6 अगस्त को बंद रहेंगे स्कूल? मूसलाधार बारिश की वजह से क्या कल होगा अवकाश; क्या है IMD का ताजा अपडेट

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

IMD की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक देश के कई इलाकों में भारी बारिश के संकेत है। ऐसे में ये सवाल लाजमी है कि क्या बारिश की वजह से कल यानी 6 अगस्त को स्कूल बंद रहेंगे?

school closed 6 august 2026 imd rain alert school holiday news
बारिश के दौरान स्कूली बच्चे

देशभर में मॉनसून अब पूरी रफ्तार में है। कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन कई इलाकों में यही बारिश मुसीबत भी बन गई है। सड़कों पर जलभराव, नदियों का बढ़ता जलस्तर और मौसम विभाग की लगातार चेतावनियों के बीच ऐसे में सवाल लाजमी है कि क्या 6 अगस्त 2026 (गुरुवार) को स्कूल बंद रहेंगे? भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, फिलहाल पूरे देश में स्कूलों की छुट्टी का कोई एक समान आदेश जारी नहीं हुआ है।

पूरे देश में 6 अगस्त को स्कूल बंद होंगे या नहीं?

फिलहाल केंद्र सरकार या किसी भी राज्य सरकार ने पूरे देश के सभी स्कूलों में 6 अगस्त को छुट्टी घोषित नहीं की है। हालांकि जिन जिलों में मौसम बेहद खराब है, बाढ़ जैसी स्थिति है या प्रशासन को सुरक्षा संबंधी खतरा नजर आ रहा है, वहां जिला प्रशासन अपने स्तर पर अवकाश घोषित कर सकता है। इसलिए छात्रों और अभिभावकों को अपने जिले के प्रशासन, शिक्षा विभाग और स्कूल की ओर से जारी आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

IMD का ताजा अपडेट क्या कहता है?

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। विभाग ने पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, केरल, कर्नाटक और महाराष्ट्र के कई इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और अत्यधिक भारी वर्षा की भी आशंका जताई गई है।

किन राज्यों में ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत?

आईएमडी के अनुसार 6 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, बिहार, पश्चिम बंगाल, कोंकण-गोवा, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।

इन जिलों में 6 अगस्त से स्कूल रहेंगे बंद

बारिश नहीं बल्कि कांवड़ यात्रा के चलते उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। गाजियाबाद में जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार 4 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश बेसिक शिक्षा परिषद, यूपी बोर्ड, सीबीएसई, मदरसा बोर्ड और अन्य सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। इसके अलावा सरकारी और निजी कॉलेज, विश्वविद्यालय तथा तकनीकी संस्थानों में भी नियमित कक्षाएं स्थगित रहेंगी। हालांकि पहले से निर्धारित परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी। मेरठ में भी 4 अगस्त से 12 अगस्त तक सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं मुजफ्फरनगर में भी कांवड़ यात्रा के दौरान छात्रों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।