Happy Indian Army Day Wishes Indian Army Messages, Quotes: हर साल 15 जनवरी को भारत में सेना दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1949 में फील्ड मार्शल केएम करियप्पा ने जनरल फ्रांसिस बुचर से भारतीय सेना की कमान संभाली थी। करियप्पा भारतीय सेना के पहले कमांडर इन चीफ बने थे। आजादी के बाद सेना के पहले दो चीफ ब्रिटिश थे। करियप्पा ने जनरल फ्रांसिस बुचर की जगह ली जिन्होंने 1 जनवरी, 1948 से 15 जनवरी, 1949 तक सेना के शीर्ष पद पर अपनी सेवाएं दीं। बुचर से पहले जनरल सर रॉबर्ट मैक्ग्रेगॉर मैक्डॉनाल्ड लोकहार्ट 15 अगस्त, 1947 से 31 दिसंबर, 1947 तक आर्मी चीफ रहे। भारत-पाक आजादी के वक्त करियप्पा को दोनों देशों की सेनाओं के बंटवारे की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसे उन्होंने पूरी ईमानदारी से निभाया था। अप्रैल 1986 में उन्हें बेहतरीन सैन्य सेवाओं के लिए पंच-सितारा रैंक फील्ड मार्शल से सम्मानित किया गया। आज तक ये पंच-सितारा रैंक भारतीय सेनाओं में केवल तीन सैन्य अधिकारियों को मिली है- करियप्पा, फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ और मार्शल ऑफ इंडियन एयर फोर्स अर्जन सिंह।
ये मैसेज और तस्वीरें शेयर कर करें सेना को सलाम
कभी ठंड में ठिठुर कर देख लेना
कभी तपती धूप में जल के देख लेना
कैसे होती है हिफाजत मुल्क की
कभी सरहद पर चलकर देख लेना
Happy Indian Army Day
अपना घर छोड़कर सरहद को अपना ठिकना बना लिया
जान हथेली पर रखकर देश की हिफाजत को धर्म बना लिया
Happy Indian Army Day
15 जनवरी को आर्मी डे पर दिल्ली के परेड ग्राउंड पर आर्मी डे परेड का आयोजन होता है। आर्मी डे के तमाम कार्यक्रमों में से यह सबसे बड़ा आयोजन होता है। जनरल ऑफिसर कमांडिंग, हेडक्वार्टर दिल्ली की अगुवाई में परेड निकाली जाती है। आर्मी चीफ सलामी लेते हुए परेड का निरीक्षण करते हैं। ये परेड भी गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा होती है। इस वर्ष तीनों सेनाओं के प्रमुखों के अलावा भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत भी परेड में शामिल होंगे।
दिल्ली का परेड ग्राउंड राष्ट्रीय राजधानी के बड़े ग्राउंड्स में से एक है। सम्मान स्वरूप इस ग्राउंड का नाम करिप्पा कर दिया गया। हर वर्ष यहां आर्मी डे सेलिब्रेशन के अलावा कई बड़े कार्यक्रम होते हैं। आर्मी डे पर आर्मी चीफ बेहतरीन सेवाओं के लिए जवानों को सम्मानित करते हैं और उनकी हौसलाफजाई करते हैं। बुधवार को 15 जवानों को गैलेंटरी अवार्ड और 18 बटालियनों को यूनिट सिटेशन्स मिलेगा। परमवीर चक्र और अशोक चक्र विजेताओं को भी आर्मी डे परेड में बुलाया जाता है।