
8 से 13 दिसंबर तक कई राज्यों में स्कूल बंद, मौसम, हड़ताल, चुनाव बने वजह; आपके राज्य का क्या हाल
school holidays news : दिसंबर के दूसरे हफ्ते में अलग-अलग वजहों से कई राज्यों में स्कूल बंद रहेंगे। मौसम, हड़ताल और चुनाव को देखते हुए अभिभावकों को सलाह है कि रोजाना अपने स्कूल की ताजा सूचना जरूर चेक करें।
school holidays news : दिसंबर के दूसरे हफ्ते में दक्षिण और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में स्कूलों की घंटी नहीं बजेगी। वजहें अलग-अलग हैं। कहीं चक्रवाती तूफान दितवाह के बाद बिगड़े मौसम ने हालात खराब किए, कहीं शिक्षकों की हड़ताल ने स्कूल बंद कराए और कहीं स्थानीय निकाय चुनाव के चलते छुट्टी का ऐलान हुआ। 8 दिसंबर से 13 दिसंबर तक कई राज्यों में पढ़ाई पर ब्रेक लगने वाला है। किन किन राज्यों में स्कूल बंद होने वाले हैं, आइए जानते हैं।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में बारिश के चलते स्कूल बंद
चक्रवाती तूफान दितवाह के बाद दक्षिण भारत के कई इलाकों में मौसम तेजी से बिगड़ा है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मध्यम से तेज बारिश का दौर जारी है। इस वजह से कई जिलों में स्कूलों के अगले हफ्ते बंद रहने की पूरी संभावना है। राज्य सरकारें हालात देखते हुए दिन-प्रतिदिन छुट्टियों का ऐलान कर रही हैं। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि बच्चे स्कूल भेजने से पहले संबंधित स्कूल से पुष्टि कर लें।
महाराष्ट्र में शिक्षकों की राज्यव्यापी हड़ताल से पढ़ाई ठप
महाराष्ट्र में स्थिति बिल्कुल अलग है। यहां शिक्षक संगठनों के बड़े आंदोलन के चलते पढ़ाई पर असर पड़ा है। राज्य के लगभग 25,000 स्कूलों में से करीब 18,000 स्कूलों (9वीं-10वीं) में शिक्षण पूरी तरह ठप रहा। शिक्षक और गैर-शिक्षक वर्ग अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, जिससे कई जिलों खासकर मराठवाड़ा में स्कूल बंद हैं। मुंबई पर असर कम दिखा है, लेकिन बाकी हिस्सों में स्कूलों के बंद रहने की संभावना अगले हफ्ते भी जारी रह सकती है।
सरकार ने चेतावनी दी है कि हड़ताल पर रहने वाले कर्मचारियों की ‘एक दिन की सैलरी काटी जाएगी’। इसके बाद शिक्षक संगठनों का गुस्सा और भड़क गया। उनका कहना है, “एक दिन की वेतन कटौती हमारे अधिकारों पर हमला है, आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं।”
केरल में 9 और 11 दिसंबर को चुनावी छुट्टी
केरल सरकार ने 9 और 11 दिसंबर को स्थानीय निकाय चुनाव के कारण आधिकारिक स्कूल छुट्टियों का ऐलान किया है। सभी सरकारी व गैर-सरकारी स्कूल इन दो दिनों में बंद रहेंगे।





