Hindi Newsकरियर न्यूज़school assembly news headlines today : 4 december news headlines in hindi school assembly world news india news
School Assembly News Headlines December 4 : स्कूल असेंबली के लिए 4 दिसंबर की देश विदेश की बड़ी खबरें

School Assembly News Headlines December 4 : स्कूल असेंबली के लिए 4 दिसंबर की देश विदेश की बड़ी खबरें

संक्षेप:

School Assembly News Headlines today December 4 : स्कूली छात्रों को किताबी ज्ञान हासिल करने के अलावा अपने आसपास, राज्य और देश विदेश में घट रही घटनाओं के बारे में भी पता होना चाहिए। यह आदत उन्हें एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाती है।

Dec 04, 2025 06:16 am ISTPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

School Assembly News Headlines today December 4 : बहुत सारे स्कूलों में सुबह की असेंबली में छात्रों को देश-दुनिया की खबरों को बताया जाता है ताकि वे अपने आसपास की दुनिया की हर एक नई खबर से अपडेट रहें। यह एक्टिविटी बच्चों को देश का अच्छा नागरिक बनाने में काफी मददगार भी साबित होती है। स्कूली छात्रों को किताबी ज्ञान हासिल करने के अलावा अपने आसपास, राज्य और देश विदेश में घट रही घटनाओं के बारे में भी पता होना चाहिए। यह आदत उन्हें एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाती है। छात्रों को सुबह देश-दुनिया, खेल, बिजनेस और टेक्नोलॉजी आदि की खबरों के बारे में जानना चाहिए।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

यहां जानें स्कूल असेंबली के लिए 4 दिसंबर की समाचार सुर्खियां-

राष्ट्रीय खबरें

दिल्ली समेत देश के कई हवाईअड्डों पर हवाई सफर में बाधा

दिल्ली समेत देश के कई हवाईअड्डों पर बुधवार को हवाई सफर में बाधा आने से हाहाकार मच गया। विमानन कंपनी इंडिगो की उड़ान सेवाएं व्यापक पैमाने पर प्रभावित रहने से यात्री हलकान रहे। बीते 24 घंटे में सौ से अधिक उड़ानों को रद्द करना पड़ा। इनमें से 70 से अधिक उड़ानें बुधवार को रद्द की गईं।

मोबाइल फोन में प्री-इंस्टॉल नहीं होगा संचार साथी ऐप

केंद्र ने संचार साथी ऐप की प्री इंस्टालेशन से जुड़ी अनिवार्यता समाप्त कर दी। विपक्ष के विरोध के बाद संचार मंत्रालय ने 28 नवंबर को जारी आदेश बुधवार को वापस लिया। इसका अर्थ है कि नए फोन में यह ऐप पहले से नहीं होगा।

केंद्र फेक न्यूज के खिलाफ और कड़े नियम बनाएगा

केंद्र सरकार फेक न्यूज के खिलाफ और सख्त नियम बनाएगी। केंद्र ने फर्जी खबरों को लोकतंत्र के लिए खतरा करार देते हुए कहा, सरकार फर्जी खबरों, डीपफेक वीडियो पर रोकथाम के लिए नए नियम तैयार कर रही है।

प्रसार भारती के चेयरमैन ने इस्तीफा दिया

प्रसार भारती के चेयरमैन नवनीत कुमार सहगल का इस्तीफा बुधवार को स्वीकार कर लिया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करने का आदेश जारी किया।

काउंटर से तत्काल रेल टिकट के लिए भी ओटीपी

रेल आरक्षण काउंटर से भी तत्काल टिकट बुक कराने के लिए यात्रियों को अब ओटीपी बताना होगा। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इसका उद्देश्य दलालों पर लगाम लगाना है।

एमसीडी उपचुनाव में भाजपा को सात, आप को तीन सीटें

दिल्ली एमसीडी के 12 वार्डों में हुए पार्षद उपचुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित किए गए। भाजपा ने सात, आम आदमी पार्टी तीन, कांग्रेस और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने एक-एक सीटें जीतीं।

यूपी में अकेले पंचायत चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में अपनी रणनीति में बदलाव किया है। पार्टी ने समाजवादी पार्टी से किनारा करते हुए वर्ष 2026 में होने वाले पंचायत चुनाव में अपने दम पर मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है।

मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर, तीन जवान शहीद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान बुधवार को 12 नक्सलियों को मार गिराया। कार्रवाई के दौरान डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के तीन जवान शहीद हो गए।

दवाइयों की सभी दुकानों पर क्यूआर कोड अनिवार्य

दवा की सुरक्षा के मद्देनजर केंद्र ने हर तरह की दवा की दुकानों पर एक क्विक रिस्पॉन्स (क्यूआर) कोड और टोल-फ्री नंबर प्रदर्शित करना अनिवार्य कर दिया है।

आर्थिक जगत

रुपया पहली बार 90 के पार

रुपये में बुधवार को पांचवें दिन गिरावट आई और यह पहली बार 90 रुपये का स्तर तोड़ते हुए सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 19 पैसे टूटकर 90.15 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

सोना 670 रुपये उछला, चांदी टूटी

मजबूत वैश्विक रुझानों और रुपये में भारी गिरावट के कारण सुरक्षित निवेश मांग के लिए समर्थन मिलने से बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें 670 रुपये चढ़कर 1,32,200 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं।

श्रम कानूनों के सभी नियम एक अप्रैल से लागू होंगे

देश में नई चार श्रम संहिताओं के अगले साल एक अप्रैल से पूरी तरह से लागू होने की उम्मीद है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने अधिसूचित कानून के तहत नियमों को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अंतर्राष्ट्रीय समाचार

रूस के राष्ट्रपति पुतिन आज भारत आएंगे

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार को दो दिवसीय यात्रा पर भारत आएंगे। इस दौरान वह भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन में भाग लेंगे। दौरे पर एक औपचारिक स्टेट विजिट होगा। इसमें उनका औपचारिक स्वागत, राष्ट्रपति भवन में भोज आदि शामिल है।

खेल समाचार

दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय टीम को चार विकेट से धोया

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 दिसंबर को रायपुर में खेला गया। इस मुकाबले को साउथ अफ्रीका ने 4 विकेट से जीता।

इंग्लैंड 39 साल का सूखा खत्म करने उतरेगा

पर्थ में पहले क्रिकेट टेस्ट में जीत के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम इंग्लैंड के खिलाफ गुरुवार से यहां शुरू हो रहे दूसरे एशेज टेस्ट (दिन-रात्रि) में विजय अभियान जारी रखने की कोशिश करेगी। दूसरी ओर इंग्लैंड 39 साल का सूखा खत्म करने की कोशिश करेगा।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुभमन और हार्दिक टीम में

भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोट से उबर गए हैं। इन दोनों खिलाड़ियों को बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच टी-20 मैचों की सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है।

मोहित शर्मा ने क्रिकेट से संन्यास लिया

भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने बुधवार को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay
पंकज विजय लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर हैं। यहां वह करियर, एजुकेशन, जॉब्स से जुड़ी खबरें देखते हैं। पंकज को पत्रकारिता में डेढ़ दशक से ज्यादा का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने एनडीटीवी डिजिटल, आजतक डिजिटल, अमर उजाला समाचार पत्र में काम किया। करियर-एजुकेशन-जॉब्स के अलावा वह विभिन्न संस्थानों में देश-विदेश, राजनीति, रिसर्च व धर्म से जुड़ी बीट पर भी काम कर चुके हैं। भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा व डीयू से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।