सीबीटी में कंप्यूटर रीस्टार्ट या बंद न करें, SSC CGL, MTS व GD कांस्टेबल समेत लाखों अभ्यर्थियों के लिए नियम जारी
कर्मचारी चयन आयोग ने आगामी भर्ती परीक्षाओं के मद्देनजर अभ्यर्थियों और परीक्षा कर्मियों के लिए जारी एडवाइजरी में कंप्यूटर सिस्टम में किसी भी तरह का हस्तक्षेप करने पर रोक लगा दी है।

कर्मचारी चयन आयोग ने आगामी भर्ती परीक्षाओं के मद्देनजर अभ्यर्थियों और परीक्षा कर्मियों के लिए जारी एडवाइजरी में कंप्यूटर सिस्टम में किसी भी तरह का हस्तक्षेप करने पर रोक लगा दी है। आयोग ने सलाह दी है कि परीक्षा के दौरान बिना अनुमति कंप्यूटर सिस्टम को रीस्टार्ट या बंद न करें। इससे परीक्षा में अनुचित लाभ लेने या नकल की आशंका होती है। अधिकृत परीक्षा स्टाफ की अनुमति और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही कंप्यूटर सिस्टम रीस्टार्ट किया जा सकता है। इस बाबत एसएससी ने एक अहम एडवाइजरी नोटिस जारी किया है।
एडवाइजरी में अहम निर्देश और चेतावनी दी गई हैं-
1. एडवाइजरी जारी करने का कारण
आयोग ने पिछले वर्षों में आयोजित परीक्षाओं के दौरान यह पाया है कि कुछ मामलों में उम्मीदवार बिना किसी वास्तविक तकनीकी समस्या के, अपने स्तर पर या परीक्षा कर्मचारियों के साथ मिलकर कंप्यूटर सिस्टम को रीस्टार्ट या चेंज करते हैं या उनके साथ छेड़छाड़ करते हैं। आयोग का कहना है कि कंप्यूटर सिस्टम के साथ ऐसा अनाधिकृत हस्तक्षेप परीक्षा की सुरक्षा, निष्पक्षता और सुचारू संचालन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है।
2. क्या है बैन
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अधिकृत परीक्षा कर्मचारियों के अलावा अन्य किसी के भी द्वारा ये चीजें करना मना है -
- कंप्यूटर सिस्टम को रीस्टार्ट या शटडाउन करना।
- कंप्यूटर या मॉनिटर को बदलना।
3. तकनीकी खराबी होने पर अपनाई जाने वाली प्रक्रिया
- यदि परीक्षा शुरू होने से पहले या परीक्षा के दौरान उम्मीदवार को कंप्यूटर सिस्टम में कोई भी तकनीकी समस्या महसूस होती है, तो उसे तुरंत इसकी सूचना सेंटर स्टाफ, इनविजीलेटर या अधिकृत कर्मचारी को देनी होगी।
- इसके बाद, सेंटर स्टाफ समस्या का आकलन करेगा और आवश्यक होने पर क्षेत्रीय कार्यालय , IO या सेंटर समन्वयक के अधिकृत प्रतिनिधि की अनुमति से उचित कदम उठाएगा।
4. कार्रवाई की चेतावनी -यदि कोई भी उम्मीदवार या परीक्षा कर्मी स्वतंत्र रूप से किसी भी प्रकार की अनाधिकृत गतिविधि में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमों और संबंधित परीक्षा अधिसूचना के प्रावधानों के तहत उचित दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। आयोग ने सभी उम्मीदवारों और परीक्षा कर्मियों को सख्त हिदायत दी है कि वे कंप्यूटर सिस्टम और परीक्षा के उपकरणों के साथ किसी भी अनावश्यक हस्तक्षेप से पूरी तरह दूर रहें।
सीएचएसएल के 2536 पदों पर भर्ती के आवेदन शुरू
कर्मचारी चयन आयोग ने संयुक्त हायर सेकेंडरी लेवल (सीएचएसएल) 2026 के लिए नोटिफिकेशन सोमवार को जारी कर दी। इस भर्ती के जरिए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और कार्यालयों में लोअर डिवीजन क्लर्क/जूनियर सेक्रेट्रिएट असिस्टेंट और डाटा एंट्री ऑपरेटर समेत विभिन्न प्रकार के 2536 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। हालांकि, अंतिम रिक्तियों की संख्या बाद में जारी की जाएगी। अभ्यर्थी सात अक्टूबर रात 11 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।


