवार की सुबह जमकर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी जल्द से जल्द नियुक्ति की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री विजय...

जल्द नियुक्ति देने की मांग को लेकर STET अभ्यर्थियों का हंगामा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) 2019 में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने अलग-अलग मांगों को लेकर मंगलवार की सुबह जमकर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी जल्द से जल्द नियुक्ति की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री विजय चौधरी के आवास का घेराव करने पहुंच गये। इसी बीच सचिवालय ईको पार्क के पास भारी संख्या में पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। काफी देर तक नारेबाजी करते रहे। पुलिस के समझाने के बावजूद एसटीईटी अभ्यर्थी पीछे नहीं हटे। अंत में प्रदर्शकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें तितर-बितर कर दिया। लाठीचार्ज होने पर भागने के दौरान कई अभ्यर्थियों को चोटें आयीं। सुबह से ही एसटीईटी अभ्यर्थी सचिवालय परिसर के बाहर जमा होने लगे थे। वहीं हड़ताली मोड़ के पास भी सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी मौजूद थे। दूसरी ओर लाठीचार्ज के विरोध में अभ्यर्थी गर्दनीबाग धरनास्थल पर पहुंच गये। इसके बाद वहां से भी उन्हें हटाया गया। शिक्षा सुधार रोजगार के बैनर तले तमाम अभ्यर्थी जल्द से जल्द नियोजन को लेकर पहुंचे थे।

मोबाइल टूटा, सिर में लगी चोट
शिक्षा सुधार रोजगार संघ के अध्यक्ष और अभ्यर्थी नीरज कुमार ने बताया कि लाठीचार्ज में 50 से अधिक अभ्यर्थियों को चोटे आयी हैं। आरोप लगाया कि पुलिस ने महिला अभ्यर्थियों पर भी लाठीचार्ज किया। अभ्यर्थी धमेंद्र कुमार यादव ने बताया कि उसका मोबाइल टूट गया। नीरज कुमार ने बताया कि उनके सिर और पांव में गंभीर चोट लगी हैं। पुष्पा कुमारी, अभिनव कुमार तिवारी, सोनी कुमारी, खुश कुमारी, रूपा कुमारी को चोट आयी है।

प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन पर हुई कार्रवाई
उधर, प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन करने और कोविड-19 आपदा के तहत लगे प्रतिबंध को तोड़ने के खिलाफ अभ्यर्थियों पर सचिवालय थाने में केस दर्ज किया गया है। 16 को पुलिस गिरफ्तार कर थाने ले गयी है। सचिवालय थानेदार सीपी गुप्ता ने बताया कि 16 नामजद व ढाई सौ अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। बक्सर के अजय कुमार, रोहतास के अक्षय कुमार तिवारी, धनजी यादव और पंकज कुमार, भोजपुर के धीरेंद्र कुमार यादव, भभुआ के वीरभद्र कुमार, मोहनियां के अनिल कुमार, जगदीशपुर के प्रदीप कुमार सिंह, भोजपुर के केडी लाल पासवान, आरा के भीम कुमार यादव आदि को पुलिस पकड़ कर थाना ले गयी।

शिक्षक संगठनों ने की निंदा
एसटीईटी अभ्यर्थी पर लाठीचार्ज की शिक्षक संगठनों ने निंदा की है। टीईटी-एसटीईटी उत्तीर्ण नियोजित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष मार्कण्डेय पाठक और प्रदेश प्रवक्ता अश्विनी पांडेय ने कहा कि पुलिस द्वारा लाठीचार्ज दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं टीईटी शिक्षक संघ के प्रदेश संयोजक अमित विक्रम ने बताया कि सभी एसटीईटी पास अभ्यर्थियों को नौकरी की गारंटी मिले, नहीं तो उग्र आंदोलन होगा।

Alakha Ram Singh

लेखक के बारे में

Alakha Ram Singh
करीब एक दशक से पत्रकारिता कर रहे अलख सिंह 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कॉन्टेंट प्रोड्यूसर हैं। अलख बांदा (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं और उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से एमए इन मास कॉम्युनिकेशन किया है। अलख वर्ष 2014 से डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले करीब एक वर्ष तक प्रिंट मीडिया में रिपोर्टिंग/फ्रीलांसिंग भी कर चुके हैं। अलख 2016 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़ने से पहले अमर उजाला और एनबीटी गुड़गांव में भी काम कर चुके हैं। और पढ़ें
करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।