BSEB Bihar Board 12th Result 2023: बिहार के 50 मॉडल स्कूल इंटर की मेरिट से बाहर
बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट में राज्य के मॉडल स्कूलों का प्रदर्शन औसत रहा। 50 मॉडल स्कूल बनाये गये हैं। ये स्कूल ना तो इंटर रिजल्ट की मेधा सूची में शामिल हुए और ना ही यहां का रिजल्ट सौ फीसदी रहा।

बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट में राज्य भर के मॉडल स्कूलों का प्रदर्शन इस बार भी औसत रहा। राज्य भर में 50 मॉडल स्कूल बनाये गये हैं। ये स्कूल ना तो इंटर रिजल्ट की मेधा सूची में शामिल हुए और ना ही यहां का रिजल्ट सौ फीसदी रहा। इन स्कूलों में लगभग 10 से 15 फीसदी विद्यार्थी फेल हो गये। अब इन स्कूलों की फिर से समीक्षा की जाएगी।
शिक्षा विभाग द्वारा वर्ष 2018 में मॉडल स्कूल बनाया गया था। कुल 50 मॉडल स्कूलों में सात पटना जिले में हैं। बता दें कि इन मॉडल स्कूलों में विषयवार शिक्षक भी हैं। मूलभूत संरचनाओं की भी कोई कमी नहीं है। ना तो कक्षाओं की कमी है और ना ही शिक्षकों की। स्कूल में लैब के साथ पुस्तकालय भी है। बावजूद इन स्कूलों का रिजल्ट बेहतर नहीं है। यहां के बच्चे मेधा सूची में भी शामिल नहीं होते हैं।
मॉडल स्कूलों की होगी समीक्षा
रिजल्ट खराब होने के बाद अब मॉडल स्कूलों की समीक्षा की जाएगी। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा सभी स्कूलों से जानकारी मांगी जा रही है। कहां पर किन चीजों की दिक्कतें आ रही है, इसे देखा जाएगा। इसके अलावा विषयवार शिक्षकों की बैठक होगी। शिक्षक के स्तर कहीं कोई दिक्कत तो नहीं है यह भी देखा जाएगा।
राजधानी के बड़े कॉलेज भी मेधा सूची से रहे बाहर
बिहार बोर्ड के इंटर रिजल्ट की मेधा सूची से राजधानी के बड़े कॉलेज भी बाहर रहे। एएन कॉलेज, जेडी वीमेंस कॉलेज, गंगा देवी कॉलेज, अरविंद महिला कॉलेज समेत तमाम बड़े कॉलेज मेधा सूची में शामिल नहीं हुए। कॉलेज ऑफ कॉमर्स की एकमात्र छात्रा पूजा कुमारी ही मेधा सूची में जगह बना पाई। गया कॉलेज के भी किसी छात्र ने मेधा सूची में जगह नहीं बनाई। इन कॉलेजों से छात्र मेधा सूची में अक्सर शामिल होते थे।
पटना में सात मॉडल स्कूल हैं, लेकिन इसमें से किसी स्कूल का एक भी विद्यार्थी इस बार मेधा सूची में जगह नहीं बना सका। इसकी समीक्षा की जाएगी। यह देखा जाएगा कि कहां पर क्या कमी है।
- अमित कुमार, डीईओ, पटना