
School Assembly News Headlines 8 January : स्कूल असेंबली के लिए 8 जनवरी की देश विदेश की बड़ी खबरें
School Assembly News 8 January Today : स्कूल असेंबली के दौरान देश विदेश की ताजा खबरों से छात्रों को रूबरू करवाने के लिए देश, विदेश, आर्थिक, खेल जगत की खबरें पढ़ी जाती हैं।
School Assembly News Headlines 8 January Today : स्कूल असेंबली के दौरान देश विदेश की ताजा खबरों से छात्रों को रूबरू करवाने के लिए देश, विदेश, आर्थिक, खेल जगत की खबरें पढ़ी जाती हैं। इस दौरान देश दुनिया की खबरों पर चर्चा होती है। ग्रुप डिस्कशन होता है। यह एक्टिविटी बच्चों को देश का अच्छा नागरिक बनाने में काफी मददगार भी साबित होती है। स्कूली छात्रों को किताबी ज्ञान हासिल करने के अलावा अपने आसपास, राज्य और देश विदेश में घट रही घटनाओं के बारे में भी पता होना चाहिए। यह आदत उन्हें एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाती है। ऐसे में आइए जानते हैं आज यानी कि 8 जनवरी 2026 को देश दुनिया की बड़ी खबरें क्या हैं।
यहां जानें स्कूल असेंबली के लिए 8 जनवरी की समाचार सुर्खियां-
राष्ट्रीय खबरें
आवारा पशुओं को सड़क से हटाना होगा : कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कहा कि देश में लोग न सिर्फ कुत्तों के काटने से मर रहे हैं, बल्कि सड़कों पर आवारा पशुओं के चलते होने वाले हादसों में भी जान गंवा रहे हैं। शीर्ष अदालत ने यह टिप्पणी करते हुए देशभर में सड़कों से आवारा कुत्तों और पशुओं को हटाने का आदेश दिया।
जज वर्मा के खिलाफ जांच समिति गठन में खामी
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कहा, जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए लोकसभा अध्यक्ष ने जिस तरह से जांच समिति गठित की, उसमें ‘कुछ कमी’ लगती है। शीर्ष कोर्ट ने यह टिप्पणी करते हुए कहा कि वह इस बात पर विचार करेगी कि क्या यह कमी इतनी गंभीर है कि कार्यवाही खत्म की जा सके।
बुलडोजर कार्रवाई पर बवाल, पांच धरे
दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अवैध निर्माण हटाने के दौरान मंगलवार देर रात करीब एक बजे भारी बवाल हुआ। कुछ असामाजिक तत्वों ने मौके पर तैनात पुलिस बल पर पथराव किया और बेरिकेड तोड़ते हुए पुलिस से उलझ गए। इसमें एसएचओ समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
सुकमा में किया 26 नक्सलियों ने सरेंडर
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बुधवार को 26 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें सात महिला नक्सली शामिल हैं। इन पर 64 लाख रुपये का इनाम था।
महाराष्ट्र में कांग्रेस-भाजपा की जुगलबंदी से ‘भूचाल
महाराष्ट्र की सियासत में अकोला और अंबरनाथ में एक अप्रत्याशित गठबंधन ने राजनीतिक बवंडर ला दिया। भाजपा ने कांग्रेस और एनसीपी के अजित पवार के समर्थन से अंबरनाथ नगर परिषद में बहुमत हासिल कर लिया।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा निरस्त
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित कराई गई असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा-2025 को निरस्त कर दिया है।
अंतरिक्ष में ही सैटेलाइट का ईंधन भरना होगा संभव
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) साल की शुरुआत एक अहम अंतरिक्ष मिशन से करने जा रहा है। 12 जनवरी को श्रीहरिकोटा से पीएसएलवी-सी62 रॉकेट का प्रक्षेपण किया जाएगा। इसरो इसके जरिए अंतरिक्ष में उपग्रहों में ईंधन भरने की तकनीक का परीक्षण कर रहा है। इसमें ऑर्बिटएआईडी एयरोस्पेस द्वारा बनाया गया ‘आयुलसैट’ शामिल है, जो भारत का पहला अंतरिक्ष रिफ्यूलिंग पेलोड है। उद्देश्य सैटेलाइट्स की उम्र बढ़ाना और अंतरिक्ष कचरे को कम करना है।
नेहा सिंह राठौर पर कोई कार्रवाई नहीं होगी : कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने पहलगाम आतंकी हमले पर सोशल मीडिया पोस्ट के सिलसिले में लोक गायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ दायर मामले में बुधवार को उन्हें गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा प्रदान की। निर्माताओं ने बताया कि रणवीर सिंह अभिनीत इस फिल्म ने रिलीज के 33वें दिन मंगलवार को 5.70 करोड़ की कमाई की, जिसके बाद इसकी देशभर में कुल कमाई बढ़कर 831.40 करोड़ रुपये हो गई। इसके साथ ही यह अब तक की सभी हिंदी फिल्मों में पहले स्थान पर पहुंच गई।
धुरंधर’ सर्वाधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म
फिल्म निर्माता आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है।
आर्थिक जगत
चांदी 2.56 लाख के नए स्तर पर पहुंची
दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत बुधवार को 5,000 रुपये बढ़कर 2,56,000 रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। इस बीच, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का दाम 100 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 1,41,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रहा, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,41,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
रोजगार कार्यालय अब करियर सेंटर बन सकेंगे
केंद्र और राज्य सरकारें अब करियर सेंटर की स्थापना, संचालन और रख-रखाव कर सकेंगी। सरकार चाहें तो मौजूदा रोजगार कार्यालयों को ही करियर सेंटर में बदल सकती हैं या किसी डिजिटल पोर्टल को करियर सेंटर के रूप में घोषित कर सकती हैं।
विप्रो ने हाइब्रिड कार्यालय नीति को सख्त बनाया
आईटी सेक्टर की प्रमुख कंपनी विप्रो ने अपनी हाइब्रिड कार्य नीति में अहम बदलाव करते हुए कर्मचारियों के लिए कार्यालय में कम से कम छह घंटे काम करना अनिवार्य कर दिया है।
टैरिफ के बावजूद जीडीपी में तेजी रहने का अनुमान
अमेरिकी टैरिफ के बावजूद चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 7.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है। बुधवार को राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने 31 मार्च को समाप्त हो रहे वित्तीय वर्ष के लिए आर्थिक विकास दर का अग्रिम अनुमान जारी किया।
अंतर्राष्ट्रीय समाचार
वेनेजुएला से आ रहे रूसी तेल टैंकर को अमेरिका ने रोका
अमेरिका ने अटलांटिक महासागर में वेनेजुएला से जुड़े एक रूसी तेल टैंकर को जब्त कर लिया। इसके बाद अमेरिका और रूस के बीच तनाव और बढ़ गया है। अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई वेनेजुएला पर लगाए गए तेल प्रतिबंधों के उल्लंघन के खिलाफ की गई है, जबकि रूस ने इसे अंतरराष्ट्रीय समुद्र क्षेत्र में की गई ‘समुद्री डकैती’ बताया।
खेल समाचार
बांग्लादेश को भारत में ही खेलने होंगे टी-20 मैच
बांग्लादेश को आगामी टी-20 विश्व कप के अपने मैच भारत में ही खेलने होंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने आयोजन स्थल में बदलाव की उसकी मांग खारिज कर दी है।





