Earth Day Speech in Hindi : विश्व पृथ्वी दिवस पर दें यह आसान भाषण, जल्दी से हो जाएगा याद
Earth Day Speech : पृथ्वी दिवस के दिन स्कूलों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के मकसद से कार्यक्रम आयोजित होते है। अगर भाषण देने का मन बना रहे हैं तो नीचे लिखी स्पीच से आइडिया ले सकते है

Earth Day Speech in Hindi : हर साल 22 अप्रैल का दिन विश्व भर में पृथ्वी दिवस ( Earth Day ) के तौर पर मनाया जाता है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने, पृथ्वी को संरक्षित करने और ग्लोबल वॉर्मिंग के प्रति लोगों को जागरूक करने के मकसद से यह दिन मनाया जाता है। दुनिया भर में आज के दिन पृथ्वी व पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया जाता है। यह दिन जलवायु संकट और पर्यावरण के सामने पैदा हुए संकट की ओर ध्यान दिलाता है। पहली बार पृथ्वी दिवस 22 अप्रैल 1970 को मनाया गया था। अमेरीकी सीनेटर व पर्यावरणविद् गेलॉर्ड नेल्सन की पहल पर पहली मर्तबा पृथ्वी दिवस मनाया गया था। विश्व पृथ्वी दिवस के दिन स्कूलों और कई जगहों पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के मकसद से कार्यक्रम आयोजित होते है। स्कूलों में भाषण, निबंध, पोस्टर, स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं। अगर आप भाषण देने का मन बना रहे हैं तो नीचे लिखी स्पीच से आइडिया ले सकते हैं।
World Earth Day Speech in Hindi : विश्व पृथ्वी दिवस पर भाषण
आदरणीय अध्यापक गण, प्रिंसिपल सर एवं मेरे प्यारे साथियों,
आज पृथ्वी दिवस है यानी पृथ्वी और इसके पर्यावरण को बचाने का संकल्प लेने का दिन। हर साल 22 अप्रैल को दुनिया भर में इसे मनाया जाता है। इसे मनाने की शुरुआत 1970 से हुई। 1960 के दशक में विकास की होड़ में पेड़ काटे जाने लगे थे। नदियों का जल प्रदूषित होने लगा था। 1970 के आसपास अमेरिका समेत कई देशों ने बिगड़ते पर्यावरण के मद्दे की गंभीरता को समझा और पृथ्वी बचाने के लिए एक अभियान की शुरुआत हुई। पिछले कुछ सालों में इस दिन की लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ है। लगातार पेड़ों के काटे जाने से जगंलों का कम होना, बढ़ता वायु व जल प्रदूषण, धरती का बिगड़ता संतुलन दुनिया भर के देशों के लिए सिर दर्द बन गया है। बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग सभी देशों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। धरती और पर्यावरण संकट में है।
विश्व पृथ्वी दिवस 2023 की थीम है - इनवेस्ट इन ऑवर प्लेनेट यानी हम अपनी पृथ्वी को बचाने के लिए प्रयास करें। साथियों पूरे सौरमंडल में सिर्फ पृथ्वी पर जीवन संभव है। और कोई ग्रह नहीं है जहां जीवन जीना मुमकिन है। पृथ्वी पर ही सांस लेने के लिए आवश्यक ऑक्सीजन व पीने योग्य जल समेत विभिन्न जरूरी तत्व हैं। पृथ्वी के पर्यावरण की अनुकूल स्थितियों से ही यहां जीवन जीना संभव हो सका है। लेकिन मनुष्य की कुछ गलतियों की वजह से अब ये पर्यावरण बिगड़ रहा है।
पृथ्वी पर जीवन को बनाए रखने के लिए इस धरती व पर्यावरण को बचाना बहुत जरूरी है। इस पृथ्वी दिवस पर हम सभी को अपनी धरती को हरा भरा और बेहतर बनाने का संकल्प लेना चाहिए। हमें प्रण लेना चाहिए कि हम वायु प्रदूषण और जल प्रदूषण को कम करने के लिए प्रयास करेंगे। हमें ज्यादा से ज्यादा पेड़ उगाने चाहिए। जंगल बचाने होंगे। वन्य जीवन की रक्षा करनी होगी। जीव जंतुओं को बचाना होगा। पॉलिथिन पर बैन के नियम का पालन करना चाहिए क्योंकि यह पर्यावरण के लिए खतरनाक है। हमें गैर-नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग करने के बजाय नवीकरणीय संसाधनों जैसे सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, जल विद्युत आदि पर फोकस करना चाहिए।
साथियों, पृथ्वी दिवस और पर्यावरण दिवस जैसे दिन हर साल मनाए जाते हैं। जबकि इस काम के लिए हमें किसी दिन की जरूरत नहीं है। हम कोई एक दिन या कुछेक दिनों की मेहनत से पृथ्वी व पर्यावरण के नहीं बचा सकते। हम सभी को इसके संरक्षण के लिए जीवन भर के लिए संकल्प लेना होगा। लगातार प्रयास करने होंगे। ऐसा करके ही हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित पर्यावरण दे सकेंगे। हमारे आज के प्रयासों से आगामी पीढ़ियों का अच्छा जीवन जीना सुनिश्चित होगा।
धन्यवाद।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।