School Assembly News Headlines 12 December : स्कूल असेंबली के लिए 12 दिसंबर की देश विदेश की बड़ी खबरें

School Assembly News Headlines 12 December : स्कूल असेंबली के लिए 12 दिसंबर की देश विदेश की बड़ी खबरें

संक्षेप:

स्कूल असेंबली के दौरान देश विदेश की ताजा खबरों से छात्रों को रूबरू करवाने के लिए देश, विदेश, आर्थिक, खेल जगत की खबरें पढ़ी जाती हैं। इस दौरान देश दुनिया की खबरों पर चर्चा होती है। आइए जानते हैं आज यानी कि 12 दिसंबर 2025 को देश दुनिया की बड़ी खबरें क्या हैं।

Dec 12, 2025 06:51 am ISTPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

School Assembly News Headlines 12 December Today : स्कूल असेंबली के दौरान देश विदेश की ताजा खबरों से छात्रों को रूबरू करवाने के लिए देश, विदेश, आर्थिक, खेल जगत की खबरें पढ़ी जाती हैं। इस दौरान देश दुनिया की खबरों पर चर्चा होती है। ग्रुप डिस्कशन होता है। यह एक्टिविटी बच्चों को देश का अच्छा नागरिक बनाने में काफी मददगार भी साबित होती है। स्कूली छात्रों को किताबी ज्ञान हासिल करने के अलावा अपने आसपास, राज्य और देश विदेश में घट रही घटनाओं के बारे में भी पता होना चाहिए। यह आदत उन्हें एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाती है। ऐसे में आइए जानते हैं आज यानी कि 12 दिसंबर 2025 को देश दुनिया की बड़ी खबरें क्या हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

यहां जानें स्कूल असेंबली के लिए 12 दिसंबर की समाचार सुर्खियां-

राष्ट्रीय खबरें

इंडिगो संकट से प्रभावित यात्रियों को यातना पर हर्जाना मिलेगा

विमानन कंपनी इंडिगो उड़ानें रद्द होने के कारण प्रभावित यात्रियों को हर्जाने के तौर पर 10 हजार रुपये का यात्रा वाउचर देगी। यह वाउचर तीन से पांच दिसंबर के दौरान उड़ानें रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को दिया जाएगा। इसका इस्तेमाल अगले 12 महीने में किया जा सकेगा।

थाईलैंड में दबोचे अग्निकांड के आरोपी लूथरा बंधु भारत लाए जाएंगे

गोवा के नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत के बाद भारत से भागे क्लब मालिकों सौरभ लूथरा और उसके भाई गौरव लूथरा को थाईलैंड पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इन्हें भारत वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पांच राज्यों में एसआईआर की तिथि बढ़ी

चुनाव आयोग ने गुरुवार को पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की समय सीमा बढ़ा दी। आयोग ने यूपी, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, तमिलनाडु, अंडमान निकोबार के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया।

टैरिफ पर तनातनी के बीच मोदी-ट्रंप में वार्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच गुरुवार को फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की। साथ ही सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर संतोष जताया।

जान गंवाने वाले डॉक्टरों के परिवार को मिले बीमा लाभ

कोरोना के दौरान ड्यूटी करते हुए जान गंवाने वाले निजी अस्पतालों के डॉक्टर के परिवार भी पीएम गरीब कल्याण योजना के तहत बीमा कवरेज का लाभ पाने के हकदार हैं। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को एक मामले की सुनवाई के दौरान यह महत्वपूर्ण फैसला सुनाया।

आतंकी फंडिंग से जुड़े मामले में 40 स्थानों पर छापे

आईएसआईएस के एक कट्टरपंथी मॉड्यूल के खिलाफ आतंकवाद वित्तपोषण से जुड़े धनशोधन मामले में ईडी ने 40 स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई महाराष्ट्र, दिल्ली, कोलकाता और यूपी में की गई।

वाराणसी में देश की पहली हाइड्रोजन वाटर टैक्सी शुरू

जल परिवहन को नए आयाम देते हुए वाराणसी से देश का पहला स्वदेशी हाइड्रोजनचालित जलयान (हाइड्रोजन फ्यूल सेल वेसल) रवाना हुआ। नमो घाट पर केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने जलयान को हरी झंडी दिखाई।

बहराइच बवाल में एक को मृत्युदंड, नौ को उम्रकैद

यूपी के महाराजगंज कस्बे में 13 अक्तूबर 2024 को दुर्गा प्रतिमा विर्सजन जुलूस में बवाल और हिंसा में युवक राम गोपाल मिश्र की हत्या में सरफराज उर्फ रिंकू को मौत की सजा सुनाई गई है। नौ अन्य दोषियों को आजीवन कारावास की सजा हुई है।

