School Assembly News Headlines 12 February : स्कूल असेंबली के लिए 12 फरवरी की देश विदेश की बड़ी खबरें
School Assembly News Headlines 12 February Today : स्कूल असेंबली के दौरान देश विदेश की ताजा खबरों से छात्रों को रूबरू करवाने के लिए देश, विदेश, आर्थिक, खेल जगत की खबरें पढ़ी जाती हैं।

School Assembly News Headlines 12 February Today : स्कूल असेंबली के दौरान देश विदेश की ताजा खबरों से छात्रों को रूबरू करवाने के लिए देश, विदेश, आर्थिक, खेल जगत की खबरें पढ़ी जाती हैं। इस दौरान देश दुनिया की खबरों पर चर्चा होती है। ग्रुप डिस्कशन होता है। यह एक्टिविटी बच्चों को देश का अच्छा नागरिक बनाने में काफी मददगार भी साबित होती है। स्कूली छात्रों को किताबी ज्ञान हासिल करने के अलावा अपने आसपास, राज्य और देश विदेश में घट रही घटनाओं के बारे में भी पता होना चाहिए। यह आदत उन्हें एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाती है। ऐसे में आइए जानते हैं आज यानी कि 12 फरवरी 2026 को देश दुनिया की बड़ी खबरें क्या हैं।
राष्ट्रीय खबरें
अमेरिका के साथ करार पर संसद में रार
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के साथ करार सहित कई मुद्दों को लेकर सदन में सरकार पर आरोपों की बौछार कर दी। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू सहित कई भाजपा नेताओं ने पुरजोर तरीके से उनका खंडन किया। सबसे अंत में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने मोर्चा संभाला और सिलसिलेवार तरीके से राहुल के आरोंपों-सवालों का जवाब दिया।
व्हाइट हाउस ने करार के दस्तावेजों में दालों से जुड़ा दावा हटाया
व्हाइट हाउस ने अंतरिम व्यापार समझौते पर जारी संशोधित दस्तावेज में उन अमेरिकी उत्पादों की सूची से ‘दालों’ का जिक्र हटा दिया है, जिन पर भारत के शुल्क समाप्त करने या कम किए जाने की बात कही गई थी।
कोर्ट का आदेश, निजी स्कूलों को सरकारी के बराबर वेतन देना होगा
दिल्ली उच्च न्यायालय ने एक अहम फैसले में कहा कि निजी स्कूलों को सरकारी स्कूलों के समान सातवें वेतन आयोग के हिसाब से अपने शिक्षकों और अन्य कर्मियों को भुगतान करना होगा। उच्च न्यायालय ने यह आदेश एक महिला शिक्षक की याचिका पर दिया।
राष्ट्रगान से पहले वंदे मातरम् के सभी छह छंद गाना जरूरी
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि जब भी राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ एक साथ गाए या बजाए जाएं तो बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा लिखे गए राष्ट्रगीत के सभी छह छंद पहले गाए जाएं।
नरवणे की पुस्तक के प्रकाशक पर पुलिस का छापा
पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) एमएम नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक के कथित रूप से लीक होने के मामले में बुधवार को स्पेशल सेल ने गुरुग्राम स्थित पेंगुइन इंडिया के ऑफिस में छापा मारा। टीम दो घंटे तक डीएलएफ इंफिनिटी मॉल स्थित दफ्तर में रही। इस दौरान कुछ अहम दस्तावेज जब्त किए गए। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने प्रकाशन संस्था ‘पेंगुइन इंडिया’ को नोटिस जारी कर कुछ सवालों के जवाब मांगे हैं
अमृत भारत, वंदे भारत में भी आपातकालीन कोटा
रेलवे बोर्ड ने अमृत भारत और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के नियमों में एक बड़ा बदलाव किया है। नौ फरवरी को जारी नए आदेश में उक्त प्रीमियम ट्रेनों में भी इमरजेंसी कोटा (वाईआईपी कोटा) की सुविधा बहाल कर दी गई है।
अविवाहित सैन्य अफसरों को भी पारिवारिक आवास
अब कुंआरे सैन्य अफसरों को भी पारिवारिक आवासों का आवंटन हो सकेगा। इसके लिए रक्षा मंत्रालय ने नियमों में बदलाव किए हैं। मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि इस फैसले के बाद अविवाहित महिला सैन्य अफसरों को भी पारिवारिक आवासों का आवंटन हो सकेगा जो अपने माता-पिता या परिजनों के साथ रहती हैं।
आर्थिक जगत
बीमा कंपनियां एजेंट के कमीशन पर लगाम लगाएंगी
