UPMSP UP board result 2023: महोबा के शुभ चपरा इंटर के टॉपर, गणितज्ञ रामानुजन् आदर्श, परिश्रम करें और खुद पर भरोसा रखें
महोबा स्थिति सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चरखारी के छात्र शुभ चपरा ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद इंटरमीडिएट की परीक्षा में 97.80% अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पिता ए

छात्र असफलताओं से हताश न हों। परिश्रम करें और खुद पर भरोसा रखें। ज्ञान के जितने भी संभव स्रोत हैं, पढ़ाई में सभी का प्रयोग करें। मैंने रोज सात-आठ घंटे तक पढ़ाई कर यह सफलता हासिल की, लेकिन यह अकेले मेरी सफलता नहीं है। मैं अपने माता-पिता, भाइयों, शिक्षकों और मित्रों को इसका श्रेय देता हूं। मेरा लक्ष्य सिविल सेवा में जाकर देश की सेवा करना है। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट के टॉपर चरखारी, महोबा के शुभ चपरा ने आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ से बातचीत में यह कहा।
अटल, मोदी और शाह से प्रभावित
शुभ ने बताया कि उन्होंने पुस्तकों, शिक्षकों के मार्गदर्शन के अलावा यूट्यूब से भी पढ़ाई में मदद ली। उन्होंने 97.8 प्रतिशत नंबर हासिल किए हैं। सरस्वती विद्यामंदिर इंटर कॉलेज चरखारी के छात्र शुभ के पिता सुरेंन्द्र चपरा पेंट कारोबारी हैं। मां सुधा भाजपा महिला मोर्चा में जिला उपाध्यक्ष हैं। शुभ के दो भाई सुलभ और शिवम परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक हैं। घर में बधाई देने वालों से घिरे शुभ ने बताया कि वह पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी से प्रभावित हैं। वर्तमान नेताओं में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह उन्हें प्रभावित करते हैं। शुभ मानते हैं कि देश-प्रदेश की सरकारें बेहतर काम कर रही हैं लेकिन शिक्षा, रोजगार और आर्थिक मोर्चे पर अभी और काम करने की जरूरत है। शुभ ने आज तक थिएटर में बस एक फिल्म बजरंगी भाईजान देखी है। मोबाइल पर कभी-कभी हंसी-मजाक वाली फिल्में देख लेते हैं। वह फेसबुक और ट्विटर पर हैं लेकिन कम सक्रिय रहते हैं।
अतीक जैसों को सजा जरूरी पर कानून के दायरे में
इन दिनों सुर्खियों में छाए अतीक प्रकरण के बारे में भी शुभ साफ राय रखते हैं। उन्होंने कहा यूपी में कानून-व्यवस्था बेहतर है। अतीक जैसे माफिया को कड़ी सजा मिलनी भी जरूरी है लेकिन यह कानून के दायरे में होनी चाहिए। पुलिस हिरासत में किसी की हत्या को उचित नहीं कहा जा सकता।
गणितज्ञ रामानुजन् मेरे आदर्श
शुभ ने कहा-गणित मेरा पसंदीदा विषय है। विश्वप्रसिद्ध गणितज्ञ रामानुजन् मेरे आदर्श हैं। उन पर बनी फिल्म मुझे सबसे ज्यादा पसंद है। मेरे सबसे प्रिय शिक्षक कुलदीप गौतम सर और देशराज सर रहे हैं। गौतम सर मेरे गणित शिक्षक रहे हैं। उनके सरलता से पढ़ाने के तरीके ने मेरे अंदर गणित के प्रति रुचि पैदा की। देशराज सर ने हाईस्कूल में मुझे जीव विज्ञान पढ़ाया।
इस साल यूपी बोर्ड 12वीं में 75.52 फीसदी परीक्षार्थी सफल हुए हैं। जिसमें 83 फीसदी लड़कियां पास हुई हैं और 69 फीसदी लड़के पास हुए हैं।यूपी बोर्ड रिजल्ट 2023 को डाउनलोड या चेक करने के लिए उम्मीदवारों को दिए गए लिंक में अपना 10 अंकों का रोल नंबर टाइप करना होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।