
School Assembly News Headlines 9 January : स्कूल असेंबली के लिए 9 जनवरी की देश विदेश की बड़ी खबरें
School Assembly News 9 January Today : स्कूल असेंबली के दौरान देश विदेश की ताजा खबरों से छात्रों को रूबरू करवाने के लिए देश, विदेश, आर्थिक, खेल जगत की खबरें पढ़ी जाती हैं।
School Assembly News Headlines 9 January Today : स्कूल असेंबली के दौरान देश विदेश की ताजा खबरों से छात्रों को रूबरू करवाने के लिए देश, विदेश, आर्थिक, खेल जगत की खबरें पढ़ी जाती हैं। इस दौरान देश दुनिया की खबरों पर चर्चा होती है। ग्रुप डिस्कशन होता है। यह एक्टिविटी बच्चों को देश का अच्छा नागरिक बनाने में काफी मददगार भी साबित होती है। स्कूली छात्रों को किताबी ज्ञान हासिल करने के अलावा अपने आसपास, राज्य और देश विदेश में घट रही घटनाओं के बारे में भी पता होना चाहिए। यह आदत उन्हें एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाती है। ऐसे में आइए जानते हैं आज यानी कि 9 जनवरी 2026 को देश दुनिया की बड़ी खबरें क्या हैं।
यहां जानें स्कूल असेंबली के लिए 9 जनवरी की समाचार सुर्खियां-
राष्ट्रीय खबरें
आधार का चेहरा बना शुभंकर उदय
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने गुरुवार को आधार का शुभंकर जारी किया। उदय नामक यह शुभंकर आधार से संबंधित जानकारी सहज और सुलभ बनाने में सहायक होगा। प्रतियोगिता से इसका चुनाव किया गया। प्रतियोगिता में त्रिशूर के अरुण गोकुल प्रथम विजेता रहे।
सड़क हादसे में मुफ्त इलाज की सुविधा जल्द
सड़क हादसे में घायलों को कैशलेस इलाज देने की योजना जल्द पूरे देश में लागू होगी। योजना के तहत हादसे में घायल अस्पताल में भर्ती मरीज को एक हफ्ते तक डेढ़ लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज मुहैया कराया जाएगा। इस योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। नितिन गडकरी ने गुरुवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के परिवहन मंत्रियों की बैठक के बाद यह बात कही।
भारत मंडपम में कल से सजेगा पुस्तकों का संसार, प्रवेश निशुल्क
दिल्ली के भारत मंडपम में 10 जनवरी से पुस्तकों का संसार सजने जा रहा है। 18 जनवरी तक चलने वाले 53वें नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले में लोग देश-विदेश के विख्यात लेखकों की किताबें खरीद और पढ़ सकेंगे।
जस्टिस वर्मा को जांच समिति के समक्ष जवाब देना होगा
महाभियोग का सामना कर रहे इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज जस्टिस यशवंत वर्मा को भ्रष्टाचार मामले की जांच कर रही संसदीय समिति के समक्ष जवाब देना होगा। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को जस्टिस वर्मा की अर्जी पर अतिरिक्त समय देने से इनकार कर दिया।
बंगाल में ईडी के छापे पर टकराव
पश्चिम बंगाल में गुरुवार को ईडी की कार्रवाई के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। इस दौरान टकराव की स्थिति पैदा हो गई। ईडी की टीम कोलकाता में परामर्श फर्म इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आई-पैक) के दफ्तर और उसके निदेशक प्रतीक जैन के घर धनशोधन मामले में छापेमारी कर रही थी। इसी बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जैन के घर पहुंच गईं। ईडी ने आरोप लगाया कि ममता छापेमारी के बीच जरूरी साक्ष्य साथ लेकर चली गईं।
भारत पर पांच सौ फीसदी टैरिफ थोप सकते हैं ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत पर एक बार फिर टैरिफ थोप सकते हैं। हाल में उन्होंने एक ऐसे विधेयक को हरी झंडी दी, जो रूस से पेट्रोलियम पदार्थ खरीदने वाले देशों पर भारी शुल्क लगाने की अनुमति देता है। इस बिल के अमल में आने के बाद भारत पर भी पांच सौ फीसदी तक टैरिफ लग सकता है। ट्रंप के इस कदम ने भारत और अमेरिका के रिश्ते को और नाजुक बना दिया है।
नई सुरंग से केदारनाथ यात्रा सुगम होगी
केदारनाथ धाम में तीर्थ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डबल कनेक्टिविटी की कवायद शुरू हो गई है। इसके तहत कालीमठ के समीप स्थित चौमासी से सोनप्रयाग तक टनल निर्माण की योजना है। इस टनल के बन जाने के बाद सोनप्रयाग से चौमासी, कालीमठ होते हुए कुंड के समीप तक एक नया बाईपास बन जाएगा जो केदारनाथ यात्रा को जाम मुक्त बना देगा