बीमा नियामक इरडा ने बीमा कंपनियों के प्रमुखों के सामने गलत तरीके, झूठे वायदों के आधार पर बीमा पॉलिसी बेचने पर चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, उनकी बैठक में जीवन बीमा कंपनियों ने स्थगित कमीशन भुगतान मॉडल का सुझाव दिया है। इसमें एजेंट को पूरा कमीशन एक साथ नहीं, बल्कि पॉलिसी की पूरी अवधि के दौरान दिया जाएगा। बताया जा रहा है इन सुझावों में कॉरपोरेट एजेंट्स के लिए पांच साल और व्यक्तिगत एजेंट्स के लिए तीन साल का प्रस्ताव दिया गया है। इसका मकसद साफ है, बीमा पॉलिसी के गलत बिक्री रोकना, कंपनियों का खर्च घटाना और ग्राहकों को सस्ता, टिकाऊ बीमा देना। वैसे खास बात यह है कि हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक और आर्थिक सर्वेक्षण में भी ऊंचे कमीशन पर सवाल उठाए गए थे।
इंडिगो एयरलाइंस को दी गई छूट खत्म हुई
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इंडिगो एयरलाइंस को बीते वर्ष दिसंबर में उड़ानों में भारी व्यवधान के बाद दी गई अस्थाई छूट को समाप्त कर दिया है। अब सभी नियम पूरी तरह लागू होंगे।
चांदी ₹4,000 चढ़ी, सोना भी तेज
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें 4,000 रुपये बढ़कर 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं, जबकि मजबूत वैश्विक रुख को देखते हुए सोना 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी मंगलवार के बंद स्तर 2,64,500 रुपये प्रति किलोग्राम से 4,000 रुपये या 1.5 प्रतिशत बढ़कर 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर मिलाकर) हो गई।
अंतर्राष्ट्रीय समाचार
सिर्फ ट्रंप बोले, रूस से तेल नहीं खरीदें
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अलावा किसी ने भी यह नहीं कहा कि भारत, रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। लावरोव ने संसद के निचले सदन को संबोधित करते हुए कहा कि आपने उल्लेख किया कि डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की रूस से तेल न खरीदने की सहमति की घोषणा की है।
कनाडा के स्कूल में अंधाधुंध गोलीबारी
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के एक हाई स्कूल में बुधवार को अंधाधुंध गोलीबारी हुई। इस घटना में आठ लोग मारे गए, जबकि पास के एक घर में दो लोग मृत मिले। स्कूल में मरने वाली एक महिला को पुलिस शूटर मान रही है, जबकि पास के घर में जो दो लोग मारे गए, उन्हें भी इस घटना से जुड़ा बताया गया है।
वॉशिंगटन ने हमें इस्तेमाल कर छोड़ दिया: पाकिस्तान
पाक के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका ने हमारा टॉयलेट पेपर से भी बुरा इस्तेमाल किया और फेंक दिया।
गुजरात के अपहृत दंपति अजरबैजान से छुड़ाए गए
अमेरिका जाते वक्त अजरबैजान में फिरौती के लिए अगवा किए गए गुजरात के दंपति को भारतीय विदेश मंत्रालय की तत्परता से महज 24 घंटे में छुड़ा लिया गया है। यह जानकारी मंगलवार को आणंद से सांसद मितेश पटेल ने एक वीडियो संदेश में दी।
बांग्लादेश का भाग्य आज तय करेंगे 12 करोड़ वोटर
जुलाई 2024 को शेख हसीना के खिलाफ हुए विद्रोह के बाद गुरुवार को बांग्लादेश में आम चुनाव होंगे। जिसमें 12 करोड़ मतदाता इस देश का भाग्य तय करेंगे। अंतरिम सरकार चुनाव के साथ-साथ जनमत संग्रह भी करा रही है, जिससे व्यवस्था में बदलाव किया जा सके।
खेल समाचार
अफगानों से दो सुपर ओवर में जीता दक्षिण अफ्रीका
एक बार फिर डबल सुपर ओवर में किस्मत अफगानिस्तान को दगा दे गई। जीत की दहलीज पर पहुंचकर चूक गया। दो साल पहले बेंगलुरु में भारत से उसे हार मिली थी तो बुधवार को दक्षिण अफ्रीका से उसे दिल तोड़ने वाली पराजय झेलनी पड़ी। सांसें रोकने वाले और रोमांच की पराकाष्ठा तक पहुंचे मैच में हार के साथ अफगानिस्तान की टी-20 विश्व के सुपर आठ में पहुंचने की उम्मीदों को भी झटका लगा है। विश्व कप के 19 साल के इतिहास में पहली बार किसी मैच का फैसला दो सुपर ओवर में हुआ। दोनों सुपर ओवरों में कुल नौ छक्के और चार चौके लगे।
इंग्लैंड को शिकस्त देकर वेस्टइंडीज ग्रुप में शीर्ष पर
शेरफेन रदरफोर्ड के नाबाद अर्धशतक के साथ गुडाकेश मोती की शानदार गेंदबाजी से वेस्टइंडीज ने विश्व कप में इंग्लैंड को 30 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। बुधवार को इस जीत से टीम ग्रुप सी में शीर्ष पर पहुंच गई।
लेखक के बारे में
Pankaj Vijayपंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार
शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।
15 से अधिक सालों का अनुभव
पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।
विजन
तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।
विशेषज्ञता
तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी


