Hindi Newsकरियर न्यूज़school assembly news headlines today : 16 december news headlines in hindi school assembly world news india news
School Assembly News Headlines 16 December : स्कूल असेंबली के लिए 16 दिसंबर की देश विदेश की बड़ी खबरें

School Assembly News Headlines 16 December : स्कूल असेंबली के लिए 16 दिसंबर की देश विदेश की बड़ी खबरें

संक्षेप:

School Assembly News Headlines 16 December : स्कूल असेंबली के दौरान देश विदेश की ताजा खबरों से छात्रों को रूबरू करवाने के लिए देश, विदेश, आर्थिक, खेल जगत की खबरें पढ़ी जाती हैं। इस दौरान देश दुनिया की खबरों पर चर्चा होती है। 

Dec 16, 2025 06:57 am ISTPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

School Assembly News Headlines 16 December Today : स्कूल असेंबली के दौरान देश विदेश की ताजा खबरों से छात्रों को रूबरू करवाने के लिए देश, विदेश, आर्थिक, खेल जगत की खबरें पढ़ी जाती हैं। इस दौरान देश दुनिया की खबरों पर चर्चा होती है। ग्रुप डिस्कशन होता है। यह एक्टिविटी बच्चों को देश का अच्छा नागरिक बनाने में काफी मददगार भी साबित होती है। स्कूली छात्रों को किताबी ज्ञान हासिल करने के अलावा अपने आसपास, राज्य और देश विदेश में घट रही घटनाओं के बारे में भी पता होना चाहिए। यह आदत उन्हें एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाती है। ऐसे में आइए जानते हैं आज यानी कि 16 दिसंबर 2025 को देश दुनिया की बड़ी खबरें क्या हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

यहां जानें स्कूल असेंबली के लिए 16 दिसंबर की समाचार सुर्खियां-

राष्ट्रीय खबरें

पूरे उत्तर भारत में कोहरे का कहर, ठंड का अलर्ट

दिसंबर का महीना आधा बीतने के साथ ही सर्दी ने समूचे उत्तर भारत को कड़ाके की ठंड में घेर दिया है। जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल, उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य शीतलहर से जूझ रहे हैं, वहीं पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार तक सर्द हवाओं के साथ घने कोहरे ने मुसीबत बढ़ा दी है।

मनरेगा को बदलेगी नई योजना

केंद्र सरकार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को निरस्त कर एक नया कानून बनाने की तैयारी में है। इस बाबत सरकार जल्द लोकसभा में नया विधेयक पेश कर सकती है। इसका नाम ‘विकसित भारत, रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन(ग्रामीण)’यानी ‘विकसित भारत, जी राम जी विधेयक, 2025’ होगा।

पहलगाम हमले की साजिश पाकिस्तान ने रची थी

एनआईए ने सोमवार को पहलगाम आतंकी हमले के मामले में सात आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। इसमें पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा/द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के सदस्य भी शामिल हैं। आरोपपत्र में पाकिस्तान की साजिश, आरोपियों की भूमिका और मामले से जुड़े सहायक सबूतों का विस्तृत विवरण दिया गया है।

अमेरिकी टैरिफ का दबाव बेअसर, निर्यात में उछाल

निर्यात के मोर्चे पर बीता महीना काफी शानदार रहा है। वस्तुओं व सेवाओं के निर्यात में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे पता चलता है कि अमेरिकी टैरिफ का कोई खास असर निर्यात क्षेत्र पर दिखाई नहीं पड़ा है। वहीं, अमेरिका के साथ होने वाले निर्यात में भी अक्तूबर के मुकाबले बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

एनसीआर में कोहरे के कारण वाहनों के टकराने से सात मरे

एनसीआर के अलग-अलग जिलों में सोमवार को घने कोहरे के कारण 57 वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। हादसों में दिल्ली, फरीदाबाद, नूंह और सोनीपत जिलों में छह और ग्रेटर नोएडा में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

प्रदूषण से दिल्लीवालों की उम्र दो साल तक घटी

उत्तर भारत के शहरों में सांस लेना अब महंगा पड़ रहा है। दिल्ली और पंजाब जैसे राज्यों में प्रदूषण की वजह से लोगों की औसत आयु लगातार घट रही है। आरबीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले चार वर्षों में दिल्ली में लोगों की औसत आयु 1.7 साल कम हो गई है।