जीमेल के नए एआई फीचर बनेंगे ‘पर्सनल असिस्टेंट
गूगल अपने ईमेल प्लेटफॉर्म ‘जीमेल’ में और अधिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) फीचर्स जोड़ रहा है, ताकि दुनिया की सबसे लोकप्रिय ईमेल सेवा को एक तरह के पर्सनल असिस्टेंट में बदला जा सके। ये नए फीचर्स ईमेल लिखने में सुधार, इनबॉक्स में बिखरी जानकारी का सार तैयार करने और रोजाना के कामों की सूची देने में मदद करेंगे।
आर्थिक जगत
एचडीएफसी बैंक ने ब्याज दरें घटाईं
एचडीएफसी बैंक ने अपनी मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट यानी एमसीएलआर में पांच आधार अंक तक की कटौती का ऐलान किया है। बैंक की ओर से जारी यह नई दरें सात जनवरी 2026 से प्रभावी हो चुकी हैं। जिन ग्राहकों के लोन एमसीएलआर से जुड़े हैं, उनके लिए आने वाले समय में मासिक किस्त कम होने की संभावना है।
अक्तूबर से नई ईवी की आवाज सुनाई देना जरूरी होगा
इलेक्ट्रिक वाहनों में एक अक्तूबर 2026 से एवीएएस सिस्टम लगाकर देना अनिवार्य होगा। इसकी मदद से बिना आवाज चलने वाली ईवी में ध्वनि पैदा होगी जिससे राहगीरों और साथ चलने वाले वाहनों को उनकी मौजूदगी का संकेत मिल जाएगा।
सोना-चांदी ईटीएफ में निवेश दोगुना
सोने और चांदी के ईटीएफ की संयुक्त प्रबंधित परिसंपत्तियां दिसंबर 2025 में दो लाख करोड़ रुपये के पार चली गईं। केवल चार महीनों में ही यह दोगुनी हो गईं। एसोसिएशन ऑफ म्युचुअल फंड्स इन इंडिया के अनुसार वर्ष 2025 की शुरुआत में यह कुल निवेश 57,000 करोड़ रुपये था जो सितंबर तक करीब दोगुना होकर एक लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
अंतर्राष्ट्रीय समाचार
अमेरिका 66 अंतरराष्ट्रीय संगठनों का साथ छोड़ेगा
अमेरिकी हितों को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया कि वे 66 अंतरराष्ट्रीय संगठनों से हाथ खींचेंगे। इसमें भारत-फ्रांस के नेतृत्व वाले अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) भी शामिल है। दुनिया का सबसे विकसित देश अब इसमें कोई भी योगदान नहीं देगा।
हमला हुआ तो ईरान पलटवार करेगा
ईरान के विदेश मंत्री ने गुरुवार को कहा कि उनका देश न तो इजरायल के साथ युद्ध चाहता है और न ही अमेरिका के साथ, लेकिन अगर उस पर फिर से हमला किया जाता है तो वह जवाबी कार्रवाई करने के लिए तैयार है।
बी1 वीजा नियम तोड़ने पर हमेशा के लिए प्रतिबंध संभव
भारत में अमेरिकी दूतावास ने संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए बी1,बी2 विजिटर वीजा चाहने वालों के लिए चेतावनी जारी की है। इसमें कहा गया है कि नियम तोड़ने पर हमेशा के लिए प्रतिबंधित किया जा सकता है।
खेल समाचार
ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी टेस्ट जीता, एशेज सीरीज पर 4-1 से कब्जा
जैकब बेथेल के करियर के सबसे बड़े स्कोर के बावजूद इंग्लैंड को गुरुवार को सिडनी टेस्ट में पांच विकेट से हार मिली। ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की एशेज सीरीज 4-1 से अपने पास बरकरार रखी।
शूटिंग कोच यौन उत्पीड़न मामले में निलंबित
भारतीय निशानेबाजी कोचिंग के एक कोच अंकुश भारद्वाज पर एक नाबालिग निशानेबाज ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। इसके बाद गुरुवार को आरोपी कोच को निलंबित कर दिया गया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टी-20 मैचों से तिलक बाहर
भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा की बुधवार को 'ग्रोइन' की चोट की सर्जरी हुई है। इसके कारण वह न्यूजीलैंड के खिलाफ 21 जनवरी से शुरू होने वाले पांच टी-20 सीरीज के शुरुआती तीन मैचों से बाहर हो गए हैं। शेष दो मुकाबलों में भी उनका खेलना उनकी प्रगति और ट्रेनिंग में लौटने के बाद लिया जाएगा।
आज से महिला प्रीमियर लीग
मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबले के साथ ही आज शुक्रवार को महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का अगाज हो जाएगा। चौकों-छक्कों के साथ खूब रन बरसेंगे। मौजूद चैंपियन मुंबई की नजर तीसरा खिताब जीतने पर रहेगी।





