UP Police Bharti 2023: नई यूपी पुलिस भर्ती को लेकर अहम नोटिस, इन जिलों में होगा फिजिकल टेस्ट
UPPRPB UPPBPB UP Police Constable, SI Bharti 2023: यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से जारी टेंडर नोटिस के मुताबिक विभिन्न पदों के लिए फिजिकल टेस्ट में करीब 20 हजार से लेकर 2 लाख तक अभ्यर्थी होंगे।

UP Police Bharti 2023: सीएम योगी के आदेश के महज दो दिन बाद यूपी पुलिस भर्ती प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने बुधवार को यूपी पुलिस में विभिन्न पदों पर की जाने वाली सीधी भर्तियों ( UP Police Constable, SI Bharti 2023 ) में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा सम्पन्न कराये जाने के सम्बन्ध में टेंडर नोटिस जारी कर दिया। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आदेश दिया था कि पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर जारी चयन की प्रक्रिया आगामी दिसंबर माह तक पूरी कर लें। यूपी पुलिस में कांस्टेबल, एसआई व जेल वार्डर समेत करीब 62 हजार पदों पर भर्ती होनी है। कांस्टेबल के 52699, सब इंस्पेक्टर के 2469 और जेल वार्डर के 2833 पदों पर बहाली होनी है।
यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ( UPPRPB या UPPBPB ) की ओर से जारी टेंडर नोटिस के मुताबिक कांस्टेबल, एसआई, जेल वार्डर समेत विभिन्न पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) में करीब 20 हजार से लेकर 2 लाख तक अभ्यर्थी होंगे। बोर्ड ने भर्ती परीक्षा एजेंसियों से शारीरिक दक्षता परीक्षा के आयोजन कराने के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं। टेंडर के जरिए एजेंसी का चयन होगा। कंपनियों/ एजेंसियों को sampark@uppbpb.gov.in पर 16 अक्टूबर 2023 तक आवेदन करना होगा। एजेंसियों को अभ्यर्थियों के फिजिकल टेस्ट की सीसीटीवी करवरेज, बायोमेट्रिक अटेंडेंस, आधार कार्ड प्रमाणीकरण, फोटो कैप्चरिंग, फेशियल रिकॉगनिशन, डिटेल्स की डाटा एंट्री जैसे कार्य करने होंगे। अटेंडेंस शीट, एडमिट कार्ड, पीईटी प्रदर्शन शीट बोर्ड को सौंपनी होगी।
नोटिस के मुताबिक फिजिकल टेस्ट चुनिंदा जिला मुख्यालयों (इलाहाबाद, आगरा, बरेली, गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, मेरठ और वाराणसी) में होंगे।
उम्मीद की जा रही है कुछ ही दिनों में यूपी पुलिस कांस्टेबल 52000 भर्ती की आवेदन प्रक्रिया शुरू हो सकती है। प्रदेश के लाखों युवाओं को इन भर्तियों के नोटिफिकेशन का इंतजार है।
यूपी पुलिस भर्ती में पदों का ब्योरा
- कांस्टेबल - 52,699
- उप निरीक्षक यूपी एसआई - 2469
- रेडियो ऑपरेटर 2430
- लिपिक संवर्ग 545
- कंप्यूटर ऑपरेटर 872
- कंप्यूटर प्रोग्रामर 55
- जेल वार्डर 2833
- कुशाल खिलाड़ी 521
कुल पद - 62424
यूपी पुलिस 52000 कांस्टेबल भर्ती
यूपी पुलिस 52000 कांस्टेबल भर्ती 2023 के नोटिफिकेशन का इंतजार जारी है। प्रशासन की ओर से कहा गया था कि 15 जुलाई तक यूपी पुलिस में कांस्टेबल के 52699 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। लेकिन सितंबर बीतने को है, अब तक न नोटिफिकेशन निकला है और नहीं आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई है।
यूपी पुलिस दारोगा ( एसआई, सब इंस्पेक्टर ) भर्ती 2023
UP Police SI Bharti 2023: कुछ दिनों पहले उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के आयोजन को लेकर टेंडर नोटिस जारी किया था। नोटिस में यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ने एसआई भर्ती परीक्षा में 12 से 15 लाख उम्मीदवारों के बैठने के उम्मीद जताई है।
