यूपी में 8वीं तक के स्कूल 4 अप्रैल तक बंद करने के सीएम योगी ने दिए निर्देश

Mar 31, 2021 12:34 am ISTAlakha Ram Singh एजेंसी, लखनऊ
share Share
Follow Us on

उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर आठवीं कक्षा तक के स्कूल चार अप्रैल तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम अपने आवास पर आहूत उच्च...

यूपी में 8वीं तक के स्कूल 4 अप्रैल तक बंद करने के सीएम योगी ने दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर आठवीं कक्षा तक के स्कूल चार अप्रैल तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम अपने आवास पर आहूत उच्च स्तरीय बैठक में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कक्षा एक से आठ तक के सभी परिषदीय एवं निजी विद्यालयों को चार अप्रैल तक बन्द रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अन्य विद्यालयों में कोविड प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराया जाए। कोरोना से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखते हुए संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए सभी उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

श्री योगी ने कहा कि कोरोना टेस्टिंग का कार्य पूरी क्षमता से संचालित किया जाए। कोविड-19 के सन्दिग्ध मामलों में अनिवार्य रूप से आरटीपीसीआर टेस्ट किए जाएं। फोकस टेस्टिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके अन्तर्गत समूहों में संचालित संस्थानों यथा बालिका संरक्षण गृह, वृद्धाश्रम, अनाथाश्रम, रेजिडेन्शियल स्कूल आदि में कोविड-19 की टेस्टिंग प्राथमिकता पर की जाए।

उन्होंने ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में निगरानी समितियों को पूरी तरह सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर गांव तथा वॉर्ड में निगरानी समितियां गठित की जाएं। सिविल डिफेंस, युवक मंगल दल, महिला मंगल दल आदि संगठनों को निगरानी कार्य से जोड़ा जाए। उन्होंने कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग को प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि कोविड पॉजिटिव व्यक्ति के अधिक से अधिक कॉन्टैक्ट्स को चिन्हित करते हुए ऐसे लोगों की जांच कराई जाए।

श्री योगी ने डेडिकेटेड कोविड अस्पतालों को पूरी क्षमता से संचालित करने के निदेर्श दिये। उन्होंने कहा कि इन अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में मेडिकल स्टाफ, आवश्यक औषधियों, मेडिकल उपकरणों, बैकअप सहित आक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। कोविड-19 से बचाव के सम्बन्ध में लोगों को निरन्तर जागरूक किया जाए। सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित कराया जाए। मास्क के अनिवार्य उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कोरोना वैक्सीनेशन कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोविड टीकाकरण का कार्य केन्द्र सरकार की गाइड लाइन्स और क्रम के अनुरूप संचालित किया जाए। वैक्सीनेशन कराने वाले सरकारी कर्मियों को टीकाकरण की तिथि पर एक दिन का अवकाश अनुमन्य किया जाए। इसी प्रकार निजी सेक्टर के कर्मियों के लिए अवकाश की व्यवस्था भी करायी जाए।

Alakha Ram Singh

लेखक के बारे में

Alakha Ram Singh
करीब एक दशक से पत्रकारिता कर रहे अलख सिंह 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कॉन्टेंट प्रोड्यूसर हैं। अलख बांदा (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं और उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से एमए इन मास कॉम्युनिकेशन किया है। अलख वर्ष 2014 से डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले करीब एक वर्ष तक प्रिंट मीडिया में रिपोर्टिंग/फ्रीलांसिंग भी कर चुके हैं। अलख 2016 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़ने से पहले अमर उजाला और एनबीटी गुड़गांव में भी काम कर चुके हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, Bihar Board Result 2026, CBSE Board Result 2026, UP Board Result 2026 और सरकारी जॉब अपडेट्स हिंदी में पाने के लिए आज ही Live Hindustan App डाउनलोड करें।