SSC CHSL : खुशखबरी, एसएससी सीएचएसएल भर्ती की वैकेंसी में बंपर इजाफा, 30 लाख आवेदन
SSC CHSL Vacancy: एसएससी ने अपनी सबसे प्रमुख भर्तियों में से एक सीएचएसएल में रिक्तियों का ब्योरा जारी कर दिया है। पिछले साल 23 जून को विज्ञापन के समय रिक्त पदों की संख्या 3131 थी जो 391 पद बढ़कर अब 3522 हो गई है।

SSC CHSL Vacancy : कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (सीएचएसएल) भर्ती 2025 के जरिए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, कार्यालयों और विभागों में लोअर डिविजन क्लर्क (एलडीसी)/जूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (जेएसए), (पोस्टल असिस्टेंट)/(सॉर्टिंग असिस्टेंट), (डाटा इंट्री ऑपरेटर) आदि के 3522 पदों पर भर्ती होगी। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने अपनी सबसे प्रमुख भर्तियों में से एक सीएचएसएल में रिक्तियों का ब्योरा जारी कर दिया है। पिछले साल 23 जून को विज्ञापन के समय रिक्त पदों की संख्या 3131 थी जो 391 पद बढ़कर अब 3522 हो गई है। इनमें अनारक्षित वर्ग के 1675, ओबीसी 768, ईडब्ल्यूएस 337, एससी 490 और एसटी के 252 पद शामिल हैं।
रक्षा विभाग के तहत सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) में 392, आवास और शहरी कार्य मंत्रालय में 361, रक्षा विभाग के अधीन रक्षा लेखा महानियंत्रक कार्यालय में 321, आंतरिक सुरक्षा विभाग के तहत खुफिया ब्यूरो में 316 पद हैं। सीएचएसएल 2025 के लिए देशभर से 30.69 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
अभ्यर्थियों के लिए 22 तक विकल्प भरना अनिवार्य
कर्मचारी चयन आयोग ने सीएचएसएल 2025 की टियर-टू परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों को पोस्ट एवं विभागों के लिए 22 जून की शाम छह बजे तक अनिवार्य रूप से ऑप्शन-कम-प्रेफरेंस (विकल्प) भरने के निर्देश दिए हैं। सीएचएसएल टियर-वन परीक्षा 12 से 30 नवंबर 2025 जबकि टियर-टू दस और 22 अप्रैल 2026 को हुई थी। अब प्रथम चरण के अस्थायी आवंटन (एफआरटीए) और अंतिम परिणाम जारी करने से पहले अभ्यर्थियों से उनकी पोस्ट एवं विभाग संबंधी प्राथमिकताएं मांगी गई हैं। आयोग ने चेतावनी दी है कि जो अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी पोस्ट व विभागीय प्राथमिकताएं नहीं भरेंगे, उन्हें एफआरटीए अथवा अंतिम चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधीन पद केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए हैं।
कांस्टेबल भर्ती के पहले चरण का परिणाम घोषित
कर्मचारी चयन आयोग ने दिल्ली पुलिस कांस्टेबल (एक्जीक्यूटिव) पुरुष एवं महिला भर्ती परीक्षा-2025 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने शारीरिक दक्षता एवं माप परीक्षण (पीई एवं एमटी) तथा दस्तावेज सत्यापन (डीवी) के लिए योग्य अभ्यर्थियों की सूची घोषित कर दी है।
-सीएचएसएल में किस वर्ष कितनी वैकेंसी
वर्ष और पद
2025 - 3,131 से बढ़कर 3522 हुई
2024 3,712
2023 1,600
2022 4,726
2021 4,893
2020 5,789
2019 6,789
2018 3,259
छह साल में सबसे कम आवेदन
(सीएचएसएल) एग्जाम 2025 के लिए छह साल में सबसे कम आवेदन मिले हैं।
वर्षवार पदों और अभ्यर्थियों की संख्या
वर्ष पद अभ्यर्थी
2025 3131 30,69,059
2024 3712 34,55,669
2023 1762 32,17,442
2022 4522 32,35,474
2021 6013 38,05,359
2020 4726 38,98,378


