शशि थरूर की अंग्रेजी को छोड़िए, स्मृति ईरानी के इन शब्दों की खूब चर्चा; आपका भी ज्ञान हो जाएगा दमदार
स्मृति ईरानी की अंग्रेजी के चंद शब्दों की खूब चर्चा हो रही है। आप भी इन शब्दों के बारे में जानकर अपने शब्दकोष में शब्दों के भंडार को बढ़ा सकते हैं।

अंग्रेजी सुधारने के लिए अक्सर यही सलाह दी जाती है कि खूब किताबें पढ़ो, अखबार पढ़ो, तब कहीं जाकर शब्दों का भंडार बढ़ता है। लेकिन कभी-कभी कोई एक इंटरव्यू ही इतना असरदार निकल जाता है कि वह किसी मास्टरक्लास से कम नहीं लगता। कुछ ऐसा ही हुआ जब बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और फिल्म डायरेक्टर-प्रोड्यूसर करण जौहर पत्रकार बरखा दत्त के शो 'वी द वीमेन' में आमने-सामने बैठे। यह बातचीत सिर्फ राजनीति और सिनेमा के मुद्दों तक सीमित नहीं रही बल्कि दर्शकों के लिए यह एक अनजाने में मिला अंग्रेजी भाषा का सबक बन गई।
स्मृति ईरानी हमेशा से अपनी दमदार बोलने की कला के लिए जानी जाती रही हैं। चाहे संसद में उनका भाषण हो या किसी टीवी डिबेट में उनकी दलीलें, वे अपनी बात बेहद स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ रखती हैं। इस इंटरव्यू में भी कुछ वैसा ही देखने को मिला। उन्होंने जिस सफाई और नजाकत के साथ अपने विचार पेश किए, उसने दर्शकों को हैरान कर दिया। कमेंट सेक्शन में कई लोगों ने लिखा कि यह बातचीत सुनकर उन्हें ऐसा लगा जैसे वे कोई इंग्लिश स्पीकिंग क्लास अटेंड कर रहे हों।
शशि थरूर की अंग्रेजी को मिली टक्कर
दिलचस्प बात यह है कि जब भी शब्दों की महारत और वोकैबुलरी की बात होती है तो अक्सर कांग्रेस सांसद शशि थरूर का नाम सबसे पहले जहन में आता है। थरूर की अंग्रेजी और उनके मुश्किल शब्दों का इस्तेमाल इतना मशहूर है कि लोग अक्सर मजाक में कहते हैं कि उनकी बात समझने के लिए डिक्शनरी साथ रखनी पड़ती है। उनकी वोकैबुलरी का सानी ढूंढना आसान नहीं रहा। लेकिन इस बार चर्चा का केंद्र शशि थरूर नहीं बल्कि स्मृति ईरानी बनीं, जिन्होंने बिना किसी दिखावटी भारी-भरकम शब्दों के बेहद सहज लेकिन प्रभावशाली अंदाज में अपनी बात रखी। यही वजह है कि दर्शकों को यह बातचीत ज्यादा रिलेटेबल और सीखने लायक लगी।
अब बात करते हैं उन शब्दों की, जो इस इंटरव्यू से निकलकर आपकी रोजमर्रा की अंग्रेजी वोकैबुलरी में शामिल हो सकते हैं -
सबसे पहला शब्द है 'ऑफ द ब्लॉक' (Off the block) जिसका इस्तेमाल तब होता है जब किसी काम की शुरुआत बहुत तेजी और फुर्ती से की जाए। वहीं 'वर्बोज' (Verbose) उस स्थिति के लिए इस्तेमाल होता है जब कोई एक सीधी-सी बात कहने के लिए जरूरत से ज्यादा शब्दों का इस्तेमाल कर दे।
एक दिलचस्प मुहावरा भी सामने आया, 'टंग लैशिंग इज वेरी परफ्यूम्ड' (Tongue lashing is very perfumed) जिसका मतलब है किसी को कड़ी फटकार लगाना, लेकिन इतने विनम्र और मीठे शब्दों में कि सुनने वाले को बुरा भी न लगे। 'रॉक द बोट' (Rock the boat) का मतलब है किसी शांत और सहज चल रही स्थिति में जानबूझकर खलल डालना।
'कॉग्निजेंट' (Cognizant) जिसका मतलब होता है अपने आसपास हो रही चीजों के प्रति पूरी तरह जागरूक और सचेत रहना। इसके बाद आता है 'इनसेसेंट' (Incessant) यानी कोई ऐसी चीज जो लगातार बिना रुके चलती रहे और परेशान करने वाली हो।
'अनएबैशेडली' (Unabashedly) यानी बिना किसी शर्म या झिझक के पूरे गर्व के साथ कुछ करना। 'कैंटैंकरस' (Cantankerous) जो चिड़चिड़े, बदमिजाज और हमेशा बहस के लिए तैयार रहने वाले इंसान के लिए इस्तेमाल होता है।
'इफ्यूसिव' (Effusive) शब्द तब इस्तेमाल होता है जब कोई अपनी खुशी या तारीफ का इजहार बेहद जोश और नाटकीय अंदाज में करे। 'डिस्पोजिशन' (Disposition) किसी इंसान के स्वभाव, मिजाज या मूल चरित्र को दर्शाता है। 'ट्यूटलेज' (Tutelage) का मतलब है किसी माहिर व्यक्ति की देखरेख में मिलने वाला मार्गदर्शन या सीख।
'टेनेसिटी' (Tenacity) उस मानसिक मजबूती को कहते हैं, जिसके दम पर इंसान मुश्किलों के बावजूद हार नहीं मानता और डटा रहता है। और आखिरी शब्द है 'वेयरविदल ऑफ टाइम' (Wherewithal of time) का मतलब है किसी काम को करने के लिए पर्याप्त समय और ऊर्जा का होना।

