
School Assembly News Headlines 23 December : स्कूल असेंबली के लिए 23 दिसंबर की देश विदेश की बड़ी खबरें
School Assembly News Headlines 23 December Today : स्कूल असेंबली के दौरान देश विदेश की ताजा खबरों से छात्रों को रूबरू करवाने के लिए देश, विदेश, आर्थिक, खेल जगत की खबरें पढ़ी जाती हैं।
School Assembly News Headlines 23 December Today : स्कूल असेंबली के दौरान देश विदेश की ताजा खबरों से छात्रों को रूबरू करवाने के लिए देश, विदेश, आर्थिक, खेल जगत की खबरें पढ़ी जाती हैं। इस दौरान देश दुनिया की खबरों पर चर्चा होती है। ग्रुप डिस्कशन होता है। यह एक्टिविटी बच्चों को देश का अच्छा नागरिक बनाने में काफी मददगार भी साबित होती है। स्कूली छात्रों को किताबी ज्ञान हासिल करने के अलावा अपने आसपास, राज्य और देश विदेश में घट रही घटनाओं के बारे में भी पता होना चाहिए। यह आदत उन्हें एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाती है। ऐसे में आइए जानते हैं आज यानी कि 23 दिसंबर 2025 को देश दुनिया की बड़ी खबरें क्या हैं।
यहां जानें स्कूल असेंबली के लिए 23 दिसंबर की समाचार सुर्खियां-
राष्ट्रीय खबरें
न्यूजीलैंड से व्यापार और राेजगार बढ़ाने का करार
भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यापार और राेजगार बढ़ाने के लिए ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर सोमवार को अंतिम सहमति बन गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने फोन पर बातचीत की, जिसके बाद समझौता वार्ता पूरी होने की घोषणा की गई। समझौते के तहत न्यूजीलैंड अपने यहां भारत से आने वाले 100 फीसदी उत्पादों पर आयात शुल्क खत्म कर देगा। इससे भारतीय निर्यातकों, छात्रों और पेशेवरों को बड़े पैमाने पर फायदा मिलने की संभावना है।
एनसीआर के अरावली क्षेत्र में खनन पूरी तरह प्रतिबंधित : भूपेंद्र यादव
केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को कहा कि अरावली पर्वतमाला के एनसीआर क्षेत्र में कहीं भी खनन की अनुमति नहीं है। विपक्ष खनन को लेकर भ्रम फैला रहा है।
उड़ते विमान का इंजन बंद होने से दिल्ली में हुई आपात लैंडिंग
दिल्ली से मुंबई जा रहे एयर इंडिया के विमान का एक इंजन उड़ान भरने के बाद हवा में ही बंद हो गया। इसके बाद 335 लोगों को ले जा रहे विमान की दिल्ली हवाईअड्डे पर आपात लैंडिंग कराई गई। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
निवेश के नाम पर ठगी करने वाली 26 वेबसाइट की पहचान
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने वाली 26 वेबसाइट की पहचान की है। क्रिप्टोकरेंसी निवेश के नाम पर बनीं ये वेबसाइट जो असली निवेश वेबसाइट की तरह दिखती हैं।
उत्तर भारत में ठंड और कोहरे से मुसीबत बढ़ी
उत्तर भारत शीतलहर और ठंड की चपेट में हैं। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में सोमवार को घना कोहरा छाया रहा। इससे दृश्यता बेहद कम रही और लोगों की मुसीबत बढ़ गई। वहीं, पहाड़ों पर बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में भी ठिठुरन बढ़ा दी है। अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों का मौसम बदल सकता है। उत्तर भारत और पहाड़ी इलाकों में बारिश, बर्फबारी, और कोहरे का अनुमान है। आईएमडी ने आने वाले दिनों में उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत के अधिकांश राज्यों में घना कोहरा और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
लंबी जंग के लिए तैयार रहना होगा : सीडीएस
