एजुकेशन लोन कैसे और कहां से लें, जानें ब्याज दर, बैंक, शर्तें, पात्रता समेत सभी जरूरी बातें

Pankaj Vijay हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

एजुकेशनल लोन हायर एजुकेशन पाने में मदद करता है, बशर्ते कि सही जानकारी से इसका चयन किया गया हो। महामारी के बाद भारत में एजुकेशनल लोन के क्षेत्र में बीते साल से ही काफी तेजी दर्ज की जा रही है।

एजुकेशन लोन कैसे और कहां से लें, जानें ब्याज दर, बैंक, शर्तें, पात्रता समेत सभी जरूरी बातें

मेडिकल या इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिले की बात हो, विदेश में पढ़ाई हो या अपस्किलिंग। उच्च शिक्षा के ऊंचे खर्च वहन करने में एजुकेशनल लोन मदद कर सकता है। बड़ी प्रवेश परीक्षाओं के बाद छात्रों के लिए अगला पड़ाव संस्थान में प्रवेश लेने का होता है। ऐसे में शिक्षा के शुल्क व खर्च एक बड़ी चुनौती पेश करते हैं। एजुकेशनल लोन इसमें मदद कर सकता है, बशर्ते कि सावधानीपूर्वक और सही जानकारी के आधार पर इसका चयन किया गया हो। महामारी के बाद भारत में एजुकेशनल लोन के क्षेत्र में बीते साल से ही काफी तेजी दर्ज की जा रही है। आरबीआई के डेटा की बात करें तो बीते साल 12 नवंबर, 2022 तक हुए बारह महीनों में एजुकेशनल लोन प्रदान किए जाने में 12 फीसदी की तेजी दर्ज हुई। एक अन्य डेटा की बात करें तो बीते दस सालों में विदेश में पढ़ाई के लिए एजुकेशनल लोन लेने वाले छात्रों में 215 फीसदी के लगभग की वृद्धि हुई है। इस तरह की वृद्धि के पीछे का एक बड़ा कारण है कि सरकार की ओर से एजुकेशनल लोन की प्रक्रिया को सहज और सुविधाजनक व पारदर्शी बनाने पर काफी काम किया गया है। आप भी इसका लाभ उठा सकते हैं और अपने लिए बेहतर भविष्य गढ़ सकते हैं। यहां ऐसी ही कुछ बातें आपके लिए हम दे रहे हैं

पात्रता 
एजुकेशनल लोन को लेकर हर बैंक या अन्य ऋणदाता संस्थान के अलग-अलग पात्रता मानदंड होते हैं। कुछ केवल विदेश में पढ़ाई के लिए शिक्षा लोन देते हैं, जबकि अन्य अंतर्देशीय और विदेश (इनलैंड एंड अब्रॉड) में पढ़ाई के लिए लोन देते हैं। कहीं पर एक को-एप्लीकेंट जरूरी हो सकता है, जैसे माता-पिता या अभिभावक या जीवनसाथी आदि। लोन केवल विशिष्ट कोर्स या विशिष्ट देशों में कराए जा रहे पाठ्यक्रमों के लिए ही उपलब्ध हो सकता है।

ब्याज दरें 
ब्याज दरें और प्रोसेसिंग के शुल्क का खर्च छात्र को ही वहन करना होता है। इस तरह के लोन के लिए ब्याज दरें कोर्स के प्रकार, यूनिवर्सिटी और एकेडेमिक ट्रैक रिकॉर्ड पर निर्भर करती हैं। इसी के साथ क्रेडिट रेटिंग, कोलेटरल (जिसके बदले लोन लें रहे हों), जैसी चीजें भी इसमें अंतर पैदा कर सकती हैं। बेहतर हो कि आवेदन करने से पहले अपनी क्रेडिट रेटिंग सुधार लें।

लोन रिपेमेंट की शर्तें लोन चुकाने की शर्तें ऋणदाता संस्था पर निर्भर करती हैं। मोरेटोरियम (जिस अवधि में लोन चुकाना नहीं होता है) के साथ इसमें दो विकल्प मिलते हैं

-लोन राशि पर केवल ब्याज का भुगतान (पूर्ण या आंशिक)। इसकी प्रिंसिपल राशि का भुगतान मोरेटोरियम अवधि के बाद शुरू होता है।

-ब्याज देने की आवश्यकता नहीं होती। पढ़ाई की अवधि के दौरान ब्याज लोन की राशि में जुड़ता जाता है और मोरेटोरियम (पढ़ाई और छह महीने या एक साल की अवधि) के बाद किस्तें शुरू होती हैं। जब लोन मोरेटोरियम के बिना होता है, तो कोर्स के खत्म होते ही भुगतान शुरू करना हो सकता है। इससे छात्र पर बोझ आ सकता है। इसीलिए लोन लेने से पहले ही रिपेमेंट की शर्तें जानना जरूरी है। ताकि लोन चुकाने में कोई व्यवधान ना आए।

