14 अगस्त को बंद रहेंगे स्कूल? झमाझम बारिश के बीच क्या कल होगा अवकाश, क्या है IMD का अपडेट
मॉनसून की भारी बारिश के बीच 14 अगस्त यानी कल क्या छुट्टी का ऐलान किया गया है? बारिश को लेकर आईएमडी का ताजा अपडेट जानिए।

मॉनसून की बारिश ने देश के अलग अलग हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला बने रहने का अनुमान जताया है। इसके अलावा यूपी, बिहार, राजस्थान, हरियाणा समेत कई राज्यों में बारिश के आसार हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल छात्रों और अभिभावकों के सामने है कि क्या 14 अगस्त शुक्रवार को स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे? फिलहाल इसका जवाब जिले दर जिले जारी होने वाले प्रशासनिक आदेश पर निर्भर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, 13 से 17 अगस्त के दौरान देश के अलग अलग हिस्सों में काफी व्यापक से व्यापक बारिश होने की संभावना है। वहीं 13 और 14 अगस्त को कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवाओं की भी चेतावनी दी है।
14 अगस्त को स्कूल बंद रहेंगे?
भारी बारिश के बीच स्कूल बंद होने की चर्चा तेज है, लेकिन देशव्यापी छुट्टी का कोई निर्देष 14 अगस्त को नहीं दिया गया है । गौरतलब है कि आईएमडी का काम मौसम की चेतावनी जारी करना है, जबकि किसी जिले में स्कूलों को बंद करने का फैसला स्थानीय प्रशासन और संबंधित जिला अधिकारियों द्वारा मौसम की स्थिति को देखते हुए लिया जा सकता है। इसलिए अभिभावकों और छात्रों को छुट्टी से जुड़ी जानकारी के लिए अपने जिले के जिला प्रशासन, कलेक्टर और संबंधित स्कूल की आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करना चाहिए।
बंगाल, झारखंड और ओडिशा में सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक बारिश दर्ज की गई। झारखंड और पूर्वी राजस्थान में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक और मेघालय में भी भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश गंगीय पश्चिम बंगाल के हल्दिया और ओडिशा के बालासोर में 24-24 सेंटीमीटर दर्ज की गई। झारखंड के मझगांव में 18 सेंटीमीटर और पूर्वी राजस्थान के मांडलगढ़ में 15 सेंटीमीटर बारिश हुई।
उत्तर भारत में भी बारिश का दौर
आईएमडी ने 13 से 19 अगस्त के दौरान हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और उत्तराखंड में कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अलग-अलग दिनों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तराखंड में 13 से 19 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14-15 अगस्त तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13-15 अगस्त के दौरान भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
मध्य भारत में छत्तीसगढ़ पर विशेष नजर
छत्तीसगढ़ में 13 और 14 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश तथा विदर्भ में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में 13 से 17 अगस्त तक कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में 13 से 19 अगस्त तक व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है। अरुणाचल प्रदेश में 15 से 17 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में भी 13 से 19 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
पश्चिम और दक्षिण भारत में भी बारिश
कोंकण और गोवा में 13 से 19 अगस्त तक तथा मध्य महाराष्ट्र में 13 से 15 अगस्त तक व्यापक बारिश हो सकती है। गुजरात क्षेत्र में 13-14 अगस्त को बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और अन्य क्षेत्रों में भी बारिश का अनुमान है। तटीय कर्नाटक में 13 से 19 अगस्त तक व्यापक बारिश हो सकती है, जबकि केरल और तमिलनाडु में 13-14 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों के पास 14 अगस्त की सुबह तक 45-55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। झोंकों के साथ हवा की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके बाद हवा की गति धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। 15 अगस्त की सुबह तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के तटीय इलाकों में समुद्र की स्थिति खराब रहने की संभावना है। मछुआरों को भी बंगाल की खाड़ी के प्रभावित हिस्सों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में 13 अगस्त को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और दोपहर से शाम के बीच एक-दो बार बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 14 अगस्त को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 15 अगस्त को भी हल्की बारिश की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 16 अगस्त को भी एक-दो बार बहुत हल्की बारिश हो सकती है।
कई जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा
आईएमडी ने अगले 24 घंटों के लिए छत्तीसगढ़, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ जिलों में कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड जोखिम का पूर्वानुमान जारी किया है। छत्तीसगढ़ में बलरामपुर, जशपुर, कोरबा, कोरिया, रायगढ़ और सूरजपुर, ओडिशा में बालासोर, देवगढ़, क्योंझरगढ़, मयूरभंज और सुंदरगढ़, पश्चिम बंगाल में बांकुड़ा, पूर्वी मिदनापुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, दक्षिण 24 परगना और पश्चिम मिदनापुर तथा झारखंड के कई जिलों को जोखिम वाले क्षेत्रों में रखा गया है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान कमजोर ढांचों, पेड़ों और निचले इलाकों से सावधान रहने की सलाह दी है। भारी बारिश से जलभराव, बाढ़, भूस्खलन और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। बिजली गिरने की स्थिति में लोगों को पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने और जलाशयों से तुरंत बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
स्कूल छुट्टी को लेकर क्या करें?
अगर किसी जिले में बारिश की स्थिति बिगड़ती है, तो स्थानीय प्रशासन अलग से स्कूल बंद करने का आदेश जारी कर सकता है। इसलिए 14 अगस्त की छुट्टी की पुष्टि के लिए आधिकारिक जिला आदेश का इंतजार करना जरूरी है। यानी फिलहाल आईएमडी ने भारी बारिश का अलर्ट जरूर दिया है, लेकिन उपलब्ध मौसम बुलेटिन के आधार पर पूरे केरल में 14 अगस्त को स्कूल बंद रहने की घोषणा नहीं हुई है। जिलेवार आदेश आने पर स्थिति बदल सकती है।


