24 सितंबर को बंद रहेंगे स्कूल? बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव, जानें आईएमडी का ताजा अपडेट
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के चलते मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। इस स्थिति को देखते हुए कई राज्यों को अलर्ट कर दिया गया है। जानें आईएमडी का ताजा अपडेट।

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के चलते ओडिशा के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। दक्षिणी और तटीय जिलों में भारी बारिश के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में 24 सितंबर, गुरुवार को ओडिशा के 8 जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने का फैसला लिया गया है। हालांकि, यह छुट्टी छात्रों के लिए है जबकि शिक्षकों और दूसरे स्कूल कर्मचारियों को ड्यूटी पर पहुंचना होगा। इस स्थिति को लेकर ओडिशा के आस पास के राज्यों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, ऐसे में छात्रों और अभिभावकों के मन में असमंजस की स्थिति बनी हुई है कि क्या 24 सितंबर को स्कूल बंद रहेंगे या नहीं।
24 सितंबर को इन 8 जिलों में बंद रहेंगे स्कूल
मौसम संबंधी स्थिति और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ओडिशा के नबरंगपुर, पुरी, जगतसिंहपुर, गंजाम, गजपति, कोरापुट, खुर्दा और मलकानगिरी में 24 सितंबर को स्कूल बंद रहेंगे। इन जिलों के आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्रों की छुट्टी मगर शिक्षकों को जाना होगा स्कूल
प्रशासन के आदेश के मुताबिक छुट्टी छात्रों के लिए है। शिक्षक और स्कूल के दूसरे कर्मचारी अपने-अपने संस्थानों में ड्यूटी के लिए उपस्थित होंगे। प्रधानाध्यापकों को स्टाफ की रोस्टर के आधार पर ड्यूटी लगाने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर स्कूल भवनों का इस्तेमाल किया जा सके। स्कूल परिसरों को 24 घंटे सुलभ और आपात स्थिति के लिए तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसका मकसद खराब मौसम के दौरान जरूरत पड़ने पर स्कूल भवनों को राहत या बचाव कार्यों के लिए इस्तेमाल करना है।
भारी बारिश के बीच मौसम का बिगड़ा मिजाज
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र ओडिशा-आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ा है। इसके प्रभाव से दक्षिणी ओडिशा में 23 और 24 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में बेहद भारी बारिश का भी खतरा बताया गया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में राहत और बचाव की तैयारियां भी बढ़ाई हैं। कई जिलों में आपदा प्रतिक्रिया टीमों को तैनात किया गया है।
पुरी में समुद्र स्नान पर रोक
खराब मौसम का असर पुरी के समुद्र तट पर भी दिखाई दे रहा है। प्रशासन ने समुद्र तट पर लाल झंडे लगाए हैं और गुरुवार तक समुद्र में स्नान पर रोक लगा दी है। लोगों को समुद्र में नहीं जाने की हिदायत दी गई है।
आंध्र प्रदेश में भी स्कूलों पर मौसम का असर
ओडिशा के साथ आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भी भारी बारिश की स्थिति बनी हुई है। विजयनगरम समेत कुछ जिलों में 23 सितंबर को स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई थी। आगे की स्थिति पर स्थानीय प्रशासन के आदेश के आधार पर फैसला लिया जाएगा। ऐसे में 24 सितंबर को स्कूल जाने वाले छात्रों और अभिभावकों के लिए जरूरी है कि वे अपने जिले के प्रशासन और स्कूल की ओर से जारी ताजा सूचना जरूर देखें।
कई राज्यों में तेज बारिश और आंधी का दौर
इस मौसम प्रणाली का असर सिर्फ तटीय इलाकों तक सीमित नहीं रहेगा। आईएमडी ने ओडिशा में 23-24 सितंबर को गरज-चमक के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, जबकि झोंकों के दौरान हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई है। छत्तीसगढ़ में भी 23-24 सितंबर को आंधी-तूफान के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। तेलंगाना में 24 और 25 सितंबर को कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है। 23-24 सितंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर को लेकर फिलहाल राहत की स्थिति है। आईएमडी के अनुसार 24 सितंबर को दिल्ली में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान है और अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 25 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जबकि 26 सितंबर को आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। इन दिनों अधिकतम तापमान करीब 32-35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

