UP Board हाईस्कूल विज्ञान परीक्षा: समय प्रबंधन के साथ अंकों के हिसाब से लिखें उत्तर
यूपी बोर्ड हाईस्कूल विज्ञान परीक्षा-2019 का पेपर तीन खण्ड ‘क’ ‘ख’ एवं ‘ग’ होंगे। कुल 70 अंकों का पेपर है। जिसमें, पहला प्रश्न बहुविकल्पीय है। जिसमें चार...
यूपी बोर्ड हाईस्कूल विज्ञान परीक्षा-2019 का पेपर तीन खण्ड ‘क’ ‘ख’ एवं ‘ग’ होंगे। कुल 70 अंकों का पेपर है। जिसमें, पहला प्रश्न बहुविकल्पीय है। जिसमें चार उत्तर विकल्प होंगे। भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान के खंड 25-25 अंक और जीव विज्ञान में 20 अंक के सवाल पूछे जाएंगे। इस पेपर में अच्छे अंक पाने के लिए जरूरी है कि समय प्रबंधन का विशेष ध्यान दें। विशेष विशेषज्ञों की सलाह है कि अंकों के हिसाब से सटीक उत्तर लिखें। अगर प्रश्न दो अंकों का है तो तीन से चार लाइन यानी 50 से 70 शब्द पर्याप्त हैं। इसी तरह, चार अंकों के प्रश्न में 150 से 200 शब्द पर्याप्त रहेंगे। विषय विशेषज्ञों की सलाह है कि अब ज्यादा किताबें पर ध्यान न दें। अभी तक जो भी नोट्स तैयार किए हैं उनपर ध्यान दें। मॉडल पेपर्स पर ध्यान दिया जाना बेहतर साबित होगा।
इनका रखें ध्यान
- प्रत्येक खण्ड को नए पेज से हल करना शुरू करें। उत्तर स्वच्छता के साथ लिखें।
- चित्र और रासायनिक समीकरण जरूर लिखें।
- रसायन विज्ञान में रिएक्शन जरूर पढ़ें।
- जीव विज्ञान में चित्र बनाएंगे तो अच्छे नम्बर मिल सकते हैं।
यह टॉपिक्स दिला सकते हैं अच्छे अंक
रसायन विज्ञान में पिछले वर्षों के पेपर में अमूमन कॉपर की मेटलर्जी पर एक सवाल आता रहा है। ऑर्गेनिक केमेस्ट्री में आईयूपीसी नाम, साबुनिकरण, ऑर्गेनिक कम्पाउंड्स के लैब मैथर्ड पूछे जाते हैं। पीरियोडिक टेबल के साथ ही वात्या भट्टी को चित्र बनाकर जरूर पढ़ें। जीव विज्ञान में मेंडल्स लॉ, डार्विन लॉ, लिंग निर्धारण, जनसंख्या विस्फोट और रोकने के तरीके, विकास के सिद्धांत और लैंगिग जनन पर अमूमन सवाल पूछे जाते हैं। - नीरजा चौरसिया, शिक्षक, राजकीय इंटर कॉलेज निशातगंज
भौतिक विज्ञान : परिभाषा और फार्मूले जरूरी
कम से कम दस साल के पेपर ठीक से हल कर लें। लाइट, साउंड और इलेक्ट्रिसिटी को ठीक से पढ़ लिया जाए तो भी अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं। परिभाषा और फार्मूले रट लें। ओम्स लॉ जरूर पढ़ें। इसके साथ, करेंट, पॉटेंशियल, पॉटेंशियल डिफरेंस की परिभाषाओं पर ध्यान दें। पावर और वर्क के फार्मूला व न्यूमैरिकल्स आमतौर पर पूछे जाते हैं। लाइट टॉपिक में लैंस और उनके रेखाचित्र पर ध्यान दें। साउंड में रेजोनेंस, इको, फार्स, वाइब्रेशन और डैम्ट वाइब्रेशन पर ध्यान दें। - प्रताप सिंह पॉल, शिक्षक, लखनऊ मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज
चित्रों पर दें जोर, मिलेंगे अंक
जीव विज्ञान वाले खण्ड में जैव प्रक्रियाएं, हार्मोन, जनन व जैव विकास से जुड़े सवाल तैयार करें। रसायन विज्ञान में अम्ल-क्षार, धातु-अघात, कार्बानिक व अकार्बनिक के रसायनिक समीकरण से संबंधित प्रश्न तैयार करें। भौतिक विज्ञान में विद्युत व प्रकाश से संबंधित फार्मूले जरूर याद कर लें। स्वाध्याय पर जोर दें। अध्ययन से संबंधित चित्रों पर जोर देना फायदेमंद साबित होगा। - देवेन्द्र प्रताप दीक्षित, शिक्षक, अवध कॉलिजिएट