देशभर में अंडों की जांच का फैसला

अंडों में हानिकारक ‘नाइट्रोफ्यूरान’ मिलने पर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने देशभर में जांच का निर्णय किया है। प्राधिकरण की ओर से सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को अंडों के सैंपल लेने और जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

परमाणु ऊर्जा में निजी भागीदारी का बिल पेश

सरकार ने परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में निजी भागीदारी की अनुमति देने संबंधी विधेयक सोमवार को लोकसभा में पेश किया। विधेयक का उद्देश्य परमाणु क्षति के लिए एक व्यावहारिक नागरिक दायित्व व्यवस्था बनाना और परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड को वैधानिक दर्जा प्रदान करना है।

आर्थिक जगत

सोना ₹1.37 लाख के नए रिकॉर्ड पर

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सोना 4,000 रुपये बढ़कर 1,37,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। दूसरी ओर, चांदी की कीमतें सभी करों सहित 1,99,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं। इससे पहले 17 अक्तूबर को सोना 1,34,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया था। इस साल अब तक सोने की कीमतों में 58,650 रुपये यानी 74.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

देश में बेरोजगारी दर बीते आठ माह में सबसे कम रही

भारत में नवंबर 2025 में बेरोजगारी दर घटकर 4.7 फीसदी पर आ गई, जो बीते आठ महीनों का सबसे निचला स्तर है। अक्तूबर में यह दर 5.2 फीसदी थी। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर अवसर और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी ने श्रम बाजार की स्थिति को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है।

थोक महंगाई लगातार दूसरे महीने शून्य से नीचे रही

देश में थोक मूल्य सूचकांक आधारित महंगाई दर नवंबर में लगातार दूसरे महीने नकारात्मक बनी रही। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, नवंबर में थोक महंगाई -0.32 प्रतिशत दर्ज की गई। अक्तूबर में यह -1.21 प्रतिशत थी, जबकि पिछले साल नवंबर में थोक महंगाई 2.16 प्रतिशत के स्तर पर रही थी।

अंतर्राष्ट्रीय समाचार

थाईलैंड से लूथरा बंधुओं को आज लाया जाएगा

गोवा नाइट क्लब मामले में वांछित सौरभ और गौरव लूथरा को मंगलवार तक दिल्ली लाया जाएगा। क्लब में आग लगने से मौत होने पर दोनों थाईलैंड भाग गए थे।

मोदी ने किंग अब्दुल्ला से द्विपक्षीय मुद्दों पर की चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम जॉर्डन की राजधानी अम्मान में किंग अब्दुल्ला द्वितीय इब्न अल हुसैन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-जॉर्डन द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।

सिडनी में आतंकी हमला करने वालों के आईएस से थे संबंध

सिडनी के बॉन्डी बीच पर अंधाधुंध फायरिंग करने वाले हमलावर पिता-पुत्र साजिद और नवीद अकरम के इस्लामिक स्टेट से संबंध थे। ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन की एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, ज्वाइंट काउंटर टेररिज्म टीम (जेसीटीटी) ने जांच में पाया कि दोनों ने इस्लामिक स्टेट टेररिस्ट ग्रुप के प्रति वफादारी की कसम खाई थी। वरिष्ठ अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि हमलावरों की कार के अंदर आईएस के दो झंडे मिले।

खेल समाचार

आईपीएल के लिए आज होगी नीलामी

आईपीएल के 19वें सत्र की तैयारी मंगलवार को निर्णायक मोड़ पर पहुंचेगी, जब मिनी नीलामी के मंच पर खिलाड़ियों की कीमत तय होगी। दोपहर 2.30 बजे से शुरू होने वाली इस प्रक्रिया में टीमें सीमित विकल्पों के बीच अपनी जरूरतों के हिसाब से दांव लगाएंगी। नीलामी में 350 खिलाड़ियों की सूची से 77 स्थान भरे जाने हैं।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay
पंकज विजय लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर हैं। यहां वह करियर, एजुकेशन, जॉब्स से जुड़ी खबरें देखते हैं। पंकज को पत्रकारिता में डेढ़ दशक से ज्यादा का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने एनडीटीवी डिजिटल, आजतक डिजिटल, अमर उजाला समाचार पत्र में काम किया। करियर-एजुकेशन-जॉब्स के अलावा वह विभिन्न संस्थानों में देश-विदेश, राजनीति, रिसर्च व धर्म से जुड़ी बीट पर भी काम कर चुके हैं। भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा व डीयू से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।