Hindi Newsकरियर न्यूज़CBSE 12th marking scheme : Experts said cbse class 12 marks criteria these students will suffer
सीबीएसई 12वीं मार्किंग स्कीम : एक्सपर्ट बोले- इन छात्रों को होगा नुकसान

सीबीएसई 12वीं मार्किंग स्कीम : एक्सपर्ट बोले- इन छात्रों को होगा नुकसान

संक्षेप:

12वीं कक्षा के छात्रों के लिए सीबीएसई द्वारा निर्णित मूल्यांकन फार्मूला पर विशेषज्ञों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। कुछ विशेषज्ञों ने इसे 'पक्षपात रहित और समयबद्ध बताया तो कुछ ने इसे...

Jun 18, 2021 06:46 am ISTPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान टीम, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

12वीं कक्षा के छात्रों के लिए सीबीएसई द्वारा निर्णित मूल्यांकन फार्मूला पर विशेषज्ञों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। कुछ विशेषज्ञों ने इसे 'पक्षपात रहित और समयबद्ध बताया तो कुछ ने इसे ''उपयुक्त नहीं करार दिया। विशेषज्ञों का कहना है कि समय के साथ बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को इसमें नुकसान होगा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बृहस्पतिवार को उच्चतम न्यायालय को सूचित किया कि वह दसवीं कक्षा, 11वीं कक्षा और 12वीं कक्षा के परिणामों के आधार पर 12वीं कक्षा के छात्रों के अंक मूल्यांकन में क्रमश: 30:30:40 का फार्मूला अपनाएगा।
         
तीस फीसदी अंक दसवीं बोर्ड परीक्षा के आधार पर, अगले 30 फीसदी अंक 11वीं कक्षा के और 40 फीसदी अंक 12वीं कक्षा के यूनिट, मध्य टर्म और प्री-बोर्ड परीक्षाओं के आधार पर दिए जाएंगे।
         
कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर को देखते हुए एक जून को सीबीएसई की 12वीं कक्षा की परीक्ष्ज्ञाएं रद्द कर दी गई थीं।
         
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने में शामिल फिक्की अराइज के अध्यक्ष मानित जैन ने कहा, ''यह गलत व्यवस्था है। इस तरह के मानकों के साथ कोई सही करने का प्रयास नहीं कर सकता है,खासकर एक वर्ष में जब छात्रों को काफी परेशानियों से गुजरना पड़ा है। सीबीएसई द्वारा दसवीं कक्षा के लिए जारी मूल्यांकन फार्मूला ज्यादा बेहतर था।''
         
द हेरीटेज स्कूल के सीईओ विष्णु कार्तिक के मुताबिक, सीबीएसई द्वारा जो फार्मूला तय किया गया है वह समयबद्ध लागू किया जाने वाली रूपरेखा है लेकिन यह सही प्रक्रिया से कहीं अधिक दूर है।
         
उन्होंने कहा, ''हमारे पिछले आंकड़े दर्शाते हैं कि 11वीं या दसवीं कक्षा में प्रदर्शन 12वीं कक्षा में प्रदर्शन का उचित अनुमान नहीं है। दसवीं कक्षा के 'तीन बेहतर अंक शामिल करने का कोई वैज्ञानिक कारण नहीं है क्योंकि इनका 12वीं कक्षा के विषयों पर प्रभाव नहीं होता है।''
         
रोहिणी में एमआरजी स्कूल के निदेशक रजत गोयल ने कहा कि सीबीएसई द्वारा तय किए गए और उच्चतम न्यायालय द्वारा मंजूर किए गए मानक महत्वपूर्ण पहलुओं पर कुछ सवाल पैदा करते हैं।
         
उन्होंने कहा, ''बच्चे 11वीं कक्षा में थोड़ा निश्चिंत हो जाते हैं, इसलिए औसत उत्तीर्णांक ठीक नहीं है। इसके अलावा दसवीं कक्षा में समाज शास्त्र जैसे विषयों और भौतिकी, रसायन एवं गणित का स्पष्ट अलग अलग अंक नहीं होना, 12वीं कक्षा की पद्धति से पूरी तरह अलग है।''
         
सेठ आनंद राम जयपुरिया शिक्षण संस्थान समूह के अध्यक्ष शिशिर जयपुरिया ने कहा कि दसवीं कक्षा में तीन बेहतर विषयों के 30 फीसदी अंक को शामिल करना अच्छा निर्णय है क्योंकि बोर्ड परीक्षाएं मानक आकलन मुहैया कराती हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

 निर्मल भारतीया स्कूल के अंग्रेजी विभाग प्रमुख जुगनू सिंह का कहना है कि सीबीएसई ने बारहवीं के परिणाम देने के लिए कक्षा 10 और 11 के परिणामों को शामिल कर मूल्यांकन का बहुत व्यापक मानक देने की कोशिश की है। लेकिन यह ध्यान रखना होगा कि कक्षा 10 और 11 के छात्रों की मानसिकता और अध्ययन का स्तर  बहुत अलग होता है। कक्षा 10 और 11 के लिए 30 प्रतिशत का वेटेज बहुत अधिक लगता है जो शायद उन्हें बहुत अच्छा नहीं लगे। और फिर स्कूल और बोर्ड परीक्षा के परिणामों को मिलाना भी उचित नहीं है। दरअसल कक्षा 11 के छात्रों में उतनी गंभीरता भी नहीं आती यह भी ध्यान में रखना होगा। इसके बाद 12वीं बोर्ड की तैयारी शुरू करने के साथ वे गंभीर हो जाते हैं। हम कक्षा के 10 सीबीएसई परिणामों के समान मानक बना सकते थे।

हेरिटेज एक्सपिरिएंशियल लर्निंग स्कूल की निदेशक और प्रिंसिपल सुश्री नीना कौल का कहना है कि मूल्यांकन का नया मानक लचीला और स्पष्ट है। स्कूलों को विद्यार्थियों के मूल्यांकन की स्पष्ट प्रक्रिया सुनिश्चित करने की सुविधा दी गई है। हालांकि इस मानक में कक्षा 10 के मूल्यांकन को शामिल करना विद्यार्थियों के हित में नहीं होगा क्योंकि कक्षा 10 और कक्षा 11 के विषय, संरचना और शैक्षिक दृष्टिकोण में बहुत अंतर होता है और कक्षा 10 के औसत अंकों का कक्षा 12 के अंकों पर भी प्रभाव पड़ेगा क्योंकि दोनों कक्षाओं के विषय भिन्न हैं। हेरिटेज एक्सपिरिएंशियल में पहले से ही मूल्यांकन की मजबूत पद्धति है इसलिए बोर्ड के मानकों को  लागू करना हमारे लिए कठिन नहीं होगा।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay
पंकज विजय लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर हैं। यहां वह करियर, एजुकेशन, जॉब्स से जुड़ी खबरें देखते हैं। पंकज को पत्रकारिता में डेढ़ दशक से ज्यादा का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने एनडीटीवी डिजिटल, आजतक डिजिटल, अमर उजाला समाचार पत्र में काम किया। करियर-एजुकेशन-जॉब्स के अलावा वह विभिन्न संस्थानों में देश-विदेश, राजनीति, रिसर्च व धर्म से जुड़ी बीट पर भी काम कर चुके हैं। भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा व डीयू से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।