
24 नवंबर को इन राज्यों में स्कूल-कॉलेज बंद, छात्रों के लिए बन गया दो दिन का सुपर वीकेंड
School Holiday News : 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर कई राज्यों में स्कूल कॉलेज बंद रहेंगे। रविवार संग छात्रों को दो दिन की छुट्टी रहेगी। कई राज्यों में बैंक भी बंद रहेंगे।
School Holiday News : देशभर में 24 नवंबर को श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस के मौके पर कई राज्यों की सरकारों ने सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का ऐलान किया है। यह तारीख सोमवार को पड़ रही है, इसलिए रविवार की वीकली छुट्टी के साथ मिलकर छात्रों और अध्यापकों को लगातार दो दिनों का आराम मिलने जा रहा है। इस वजह से स्कूल कॉलेजों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए यह छोटा सा मिनी वीकेंड बन गया है।
24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर जी का शहादत दिवस
सिख इतिहास में गुरु तेग बहादुर जी का स्थान उनके अदम्य साहस और धर्म की रक्षा के कारण बेहद ऊंचा माना जाता है। हिंद की चादर के नाम से मशहूर नौवें सिख गुरु ने 1675 में अपनी जान केवल अपने धर्म के लिए नहीं, बल्कि उन लोगों की आस्था बचाने के लिए कुर्बान कर दी जो उनसे अलग धार्मिक पृष्ठभूमि से आते थे। औरंगजेब के अत्याचारों के विरोध में दिल्ली के चांदनी चौक में उनका बलिदान भारतीय इतिहास का एक ऐसा अध्याय है, जिसे हर साल बेहद श्रद्धा के साथ याद किया जाता है। गुरुद्वारों में इस अवसर पर पाठ, कीर्तन, नगर कीर्तन और विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जहां उनके जीवन, विचारों और साहस को स्मरण किया जाता है।
किन राज्यों में 24 नवंबर को अवकाश
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, कई प्रदेशों ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है कि सोमवार को सभी सरकारी और निजी संस्थान बंद रहेंगे। इनमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड शामिल हैं। इन इलाकों में स्कूल कॉलेजों के साथ साथ सरकारी दफ्तर, नगरपालिका इकाइयां, अदालतें, और अधिकांश सार्वजनिक संस्थान भी सोमवार को काम नहीं करेंगे।
छात्रों को मिल रहा है दो दिन का लगातार ब्रेक
चूंकि 24 नवंबर सोमवार है, इसलिए रविवार 23 नवंबर की छुट्टी जोड़कर छात्रों के पास पढ़ाई से दूर दो दिन का पूरा आराम होगा। इन दो दिनों में किसी भी स्तर पर शिक्षण कार्य या कक्षाएं नहीं चलेंगी।
बैंकों में भी कामकाज रहेगा रुका हुआ
आरबीआई की 2025 की छुट्टियों की सूची के अनुसार, 24 नवंबर को कई राज्यों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। काउंटर पर मिलने वाली सेवाएं जैसे कि नकदी जमा, चेक क्लियरिंग, डिमांड ड्राफ्ट, अकाउंट अपडेट की ये सभी सुविधाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। जिन राज्यों में बैंक बंद रहेंगे उनमें दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और जम्मू एवं कश्मीर शामिल हैं। हालांकि, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और एटीएम सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। बैंक 25 नवंबर से फिर से नियमित कामकाज शुरू करेंगे।





