Hindi Newsकरियर न्यूज़School Closer News : severe winter cold wave school closed punjab assam up bihar jharkhand students safety
ठंड का कहर, पंजाब से असम तक स्कूल बंद; किस राज्य में कब तक छुट्टी

ठंड का कहर, पंजाब से असम तक स्कूल बंद; किस राज्य में कब तक छुट्टी

संक्षेप:

School Closer News: भीषण ठंड और घने कोहरे के चलते उत्तर व पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। पंजाब, असम, यूपी, बिहार और झारखंड में लाखों छात्रों को राहत मिली।

Jan 02, 2026 03:59 pm ISTHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

School Closer News : उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन के साथ-साथ स्कूल व्यवस्था को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। तापमान में लगातार गिरावट, घना कोहरा और शीतलहर के चलते कई राज्यों में लाखों छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया है। पंजाब से लेकर असम, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड तक राज्य सरकारों और जिला प्रशासन ने या तो सर्दियों की छुट्टियां बढ़ा दी हैं या फिर अस्थायी रूप से कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं।

पंजाब में 7 जनवरी तक स्कूल बंद

पंजाब में ठंड और कोहरे की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी स्कूलों में छुट्टियों का ऐलान किया है। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है। आदेश के मुताबिक, राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूल 7 जनवरी तक बंद रहेंगे। सभी स्कूल 8 जनवरी 2026 से अपने नियमित समय पर दोबारा खुलेंगे। सरकार ने साफ कहा है कि बच्चों और स्कूल स्टाफ की सेहत और सुरक्षा सर्वोपरि है।

असम में गुवाहाटी समेत स्कूलों पर ताला

पूर्वोत्तर भारत में भी ठंड का असर तेजी से बढ़ा है। असम के कामरूप महानगर जिले, जिसमें गुवाहाटी शहर शामिल है, वहां सभी सरकारी और प्रांतीयकृत स्कूलों को एक हफ्ते के लिए बंद कर दिया गया है। जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2026 तक स्कूल बंद रहेंगे और 7 जनवरी से कक्षाएं फिर शुरू होंगी। इस दौरान सभी शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक रहेगी। निजी स्कूलों को छात्रों के हित में खुद फैसला लेने की सलाह दी गई है।

IMD की चेतावनी, तापमान सामान्य से नीचे

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, गुवाहाटी में अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.4 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक बादल, हल्की बारिश और कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। पूर्वोत्तर असम के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण को मौसम के बिगड़ते हालात की बड़ी वजह बताया गया है।

यूपी के गौतम बुद्ध नगर में स्कूलों की छुट्टी

उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में भी घने कोहरे और भीषण ठंड को देखते हुए स्कूल बंद करने के आदेश जारी किए गए थे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक सभी बोर्डों जैसे कि सीबीएसई, आईसीएसई, आईबी और यूपी बोर्ड के स्कूलों को 1 जनवरी 2026 तक बंद रखने का निर्देश दिए गए थे। हालांकि, आदेश में यह भी कहा गया है कि शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को स्कूल आना होगा। जिले में स्कूल 2 जनवरी से फिर खुले।

हालांकि, मथुरा जिले में भी ठंड और कोहरे को देखते हुए कक्षा आठवीं तक के सभी स्कूलों में 14 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों के साथ-साथ राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, वित्तविहीन, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य सभी बोर्डों से संचालित विद्यालयों पर समान रूप से लागू रहेगा, ताकि छोटे बच्चों को कड़ाके की ठंड से सुरक्षित रखा जा सके।

बिहार और झारखंड में भी राहत

बिहार में पटना समेत कई जिलों में तापमान गिरने के बाद स्कूलों को 30 दिसंबर तक बंद कर दिया गया। वहीं झारखंड में रांची सहित कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य सरकार ने एहतियातन 31 दिसंबर तक स्कूल बंद रखने का फैसला लिया था। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों को ठंड से होने वाली बीमारियों से बचाने के लिए यह कदम जरूरी था।

हालात पर लगातार नजर

राज्य सरकारों और जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मौसम की स्थिति के आधार पर आगे भी फैसले लिए जा सकते हैं। अगर ठंड और कोहरा इसी तरह बना रहा, तो छुट्टियों की अवधि बढ़ाई जा सकती है। फिलहाल, स्कूल बंद होने से लाखों छात्रों को राहत जरूर मिली है, लेकिन पढ़ाई का नुकसान न हो, इसके लिए आगे वैकल्पिक योजनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।