
दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में कल अवकाश, सेन्यार चक्रवात बनेगा आफत? क्या तमिलनाडु, बंगाल में भी छुट्ठी
school holiday 25 november : गुरु तेगबहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के मद्देनजर दिल्ली, यूपी, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड सहित कई राज्यों में 25 नवंबर को स्कूल बंद रहेंगे। वहीं सेन्यार चक्रवात की वजह कई राज्यों के स्कूलों की बंद किए जाने की घोषणा की जा सकती है।
school holiday 25 november : गुरु तेगबहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के सम्मान में 25 नवंबर (मंगलवार) को राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही खराब मौसम और भारी बारिश के अलर्ट के कारण देश के कई राज्यों में भी स्कूल बंद रहने की संभावना तेज हो गई है। दिल्ली सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के बाद सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और बड़ी संख्या में निजी स्कूलों के बंद रहने की पुष्टि हो चुकी है। वहीं दक्षिण भारत में चक्रवाती परिसंचरण के मद्देनज़र तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और तटीय इलाकों में स्कूलों की छुट्टी होने की उम्मीद जता दी गई है।

दिल्ली में 25 नवंबर को पब्लिक हॉलिडे
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ट्वीट कर 25 नवंबर को सरकारी अवकाश का ऐलान किया। ट्वीट में कहा गया कि गुरु तेगबहादुर जी का त्याग और आस्था की रक्षा के लिए उनकी कुर्बानी सदियों तक प्रेरणा देती रहेगी, इसलिए दिल्ली में इस ऐतिहासिक अवसर पर सभी सरकारी संस्थान बंद रहेंगे। सरकार के आदेश के बाद दिल्ली के सरकारी स्कूल, सरकारी कार्यालय और अधिकतर निजी स्कूल भी 25 नवंबर को बंद रहेंगे। इसके साथ, प्रदूषण के बढ़ते स्तर और PM2.5 खतरनाक जोन में पहुंचने के कारण दिल्ली-एनसीआर में कक्षा 5 तक के छात्रों के लिए पहले से ही हाइब्रिड व ऑनलाइन क्लास मोड जारी है। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे स्कूल के आधिकारिक नोटिस का इंतज़ार करें और फोन या नोटिस बोर्ड के माध्यम से पुष्टि कर लें।
उत्तर प्रदेश ने भी बदली छुट्टी की तारीख, अब 25 नवंबर को अवकाश
उत्तर प्रदेश सरकार ने 2025 के राजपत्रित छुट्टियों के कैलेंडर में संशोधन करते हुए शहीदी दिवस की छुट्टी 24 नवंबर से बदलकर 25 नवंबर कर दी है। सचिवालय, सरकारी कार्यालय, स्कूल–कॉलेज और कई निजी संस्थान मंगलवार को बंद रहेंगे। पूर्व में छुट्टी को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन संशोधित नोटिफिकेशन के बाद स्पष्ट कर दिया गया है कि यूपी में भी 25 नवंबर को अवकाश रहेगा।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तराखंड में भी स्कूल बंद
गुरु तेगबहादुर जी का शहीदी दिवस उत्तरी भारत के कई राज्यों में अत्यंत सम्मान के साथ मनाया जाता है। इसी परंपरा के तहत पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तराखंड में भी 25 नवंबर को स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। हरियाणा सरकार ने एक विशेष सरकारी आदेश जारी करते हुए बताया है कि कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं और स्कूली बच्चों के शामिल होने की उम्मीद है।
दक्षिण भारत में खराब मौसम के कारण हो सकती हैं छुट्टियां
मौसम विभाग के मुताबिक स्ट्रेट ऑफ मलक्का और साउथ अंडमान सी के ऊपर लो-प्रेशर सिस्टम एक्टिव है। इसके चलते तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और दक्षिण के तटीय इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। इसलिए कई जिलों में 25 नवंबर को स्कूल बंद होने की संभावना बढ़ गई है। पुडुचेरी और कराईकल में आज ही भारी बारिश की वजह से स्कूल-कॉलेज बंद रहे।
केरल और बंगाल के हालात पर भी नजर
केरल कई जिलों में भारी बारिश से जूझ रहा है। यदि हालात और बिगड़ते हैं तो जिला प्रशासन 25 नवंबर को छुट्टी का ऐलान कर सकता है। पश्चिम बंगाल में अभी आधिकारिक अपडेट नहीं है, पर मौसम प्रणाली के मजबूत होने पर वहां भी छुट्टियों की घोषणा हो सकती है।