ये बातें भी जानें
-  नॉन टेक्निकल नॉन प्रोफेशनल कोर्सेस, जैसे म्यूजिक, फाइन आर्ट्स फोटोग्राफी, कुलिनरी मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों के लिए एजुकेशनल लोन किसी प्रतिष्ठित पब्लिक सेक्टर बैंक से मिलना मुश्किल हो सकता है।

- विभिन्न बैंकों के लोन को लेकर छानबीन व तुलना कर लें, फिर चयन करें। एजुकेशन लोन ईएमआई कैलकुलेटर व कॉलेज कोर्स एक्सपेंस कैलकुलेटर का इस्तेमाल करके निर्णय लें।

- अच्छे रिकॉर्ड वाले बैंक चुनें। उनकी रिव्यू और रेटिंग देखें। जहां तक हो, नेशनलाइज्ड सरकारी बैंक चुनें।

- लोन रिपेमेंट यानी चुकाने की सभी शर्तें अच्छी तरह पढ़ और समझ लें।

- अपनी भविष्य की आय को लेकर ईमानदारी और यथार्थपूर्ण नजरिया बरतें। ताकि लोन चुकाने का समय आने पर बोझ ना बने।

-- विकल्पों पर भी विचार करें। जैसे पार्ट टाइम जॉब, स्कॉलरशिप। इस तरह लोन राशि को कम से कम करने में मदद मिलेगी।

जरूरत भर ही लें एजुकेशनल लोन
छात्रों को चाहिए कि लोन की राशि कम से कम रखें, तो बेहतर। कम राशि पर ब्याज पर बचत होगी और लोन जल्दी वापस किया जा सकता है। ज्यादा लोन लेने पर छात्र पर बेवजह का बोझ आता है। साथ ही जैसे ही सक्षम हों, इसे चुकाना शुरू करें, और संभव हो, तो अवधि से पहले पूरा चुका दें। ताकि इसकी कुल लागत कम की जा सके। यानी आप प्रिपेमेंट करने के विकल्प पर सोच सकते हैं। लोन लागत कम करने के अन्य विकल्पों पर भी जानकारी लें। उच्च शिक्षा के लिए लोन पर टैक्स लाभ भी मिलता है। इसकी जानकारी भी लें।

किन कोर्स की पढ़ाई के लिए मिलेगा?
अमूमन छात्रों के बीच यह भ्रांति होती है कि एजुकेशनल लोन केवल इंजीनियरिंग, मेडिकल या एमबीए जैसे पाठ्यक्रमों के लिए ही मिलता है, परंतु इस संदर्भ में सच यह है कि एजुकेशनल लोन प्रत्येक उस पाठ्यक्रम के लिए उपलब्ध है, जो आप करना चाहते हैं। चूंकि सामान्य स्नातक पाठ्यक्रम का शुल्क अधिक नहीं होता, अत डिप्लोमा या डिग्री स्तर के वोकेशनल कोर्स के लिए ही छात्रों के आवेदन बैंकों को प्राप्त होते हैं और इस भ्रांति को आधार मिलता है। यह भी समझें कि पढ़ाई के लोन की शर्तें हर कोर्स के हिसाब से अलग हो सकती हैं।

इंटरेस्ट सब्सिडीज और गवर्नमेंट गारंटी स्कीम्स
भारत में उच्च शिक्षा के प्रसार के लिए सरकार की ओर से कई योजनाओं के माध्यम से इंटरेस्ट सब्सिडीज उपलब्ध कराई गई हैं। इन सब्सिडीज में सेंट्रल सेक्टर इंटरेस्ट सब्सिडी स्कीम, पढ़ाओ परदेश स्कीम, सेंट्रल गवर्नमेंट इंटरेस्ट सब्सिडी स्कीम आदि शामिल हैं। इसके अलावा अन्य कई स्कीम्स, जैसे क्रेडिट गारंटी फंड स्कीम फॉर एजुकेशनल लोन (सीजीएफएसईएल), क्रेडिट गारंटी फंड स्कीम फॉर स्किल डेवलपमेंट (सीजीएफएसएसडी) आदि। ये एक सीमा तक की गारंटी उपलब्ध कराती हैं। कुछ योजनाएं इनलैंड स्टडीज के लिए उपलब्ध हैं और कुछ में विदेश में पढ़ाई करने में सहायता दी जा रही है। इनमें से हरेक स्कीम के लिए पात्रता शर्तें अलग हैं। छात्रों को चाहिए कि किसी भी एजुकेशनल लोन के लिए आवेदन करने से पहले ऋण की कुल लागत को कम करने के लिहाज से इन स्कीम्स की उपलब्धता के बारे में भी पता कर लेना चाहिए।

