
स्कूल खुले, लेकिन राहत नहीं, कई शहरों में अब भी छुट्टी; यूपी का क्या हाल
शीतकालीन अवकाश के बाद दिल्ली एनसीआर में स्कूल खुल गए हैं, लेकिन देश के कई शहरों में त्योहार, ठंड और आयोजनों के कारण स्कूल अभी बंद हैं या उनके समय में बदलाव किया गया है।
देश के अधिकतर हिस्सों में 19 जनवरी से स्कूलों में सामान्य पढ़ाई की शुरुआत हो गई है, लेकिन हर जगह हालात एक जैसे नहीं हैं। दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में सोमवार को स्कूल दो हफ्ते के शीतकालीन अवकाश के बाद खुल गए, वहीं प्रयागराज, पंजाब, पुणे और कुछ अन्य शहरों में मौसम, त्योहारों और बड़े आयोजनों के चलते स्कूल या तो बंद हैं या उनके समय में बदलाव किया गया है। शिक्षा विभागों और जिला प्रशासन की ओर से अलग अलग परिस्थितियों को देखते हुए फैसले लिए गए हैं। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपने अपने जिलों के स्कूलों और प्रशासनिक आदेशों पर नजर बनाए रखें।
प्रयागराज में माघ मेला और पर्वों के चलते स्कूल बंद
प्रयागराज में माघ मेला, मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या के कारण भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। यहां कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल 16 से 20 जनवरी 2026 तक बंद रखे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मेले के दौरान यातायात, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन बड़ी चुनौती होती है, इसलिए छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। हालांकि, अन्य जिलों में स्कूल सामान्य रूप से खुल सकते हैं , लेकिन कड़ाके की ठंड को देखते हुए समय में बदलाव किया जा सकता है।
पंजाब में स्कूल खुले, लेकिन टाइमिंग बदली
पंजाब में स्कूल सोमवार को खुल गए हैं, लेकिन ठंड के कारण स्कूल समय में बदलाव किया गया है।सरकारी निर्देशों के अनुसार, 21 जनवरी तक प्राथमिक स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपर प्राइमरी, सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी स्कूल भी 10 बजे से 3 बजे तक संचालित होंगे। स्कूल प्रमुखों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि छात्रों को समय से पहले न बुलाया जाए और सभी सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि ठंड के असर से बच्चों को बचाया जा सके।
पुणे में साइक्लिंग इवेंट के कारण एक दिन की छुट्टी
पुणे में ‘पुणे ग्रैंड टूर 2026’ साइक्लिंग इवेंट के चलते 20 जनवरी 2026 (मंगलवार) को कुछ इलाकों के स्कूल बंद रहेंगे। जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी ने 18 जनवरी को यह फैसला ट्रैफिक और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया। TCS सर्कल, हिंजवाड़ी फेज 3 से डॉ. डी.वाई. स्कूल , पाटिल कॉलेज, अकुर्डी, ग्रामीण पुणे और पिंपरी चिंचवड़ (PCMC) रूट पर आने वाले स्कूल इस दिन बंद रहेंगे। हालांकि, इन रूट्स के बाहर स्थित स्कूल सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
स्कूलों पर मौसम, त्योहार और प्रदूषण का असर
19 जनवरी से भले ही अधिकतर राज्यों में स्कूल खुल गए हों, लेकिन ठंड, कोहरा, प्रदूषण और स्थानीय त्योहार अभी भी कई इलाकों में पढ़ाई के समय को प्रभावित कर रहे हैं। दिल्ली एनसीआर, तमिलनाडु, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों में स्कूल खुल चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने साफ कहा है कि स्थिति के अनुसार आगे भी फैसले बदले जा सकते हैं ।
अभिभावकों के लिए जरूरी सलाह
शिक्षा अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के स्कूल से नियमित अपडेट लेते रहें। जिला प्रशासन और शिक्षाा विभाग की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें। मौसम को देखते हुए बच्चों को पर्याप्त गर्म कपड़ों में स्कूल भेजें। कुल मिलाकर, जनवरी के इस तीसरे हफ्ते में स्कूलों की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं है। कहीं पढ़ाई शुरू हो चुकी है, तो कहीं सुरक्षा और मौसम के कारण एहतियात बरती जा रही है।