सीडीएस अनिल चौहान का कहना है कि भारत को आतंक के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर जैसे छोटी अवधि वाले और पड़ोसी देशों के साथ क्षेत्रीय विवादों से जुड़े लंबे युद्धों के लिए तैयार रहना चाहिए।
उच्च शिक्षा के लिए पहली पसंद कनाडा
भारतीय छात्रों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए कनाडा शीर्ष अंतरराष्ट्रीय गंतव्य है। नीति आयोग द्वारा सोमवार को जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, शीर्ष पांच देशों में कनाडा के बाद अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी का स्थान आता है।
आर्थिक जगत
सोना और चांदी ने सभी रिकॉर्ड तोड़े
दिल्ली में सोमवार को सोने की कीमतें 1,685 रुपये की बढ़त के साथ 1,38,200 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए उच्च स्तर पर पहुंच गईं। वहीं, चांदी की कीमत भी 10,400 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़कर 2,14,500 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गईं।
खुदरा मुद्रास्फीति और जीडीपी की गणना में होगा बड़ा बदलाव
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने कहा है कि देश के प्रमुख व्यापक आर्थिक संकेतकों—खुदरा मुद्रास्फीति, जीडीपी और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक की नई शृंखलाएं अगले वर्ष जारी की जाएंगी, जिनमें इनके आधार वर्ष बदले जाएंगे। सांख्यिकी मंत्रालय के अनुसार, उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित खुदरा मुद्रास्फीति और राष्ट्रीय लेखा से संबंधित संशोधित आंकड़े फरवरी 2026 में जारी किए जाएंगे, जबकि औद्योगिक उत्पादन सूचकांक की नई शृंखला मई 2026 में प्रकाशित होगी।
अंतर्राष्ट्रीय समाचार
विदेश मंत्री जयशंकर श्रीलंका दौरे पर पहुंचे
विदेश मंत्री एस जयशंकर सोमवार शाम श्रीलंका की राजधानी कोलंबो पहुंचे। हवाईअड्डे पर श्रीलंका के उप पर्यटन मंत्री रुवन रणसिंघे ने उनका स्वागत किया। जयशंकर ने ‘एक्स’ पर कहा, वह आज मंगलवार को श्रीलंका के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे।
रूसी सेना में पचास भारतीय फंसे, 26 की हो चुकी है मौत
रूस-यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में 202 भारतीयों ने रूसी सेना की तरफ से हिस्सा लिया, जिनमें से 119 को केंद्र सरकार के प्रयासों से वापस भारत लाया जा चुका है। वहीं, 26 की मौत हो चुकी और सात लापता हैं। लगभग 50 भारतीय अब भी युद्ध क्षेत्र में फंसे हुए हैं। केंद्र सरकार ने संसद में यह जानकारी दी है।
खेल समाचार
महिला क्रिकेटरों और मैच अधिकारियों का वेतन बढ़ा
बीसीसीआई ने घरेलू क्रिकेट में समान वेतन संरचना की ओर कदम बढ़ाते हुए महिला क्रिकेटरों और मैच अधिकारियों की मैच फीस दोगुनी से भी अधिक बढ़ा दी है। यह कदम भारत की पहली वनडे विश्व कप जीत के बाद उठाया गया है। इस वृद्धि को बोर्ड की शीर्ष परिषद ने मंजूरी दे दी है।
डफी के दम पर न्यूजीलैंड ने सीरीज कब्जाई
तेज गेंदबाज जैकब डफी (42 रन, पांच विकेट) की शानदार गेंदबाजी की मदद से न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को तीसरे टेस्ट में 323 रन से हरा दिया है। अपने शानदार प्रदर्शन के दौरान डफी ने महान गेंदबाज सर रिचर्ड हैडली का एक साल में सर्वाधिक विकेट लेने का 40 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। मेजबान टीम ने सीरीज के अंतिम मैच के पांचवें और अंतिम दिन सोमवार को बड़ी जीत हासिल करके तीन मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था जबकि न्यूजीलैंड ने दूसरा टेस्ट नौ विकेट से जीता था।