एजुकेशनल लोन के लिए बैंकों की शर्तें जानें
विभिन्न बैंको में एजुकेशनल लोन की व्यवस्था को प्रसार दिया गया है। राष्ट्रीयकृत बैंक से लेकर निजी बैंकों और विभिन्न राज्य सरकारों ने मेधावी छात्रों की पढ़ाई के लिए कम दरों पर एजुकेशनल उपलब्ध कराए हैं। किन वर्गों में मिल सकता है एजुकेशनल लोन, जानें यहां

राष्ट्रीयकृत सरकारी बैंक
भारत में एजुकेशनल लोन देने वाले राष्ट्रीयकृत बैंकों का प्रारूप लगभग एक जैसा है। यहां कुल तीन कैटेगरी में एजुकेशनल लोन मिल सकता है
- रुपये 4 लाख तक का लोन अधिकतम 4 लाख रुपये तक के लोन के लिए आपको किसी गारंटर और किसी कोलेटरल यानी गिरवी रखने के लिए कोई संपत्ति आदि की आवश्यकता नहीं होगी। यदि दाखिला किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में हुआ है, तो इस आधार पर बैंक आपको शिक्षा ऋण देने पर विचार कर सकता है।

-  रुपये 4 लाख से अधिक और 7.5 लाख से कम तक का लोन इस ब्रैकेट की लोन राशि के लिए किसी आर्थिक रूप से संपन्न गारंटर की आवश्यकता होगी। लेकिन कोई कोलेटरल प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी।

-  रुपये 7.5 लाख से अधिक का लोन देश या विदेश में पढ़ने के लिए रुपये 7.5 लाख रुपये से अधिक एजुकेशनल लोन के लिए जहां एक ओर आपके पास कम से कम एक आर्थिक रूप से संपन्न गारंटर होना चाहिए, वहीं कोई कोलेटरल भी प्रस्तुत करने की आवश्यकता होगी। यदि आप विदेश में भी पढ़ाई के लिए लोन लेना चाहें, तो इसी कैटेगरी के अंतर्गत अप्लाई करना होगा।

निजी बैंकों में मिलेंगी कुछ अलग शर्तें
देश के निजी बैंकों द्वारा दिया जाने वाला एजुकेशनल लोन राष्ट्रीयकृत सरकारी बैंकों की तुलना में थोड़ा महंगा और कठिन है। यहां किसी भी लोन के लिए छात्र के साथ एक गारंटर भी होता है, जिसे को-ऐप्लिकेंट कहा जाता है। निजी बैंकों से आप कुल छह कैटेगरी में एजुकेशनल लोन प्राप्त कर सकते हैं, इन सभी कैटेगरी को कॉलेज की रैंकिंग के अनुसार निर्धारित किया गया है

-  जनरल कैटेगरी (रुपये 1 लाख से 7.5 लाख तक का लोन) यदि आप निजी बैंक से रुपये 1 लाख से 7.5 लाख तक का लोन चाहते हैं, तो इसके लिए आपको एक मजबूत गारंटर या को-ऐप्लिकेंट की आवश्यकता पड़ेगी, हालांकि इस ब्रैकेट के लिए आपको किसी कोलेटरल की आवश्यकता नहीं होगी।

--  प्राइम सी कैटेगरी इस में आप रुपये 15 लाख तक का एजुकेशनल लोन ले सकते हैं। यहां भी साथ में को-ऐप्लिकेंट होंगे, जो गारंटर भी होंगे।

--  प्राइम बी कैटेगरी इस कैटेगरी में आप रुपये 15 लाख से अधिक और 40 लाख रुपये से कम एजुकेशनल लोन ले सकते हैं। यह उन छात्रों को मिल सकता है, जिनका दाखिला खास रैंकिंग वाले संस्थानों में हो रहा हो।

--  प्राइम ए कैटेगरी यदि आपका दाखिला देश के टॉप संस्थानों, जैसे आईआईटी, एनआईटी या आईआईएम में हो जाता है, तो प्राइम ए कैटेगरी के तहत 50 लाख रुपये तक का शिक्षा लोन मिल सकता है। यहां भी एक गारंटर या को-ऐप्लिकेंट जरूरी है।

- विदेश में पढ़ाई के लिए लोन विदेश में पढ़ाई करने की चाह रखने वाले छात्रों के लिए चुनिन्दा संस्थानों में चयनित होने पर रुपये 50 लाख से अधिक एजुकेशनल लोन उपलब्ध हो सकता है। इस केटेगरी में एजुकेशनल लोन राशि की कोई सीमा नहीं, बशर्ते आपके पास एक मजबूत गारंटर या को-ऐप्लिकेंट और कोलेटरल सिक्योरिटी की व्यवस्था हो।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay

पंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार

शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।


15 से अधिक सालों का अनुभव

पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।


विजन

तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।


विशेषज्ञता

तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी

और पढ़ें
करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।