आर्थिक जगत

बैंक अपनी मर्जी से ऋण सीमा नहीं बढ़ा सकेंगे

बैंक और लोन ऐप अब अपनी मर्जी से ऋण सीमा को नहीं बढ़ा सकेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक ने स्पष्ट किया कि ग्राहक की लिखित मंजूरी के बाद ही ऋण सीमा को बढ़ाया जा सकता है।

एनपीएस को सोना-चांदी ईटीएफ में निवेश करने की अनुमति मिली

पीएफआरडीए ने एनपीएस, यूपीएस और अटल पेंशन योजना के निवेश नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए उन्हें सोना-चांदी ईटीएफ के अलावा निफ्टी 250 सूचकांक और वैकल्पिक निवेश कोषों में निवेश की अनुमति दी है। यह कदम पेंशन फंड्स को पोर्टफोलियो में विविधता लाने के अधिक वैध विकल्प देने के उद्देश्य से उठाया गया है।

कर्ज लेने वाले ग्राहकों की एफडी या बचत ब्लॉक न करें

आरबीआई के नए नियमों के तहत बैंक कर्ज को किसी सावधि जमा यानी एफडी, बचत खाते या सुरक्षा योजना से लिंक नहीं कर सकते।

अंतर्राष्ट्रीय समाचार

आईएसआई के पूर्व प्रमुख फैज को 14 साल की कैद

पाकिस्तानी सैन्य अदालत ने गुरुवार को पूर्व आईएसआई चीफ फैज हमीद को सैन्य कानूनों का उल्लंघन करने पर 14 साल के कैद की सजा सुनाई। यह जानकारी पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने दी।

बांग्लादेश में आम चुनाव घोषित, सियासत तेज

बांग्लादेश में गुरुवार को आम चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया गया। 12 फरवरी 2026 को मतदान होगा और इसी दिन ऐतिहासिक लोकतांत्रिक सुधार चार्टर पर जनमत संग्रह भी कराया जाएगा।

म्यांमार साइबर गुलामी का अड्डा बना : सीबीआई

सीबीआई ने डिजिटल अरेस्ट के 13 आरोपियों के खिलाफ विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है। इसमें सीबीआई ने बताया है कि म्यांमार साइबर गुलामी का बड़ा अड्डा बनता जा रहा है। दक्षिणपूर्वी एशियाई देशों से भी साइबर ठगी गिरोह चलाने की बात सामने आई है।

ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लागू

ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। अब उम्र और सेल्फी सत्यापन के बाद ही सोशल मीडिया चला सकेंगे।

खेल समाचार

भारत को घर में मिली सबसे बड़ी हार

पहले मुकाबले में खाता नहीं खोल पाने वाले क्विंटन डिकॉक ने गुरुवार को भारतीय गेंदबाजों के ऐसे छक्के छुड़ाए कि भारत घर में सबसे बड़ी हार झेलने को मजबूर हो गया। दक्षिण अफ्रीका ने मेजबानों को 51 रन से हरा दिया। घर में रनों के लिहाज से भारत सबसे बड़े अंतर से हारा। इससे पहले द. अफ्रीका ने ही 2022 में इंदौर में भारत को 49 रनों से हराया था।

अंडर-19 एशिया कप में सूर्यवंशी पर नजरें

वैभव सूर्यवंशी आज शुक्रवार से शुरू होने वाले वनडे अंडर-19 एशिया कप में आकर्षण का केंद्र होंगे। आयु म्हात्रे की अगुआई वाली भारतीय टीम आज अपने अभियान का आगाज यूएई के खिलाफ करेगी।

मिच के पचासे से न्यूजीलैंड को बढ़त, विंडीज मुश्किल में

मिच हे (61) ने अपने पहले ही टेस्ट में अर्धशतकीय पारी खेली। साथ ही डेरिल मिचेल (25) के साथ पांचवें विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी निभाई की। इसे न्यूजीलैंड की टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे के दूसरे दिन गुरुवार को अपनी पहली पारी में में 278 रन बनाकर 73 रन की अहम बढ़त भी हासिल की।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay
पंकज विजय लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर हैं। यहां वह करियर, एजुकेशन, जॉब्स से जुड़ी खबरें देखते हैं। पंकज को पत्रकारिता में डेढ़ दशक से ज्यादा का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने एनडीटीवी डिजिटल, आजतक डिजिटल, अमर उजाला समाचार पत्र में काम किया। करियर-एजुकेशन-जॉब्स के अलावा वह विभिन्न संस्थानों में देश-विदेश, राजनीति, रिसर्च व धर्म से जुड़ी बीट पर भी काम कर चुके हैं। भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा व डीयू से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।