Hindi Newsकरियर न्यूज़ssc self slot selection delhi police constable exam 2025 admit card guidelines exam dates important updates
देने जा रहे दिल्ली पुलिस कांस्टेबल परीक्षा? ये नहीं किया तो रुक जाएगा एडमिट कार्ड

देने जा रहे दिल्ली पुलिस कांस्टेबल परीक्षा? ये नहीं किया तो रुक जाएगा एडमिट कार्ड

संक्षेप:

SSC ने दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025 के लिए सेल्फ स्लॉट चयन शुरू किया। अभ्यर्थियों को तय समय में शहर और तारीख चुननी होगी, नहीं तो एडमिट कार्ड जारी नहीं होगा।

Dec 04, 2025 09:42 pm ISTHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

delhi police constable exam 2025 : दिल्ली पुलिस में नौकरी करने का सपना देखने वाले उम्मीदवारों के लिए एक अहम सूचना सामने आई है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने दिल्ली पुलिस कांस्टेबल परीक्षा 2025 के लिए उम्मीदवारों को खुद से परीक्षा शहर और तारीख चुनने की सुविधा दे दी है। यह सुविधा सीमित समय के लिए सक्रिय रहेगी और तय समय पर चयन न करने पर उम्मीदवार का एडमिट कार्ड जारी नहीं होगा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

delhi police constable exam 2025 : सेल्फ स्लॉट सुविधा शुरू

SSC ने अपने आधिकारिक पोर्टल ssc.gov.in पर सेल्फ स्लॉट चयन की सुविधा जारी कर दी है। इस सुविधा के तहत कांस्टेबल (ड्राइवर) पुरुष, कांस्टेबल (एक्ज़ीक्यूटिव) पुरुष एवं महिला, हेड कांस्टेबल (मिनिस्टीरियल) और हेड कांस्टेबल (AWO/TPO) समेत कई पदों के उम्मीदवार अपनी पसंद का परीक्षा शहर और दिन चुन सकेंगे। आयोग ने साफ निर्देश दिए हैं कि समय सीमा के भीतर स्लॉट चुनना अनिवार्य है और एक बार चयन के बाद किसी भी प्रकार का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

delhi police constable exam 2025 : परीक्षा तिथियां और स्लॉट टाइमलाइन

SSC ने सभी परीक्षाओं के लिए तारीखें और स्लॉट चयन की अंतिम समय सीमा जारी कर दी है। उदाहरण के तौर पर, कांस्टेबल (ड्राइवर) पुरुष के लिए परीक्षा 16 और 17 दिसंबर 2025 को होगी और इसका स्लॉट चयन 5 दिसंबर से 10 दिसंबर 2025 तक खुला रहेगा। वहीं कांस्टेबल (एक्जीक्यूटिव) पदों के लिए परीक्षा 18 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2026 के बीच होगी और इसके लिए 30 दिसंबर 2025 तक स्लॉट चुना जा सकेगा।

delhi police constable exam 2025 : एक हफ्ते पहले स्लॉट फाइनल करना अनिवार्य

SSC ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि से कम से कम एक हफ्ते पहले अपना स्लॉट चुनना होगा। उदाहरण के रूप में, अगर कोई उम्मीदवार 1 जनवरी 2026 को परीक्षा देना चाहता है, तो उसे 24 दिसंबर 2025 तक अपनी पसंद फाइनल करनी होगी। समय सीमा चूकने पर उस उम्मीदवार का एडमिट कार्ड जारी नहीं होगा।

delhi police constable exam 2025 : आसान प्रक्रिया से करें चयन

अभ्यर्थी सबसे पहले ssc.gov.in/login पर जाकर लॉगिन करें। उसके बाद सेल्फ स्लॉट सेक्शन में जाकर उपलब्ध शहरों और डेट में से अपना विकल्प चुनें। जानकारी की पुष्टि करने के बाद आवेदन सबमिट कर देना होगा। आयोग ने साफ कर दिया है कि सबमिट होने के बाद चयन में किसी प्रकार का बदलाव संभव नहीं है।

delhi police constable exam 2025 : समय पर चयन न करने पर होगा नुकसान

SSC ने जोर देकर कहा है कि तय समय के भीतर स्लॉट न चुनने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा से बाहर माना जाएगा, क्योंकि ऐसे उम्मीदवारों का एडमिट कार्ड जनरेट ही नहीं किया जाएगा। शहर वेरिफिकेशन की अब जरूरत नहीं होगी, क्योंकि एडमिट कार्ड सीधे परीक्षा से कुछ दिन पहले जारी किया जाएगा।

delhi police constable exam 2025 : उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण कदम

यह नई व्यवस्था उम्मीदवारों को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इससे अभ्यर्थी अपनी यात्रा, तैयारी और अन्य व्यक्तिगत परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा की उचित तारीख और शहर चुन सकेंगे। आयोग ने सभी उम्मीदवारों को सुझाव दिया है कि वे समय रहते अपना स्लॉट चयन पूरा कर लें ताकि किसी भी तरह की समस्या न हो।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारी लाइव हिन्दुस्तान में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं। वे करियर, एजुकेशन और जॉब्स से जुड़ी खबरें बनाते हैं। यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी, आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं पर इनकी पैनी नजर रहती है। कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक, जामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2016 में इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत की और लाइव हिन्दुस्तान से पहले जी न्यूज, इंडिया टीवी और एबीपी न्यूज जैसे बड़े मीडिया हाउस में काम कर चुके हैं। करियर, एजुकेशन और जॉब्स के अलावा हिमांशु को राजनीति, देश-विदेश, रिसर्च और मनोरंजन बीट का भी अनुभव है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।