ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News करियरअमेरिका में विदेशी छात्रों को निश्चित समय के लिए वीजा मिलेगा

अमेरिका में विदेशी छात्रों को निश्चित समय के लिए वीजा मिलेगा

अमेरिका में अब विदेशी छात्रों को निश्चित समय के लिए वीजा मिलेगा। ट्रंप प्रशासन ने विदेशी छात्रों, अनुसंधानकर्ताओं और पत्रकारों के वीजा के लिए एक निर्धारित समय सीमा का प्रस्ताव गुरुवार को पेश किया। इस...

अमेरिका में विदेशी छात्रों को निश्चित समय के लिए वीजा मिलेगा
एजेंसी,वाशिंगटनFri, 25 Sep 2020 06:17 PM
ऐप पर पढ़ें

अमेरिका में अब विदेशी छात्रों को निश्चित समय के लिए वीजा मिलेगा। ट्रंप प्रशासन ने विदेशी छात्रों, अनुसंधानकर्ताओं और पत्रकारों के वीजा के लिए एक निर्धारित समय सीमा का प्रस्ताव गुरुवार को पेश किया। इस दौरान उसने कहा कि वह मौजूदा वीजा कार्यक्रम के दुरुपयोग को लेकर चिंतित है। इससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा बढ़ने की आशंका है।

इस प्रणाली का चीन ने दुरुपयोग किया
प्रस्ताव को शुक्रवार को फेडरल रजिस्टर में अधिसूचित किया जाएगा। हालांकि इस प्रस्ताव में किसी एक देश के नाम का जिक्र नहीं है, लेकिन इसे प्रणाली में मौजूदा खामियों का चीन द्वारा दुरुपयोग किए जाने के मद्देनजर लाया गया है। विदेशी छात्रों, अनुसंधानकर्ताओं और पत्रकारों की वीजा श्रेणियों में सर्वाधिक लाभ चीन को ही हुआ है।

अधिकतम चार साल का वीजा मिलेगा
प्रस्तावित नियम के तहत एफ (छात्र वीजा) या जे (अनुसंधानकर्ता वीजा) गैर प्रवासियों को उनका कार्यक्रम समाप्त होने की अंतिम तिथि तक के लिए अमेरिका में प्रवेश दिया जाएगा और इसकी अधिकतम अवधि चार साल होगी। अमेरिकी गृह मंत्रालय ने कहा कि जिन देशों के नागरिकों के वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अमेरिका में रहने की दर अधिक है, उनके नागरिकों को दो साल की तय अवधि के लिए ही रहने की अनुमति होगी। मंत्रालय ने कहा कि यदि कोई विदेशी आतंकवाद को समर्थन देने वाले देशों की सूची में शामिल देश में जन्मा है या उसके पास ऐसे किसी देश की नागरिकता है, तो ऐसी स्थिति में भी उसके अमेरिका में ठहरने की अवधि अधिकतम दो साल के लिए सीमित की जा सकती है।


विदेशी पत्रकारों 240 दिन की समय सीमा
मंत्रालय ने आई गैर प्रवासियों (विदेशी पत्रकारों) के लिए 240 दिन की समय सीमा तय करने का प्रस्ताव रखा हैं, जिसे उनके कार्य को देखते हुए अधिकतम 240 और दिनों के लिए बढ़ाया जा सकता हैं। इस समय, 'आई वीजा पर कई विदेश पत्रकार अमेरिका में दशकों से रह रहे हैं।

देश छोड़ने के लिए 30 दिन मिलेंगे
मंत्रालय ने बताया कि विदेशी छात्रों को देश छोड़ने के लिए अब मौजूदा 60 दिन के बजाय 30 दिन मिलेंगे। हितधारकों को इस अधिसूचना का जवाब देने के लिए 30 दिन का समय दिया जाएगा। उसने कहा कि विदेशी छात्रों, अनुसंधानकर्ताओं को मीडियाकर्मियों की संख्या बढ़ने के कारण उसके लिए उनकी निगरानी करना मुश्किल हो गया है।


तीन श्रेणी के लिए प्रस्ताव
नए वीजा प्रस्ताव में फिलहाल तीन श्रेणी को ही शामिल किया गया है। ये हैं- छात्र (एफ), पत्रकार (जे) और अनुसंधानकर्ता (आर)। अप्रवासियों को अपनी तरफ से यह बताना होगा कि वे कितने दिन कानूनी तौर पर अमेरिका में रहना चाहते हैं। इसके बाद संबंधित विभाग उस पर विचार करेगा।

क्या है मकसद
अमेरिकी सरकार के नए प्रस्ताव का मकसद वीजा नियमों और इमीग्रेशन नीति को बेहतर बनाना है। इसके साथ ही उन लोगों की पहचान करना भी है, जो वीजा नियमों का गलत इस्तेमाल करते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें